देश

2296 करोड़ के बैंक घोटाले में ED का बड़ी कार्रवाई, 69.84 करोड़ रुपये की संपत्ति की अटैच

ED Raid: बैंक घोटाले के एक बड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की मुम्बई यूनिट ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई की है। ईडी ने महाराष्ट्र के अलग-अलग इलाकों में स्थित फ्लैट और प्लॉट समेत 69.84 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क किया है।

Image

प्रवर्तन निदेशालय की बड़ी कार्रवाई

ED Raid: प्रवर्तन निदेशालय के मुंबई जोनल ऑफिस ने मनी लॉन्ड्रिंग कानून (PMLA) के तहत महाराष्ट्र के अलग-अलग इलाकों में स्थित फ्लैट और प्लॉट समेत 69.84 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क किया है। यह मामला एम/एस पारेख एल्युमिनेक्स लिमिटेड (PAL) से जुड़े बैंक फ्रॉड से जुड़ा है।

ED के मुताबिक, ये संपत्तियां कमलेश कनुंगो, उनके परिवार के सदस्यों और उनकी ओर से नियंत्रित कंपनियों के नाम पर हैं। जांच की शुरुआत, CBI की आर्थिक अपराध शाखा (EOB), मुंबई द्वारा दर्ज FIR के आधार पर हुई थी। इस केस में PAL, इसके प्रमोटर स्वर्गीय अमिताभ अरुण पारेख, कमलेश कनुंगो और अन्य लोगों पर धोखाधड़ी और भ्रष्टाचार के आरोप हैं।

कैसे हुआ घोटाला?

जांच में सामने आया है कि PAL ने बैंकों के कंसोर्टियम से फर्जी और बढ़ा-चढ़ाकर दिखाए गए स्टॉक व देनदारों के दस्तावेज देकर भारी-भरकम लोन लिया। बाद में ये लोन खाते करीब 2296 करोड़ रुपये की राशि के साथ NPA घोषित हो गए। इससे इंडियन ओवरसीज बैंक के नेतृत्व वाले 17 बैंकों को भारी नुकसान हुआ।

ईडी का कहना है कि इस घोटाले से जुड़े पैसों का सबसे बड़ा फायदा कमलेश कनुंगो को मिला। उन्होंने करीब 1270 करोड़ रुपये की अवैध कमाई (Proceeds of Crime) का इस्तेमाल किया, जो कुल घोटाले की रकम का बड़ा हिस्सा है।

पहले भी हो चुकी है कुर्की

इससे पहले ईडी इस मामले में करीब 205 करोड़ रुपये की संपत्तियां कुर्क कर चुकी है और 2020 में मुंबई की विशेष PMLA कोर्ट में अभियोजन शिकायत भी दाखिल की गई थी, जिस पर कोर्ट ने संज्ञान ले लिया है।

जांच में यह भी सामने आया कि कनुंगो ने कीर्ति केडिया से जुड़ी 5 कंपनियों को अपने नियंत्रण में लेकर करीब 355 करोड़ रुपये की अवैध रकम का फायदा उठाया। इस मामले में 20 जून 2025 को भी 218 करोड़ रुपये की संपत्तियों को अटैच किया गया था।

अब तक कितनी संपत्ति की अटैच

इस कार्रवाई के बाद अब तक ED ने कमलेश कनुंगो, उनकी पत्नी डिंपल कनुंगो और उनसे जुड़ी कंपनियों की कुल 493 करोड़ रुपये की संपत्तियां कुर्क कर ली हैं। यह पूरी कार्रवाई 2296 करोड़ रुपये के कुल घोटाले की रकम की वसूली के तहत की जा रही है। ED ने साफ किया है कि मामले की जांच अभी जारी है और आगे और भी कार्रवाई हो सकती है।

Anuj Mishra
अनुज मिश्राauthor

अनुज मिश्रा भारत के अग्रणी क्राइम और इन्वेस्टिगेटिव पत्रकारों में से एक हैं। वह वर्तमान में टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज़ एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। पिछले करीब दो दशकों से अनुज मिश्रा ने अपराध, आंतरिक सुरक्षा और संगठित अपराध से जुड़े मामलों की गहन रिपोर्टिंग और संपादकीय नेतृत्व किया है। उन्होंने सीबीआई, ईडी, आयकर विभाग, एनआईए और खुफिया एजेंसियों से संबंधित बड़ी और संवेदनशील खबरों को नज़दीकी से कवर किया है। अनुज मिश्रा की सबसे बड़ी ताक़त उनकी ग्राउंड रिपोर्टिंग है। हर बड़ी और अहम खबर में वह ग्राउंड ज़ीरो पर मौजूद रहकर घटनाओं की प्रत्यक्ष कवरेज करते रहे हैं। यही कारण है कि उनकी रिपोर्टिंग में जमीनी सच्चाई और तथ्य हमेशा साफ़ झलकते हैं। टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ने से पहले अनुज मिश्रा देश के कई बड़े टेलीविज़न न्यूज़ चैनलों के साथ काम कर चुके हैं, जहां उन्होंने अपनी पत्रकारिता और एडिटोरियल स्किल्स से अलग पहचान बनाई। अनुज ने न केवल देश-विदेश की बड़ी खबरों को जनता तक पहुँचाया है, बल्कि उत्तर प्रदेश की राजनीति और सत्ता गलियारों से जुड़े घटनाक्रमों पर भी पैनी नज़र रखी है। उनकी पत्रकारिता शैली तथ्यपरक, इन्वेस्टिगेटिव और जमीनी हकीकत पर आधारित मानी जाती है। उन्होंने आतंकवाद, संगठित अपराध, ड्रग्स सिंडिकेट, हाई-प्रोफाइल जांच और सियासी घटनाक्रमों पर कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स की हैं, जिन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है।

और पढ़ें
End of Article