Earthquake News: देश में कई जगह भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। भूकंपीय अनुसंधान संस्थान (ISR) ने बताया कि रविवार दोपहर गुजरात के कच्छ जिले में 3.1 तीव्रता का भूकंप आया। ISR ने अपनी नवीनतम रिपोर्ट में बताया कि भूकंप दोपहर 12:41 बजे दर्ज किया गया और इसका केंद्र भचाऊ से लगभग 12 किलोमीटर उत्तर-पूर्व (NNE) में था।
ISR के अपडेट में बताया गया है कि इससे पहले सुबह लगभग 6:41 बजे इसी जिले में 2.6 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसका केंद्र धोलावीरा से 24 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व (ESE) में स्थित था।
नियमित रूप से भूकंप वाला क्षेत्र
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ने बताया कि जान-माल के किसी नुकसान की खबर नहीं है। बता दें कि कच्छ जिला 'अत्यधिक जोखिम' वाले भूकंपीय क्षेत्र में स्थित है, जहां कम तीव्रता के भूकंप नियमित रूप से आते रहते हैं।
सबसे खतरनाक भूकंप
कच्छ में 2001 का भूकंप पिछली दो शताब्दियों में भारत का तीसरा सबसे बड़ा और दूसरा सबसे विनाशकारी भूकंप था। बड़ी संख्या में तब कस्बे और गांव लगभग पूर्णतः नष्ट हो गए थे और लगभग 13,800 लोग मारे गए और 1.67 लाख घायल हो गए।
मेघालय में भूकंप के झटके महसूस किए गए
बांग्लादेश में रविवार को चार तीव्रता का भूकंप आने के बाद इसके झटके मेघालय में भी महसूस किए गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि बांग्लादेश से लगती मेघालय की सीमा के पास भारतीय समयानुसार पूर्वाह्न 11.49 बजे भूकंप महसूस किया गया।उन्होंने कहा कि मेघालय में किसी भी तरह के नुकसान या किसी के हताहत होने की तत्काल कोई खबर नहीं है।
