देश

फिर कांपी Delhi! महसूस किए गए भूकंप के झटके, 2.5 रिक्टर स्केल रही तीव्रता

  • Edited by: अभिषेक गुप्ता
  • Updated Nov 29, 2022, 10:45 PM IST

Earthquake in Delhi: वैसे, दिल्ली से पहले इस महीने में महाराष्ट्र के पालघर और लातूर, उत्तर प्रदेश-हिमाचल प्रदेश व उत्तराखंड के कई हिस्सों में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे।

Earthquake in Delhi: दिल्ली एक बार फिर से भूंकप के झटकों से कांप गई। मंगलवार (29 नवंबर, 2022) रात साढ़े नौ बजे शहर में ये झटके महसूस किए गए। यह जानकारी देते हुए नेशनल सेंटर फॉर सेस्मोलॉजी ने आगे बताया कि 2.5 तीव्रता के भूकंप के झटके नई दिल्ली से आठ किलोमीटर पश्चिम में महसूस किए गए। भूकंप की गहराई जमीन से पांच किलोमीटर नीचे थी। हालांकि, अच्छी बात यह रही कि इन झटकों के चलते फिलहाल किसी प्रकार के नुकसान की खबर नहीं है।

चूंकि, भूकंप की तीव्रता कम थी, लिहाजा जब झटके आए थे तो कुछ लोग तो समझ ही नहीं पाए कि यह असल में भूकंप था। सोशल मीडिया पर जब इस बारे में खबर मिली वे आश्चर्य जताने लगे। माइक्रो ब्लॉगिंग मंच टि्वटर पर @AnshGirdhar7 के हैंडल से कहा गया- मैंने ये झटके महसूस किए थे। पर मेरी फैमिली को मेरी बात पर यकीन न हुआ था।

@Leonotcaprio के हैंडल से कहा गया, "इतना सा भूकंप का झटका तो इधर हर कुछ देर में घर के बगल वाली रोड से ट्रक लोड होकर जाने पर आ जाता है।" @Punn_dit नाम के अकाउंट से कहा गया कि उन्हें तो इस बारे में नहीं पता चला। वहीं, @bishal_pujari ने लिखा- महसूस नहीं हुआ। हल्के झटकों की सख्या अब बढ़ती जा रही है...भगवान बचाना।

वैसे, दिल्ली से पहले इस महीने में महाराष्ट्र के पालघर और लातूर, उत्तर प्रदेश-हिमाचल प्रदेश व उत्तराखंड के कई हिस्सों में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। खासकर दिल्ली की बात करें तो 12 नवंबर, 2022 को दिल्ली एनसीआर में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। ये झटका 5.4 तीव्रता का था और इसका केंद्र नेपाल में था जो उत्तराखंड में जोशीमठ से 212 किलोमीटर दूर था।

भूकंप का झटका शाम सात बजकर 57 मिनट पर महसूस किया गया। इससे तीन दिन पहले भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे जिसका केंद्र नेपाल में था। वहीं, पड़ोसी देश में इस भूकंप की वजह से छह लोगों की मौत हो गई थी। नेपाल में एक सप्ताह में तीसरी बार भूकंप आया था।

अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ताauthor

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" में लगभग आठ साल का अनुभव. न्यूज, सिनेमा, बाइक्स और घूमने में दिलचस्पी.

और पढ़ें
End of Article