देश

ऑनलाइन सट्टेबाजी केस में ED की बड़ी कार्रवाई, यूट्यूबर अनुराग द्विवेदी की लग्जरी गाड़ियां जब्त

कार्रवाई के दौरान मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम कानून (PMLA), 2002 के तहत अनुराग द्विवेदी की दो महंगी गाड़ियां लैंड रोवर डिफेंडर और BMW Z4 जब्त की गईं। इसके अलावा कई अहम दस्तावेज और डिजिटल डिवाइस भी कब्जे में लिए गए हैं।

Image

ईडी की कार्रवाई।

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए यूट्यूबर और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर अनुराग द्विवेदी से जुड़ी लग्जरी गाड़ियां जब्त की हैं। ED की कोलकाता जोनल ऑफिस ने 31 दिसंबर 2025 और 1 जनवरी 2026 को दिल्ली, मुंबई, सूरत, लखनऊ और वाराणसी में कुल नौ ठिकानों पर छापेमारी की।

कार्रवाई के दौरान मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम कानून (PMLA), 2002 के तहत अनुराग द्विवेदी की दो महंगी गाड़ियां लैंड रोवर डिफेंडर और BMW Z4 जब्त की गईं। इसके अलावा कई अहम दस्तावेज और डिजिटल डिवाइस भी कब्जे में लिए गए हैं।

इससे पहले 17 दिसंबर 2025 को भी ED ने लखनऊ, उन्नाव और दिल्ली में अनुराग द्विवेदी से जुड़े 10 ठिकानों पर छापेमारी की थी। उस दौरान लैम्बॉर्गिनी उरुस, मर्सिडीज, फोर्ड एंडेवर और थार समेत चार लग्जरी गाड़ियां जब्त की गई थीं। साथ ही करीब 20 लाख रुपये नकद, दस्तावेज और डिजिटल डिवाइस बरामद हुए थे।

जांच में सामने आया है कि अनुराग द्विवेदी ने हवाला के जरिए दुबई में रियल एस्टेट में निवेश किया। इसके अलावा लगभग तीन करोड़ रुपये की चल संपत्ति-जिसमें इंश्योरेंस पॉलिसी, फिक्स्ड डिपॉजिट और बैंक बैलेंस शामिल हैं, को PMLA की धारा 17(1A) के तहत फ्रीज किया गया है।

ED ने यह जांच पश्चिम बंगाल पुलिस की FIR के आधार पर शुरू की थी। जांच में खुलासा हुआ कि सिलिगुड़ी के सोनू कुमार ठाकुर और विशाल भारद्वाज ऑनलाइन सट्टेबाजी का पैनल चला रहे थे, जिसमें फर्जी बैंक खातों (म्यूल अकाउंट्स) और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स का इस्तेमाल किया जा रहा था।

एजेंसी के अनुसार, अनुराग द्विवेदी ने अवैध सट्टेबाजी ऐप्स का खुलेआम प्रचार किया और बदले में हवाला व म्यूल अकाउंट्स के जरिए अपराध की कमाई हासिल की। इसी धन से दुबई में संपत्तियां खरीदी गईं। ED का कहना है कि अनुराग द्विवेदी फिलहाल दुबई में रह रहा है और कई समन के बावजूद जांच में सहयोग नहीं कर रहा है।

इस मामले में अब तक ED तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है और 1 अगस्त 2025 को कोलकाता की विशेष PMLA अदालत में चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। जांच एजेंसी अब तक करीब 27 करोड़ रुपये की संपत्ति अटैच कर चुकी है।

Anuj Mishra
अनुज मिश्राauthor

अनुज मिश्रा भारत के अग्रणी क्राइम और इन्वेस्टिगेटिव पत्रकारों में से एक हैं। वह वर्तमान में टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज़ एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। पिछले करीब दो दशकों से अनुज मिश्रा ने अपराध, आंतरिक सुरक्षा और संगठित अपराध से जुड़े मामलों की गहन रिपोर्टिंग और संपादकीय नेतृत्व किया है। उन्होंने सीबीआई, ईडी, आयकर विभाग, एनआईए और खुफिया एजेंसियों से संबंधित बड़ी और संवेदनशील खबरों को नज़दीकी से कवर किया है। अनुज मिश्रा की सबसे बड़ी ताक़त उनकी ग्राउंड रिपोर्टिंग है। हर बड़ी और अहम खबर में वह ग्राउंड ज़ीरो पर मौजूद रहकर घटनाओं की प्रत्यक्ष कवरेज करते रहे हैं। यही कारण है कि उनकी रिपोर्टिंग में जमीनी सच्चाई और तथ्य हमेशा साफ़ झलकते हैं। टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ने से पहले अनुज मिश्रा देश के कई बड़े टेलीविज़न न्यूज़ चैनलों के साथ काम कर चुके हैं, जहां उन्होंने अपनी पत्रकारिता और एडिटोरियल स्किल्स से अलग पहचान बनाई। अनुज ने न केवल देश-विदेश की बड़ी खबरों को जनता तक पहुँचाया है, बल्कि उत्तर प्रदेश की राजनीति और सत्ता गलियारों से जुड़े घटनाक्रमों पर भी पैनी नज़र रखी है। उनकी पत्रकारिता शैली तथ्यपरक, इन्वेस्टिगेटिव और जमीनी हकीकत पर आधारित मानी जाती है। उन्होंने आतंकवाद, संगठित अपराध, ड्रग्स सिंडिकेट, हाई-प्रोफाइल जांच और सियासी घटनाक्रमों पर कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स की हैं, जिन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है।

और पढ़ें
End of Article