Hemant Soren News: जमीन घोटाले में मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों का सामना कर रहे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी की आशंका गहराने लगी है। दरअसल, झारखंड में मुख्यमंत्री आवास, राजभवन और केंद्र सरकार के सभी कार्यालयों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है, जब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की एक टीम धनशोधन से जुड़े एक मामले की जांच के सिलसिले में सोमवार को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के दिल्ली स्थित आवास पर पहुंची है।
झारखंड के अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) अविनाश कुमार ने बताया कि हमने यह सुनिश्चित किया है कि यहां कानून एवं व्यवस्था की स्थिति बनी रहे। हमने राजभवन, ईडी कार्यालय, केंद्र सरकार के कार्यालयों, मुख्यमंत्री आवास जैसे प्रमुख प्रतिष्ठानों सहित राज्य की राजधानी में सुरक्षा बढ़ा दी है ताकि वहां भीड़ के कारण होने वाली किसी भी समस्या से बचा जा सके। इसके अलावा महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों के लिए निषेधाज्ञा लागू है। हम मौजूदा स्थिति के मद्देनजर पर्याप्त सावधानी बरत रहे हैं।
हर जगह 1000 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात
अधिकारियों के मुताबिक, मौजूदा हालात में किसी भी घटना की स्थिति में कानून-व्यवस्था पर नजर रखने के निर्देश जारी किए गए हैं। रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि झामुमो कार्यकर्ताओं के प्रस्तावित विरोध को देखते हुए शहर के 30 रणनीतिक स्थानों पर 1000 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। रांची के उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने कहा कि यातायात परिचालन प्रभावित न हो, इसके लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गयी है।
सीएम सोरेन के सभी कार्यक्रम रद्द
बता दें, झारखंड में सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन 27 जनवरी की रात को राष्ट्रीय राजधानी के लिए रवाना हो गए थे, जबकि यहां रांची में सोमवार के निर्धारित सरकारी कार्यक्रम बिना किसी स्पष्टीकरण के रद्द कर दिए गए हैं। सोरेन को 29 जनवरी को चाईबासा में, 30 जनवरी को पलामू में और 31 जनवरी को गिरिडीह में कार्यक्रम में मौजूद रहना था। इस बीच, राज्य के कुछ शीर्ष अधिकारियों ने कहा, यहां अभूतपूर्व स्थिति पैदा हो गई है। मुख्यमंत्री कहां हैं, यह किसी को नहीं मालूम। एक अधिकारी ने कहा, मुख्यमंत्री की दिल्ली जाने की कोई योजना नहीं थी। ईडी द्वारा नया समन जारी होने के बाद अचानक यह योजना बनाई गई। सोरेन को पहले से तय कार्यक्रम के मुताबिक 29 जनवरी को चाईबासा में, 30 जनवरी को पलामू में और 31 जनवरी को गिरिडीह में एक कार्यक्रम में मौजूद रहना था। एक सूत्र ने कहा था कि सोरेन कानूनी परामर्श के लिए दिल्ली गए थे। हालांकि, मुख्यमंत्री कार्यालय से इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।
