पतंजलि आयुर्वेद के संस्थापक और योग गुरु बाबा रामदेव का दावा है कि मौजूदा समय में ड्रग्स हर तरफ फैल चुका है। बॉलीवुड इंडस्ट्री हो या पॉलिटिक्स...चारों ओर यह अपने पैर पसार चुका है।
उन्होंने आरोप लगाया है कि बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान ड्रग्स लेते हैं। मशहूर एक्टर शाहरुख खान का बेटा ड्रग्स पार्टी के चलते जेल गया, जबकि अभिनेता आमिर खान लेते हैं या नहीं? यह पता नहीं। ये बातें उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में तीन दिन चलने वाले आर्यवीर सम्मलेन के दौरान कहीं।
उनके मुताबिक, "शाहरुख खान का बेटा ड्रग्स ले रहा था। सलमान खान भी ड्रग्स लेता है। आमिर खान का पता नहीं...न जाने कितने लेते हैं। जिनको फिल्म स्टार कहते हैं और अभिनेत्रियों का तो भगवान ही मालिक है।"
बकौल योग गुरु, "चारों ओर ड्रग्स है। उद्योग में, फिल्म इंडस्ट्री में, बॉलीवुड और पॉलिटिक्स में ड्रग्स।" उनके मुताबिक, इस्लाम में शराब हराम है, इसलिए ये लोग अब बीड़ी सिगरेट पी रहे हैं। वहां कहते हैं कि कोई शराब पी ले तो वह नापाक हो गया। पर जिन्ना दारू पीता था। वह मर गया। इस्लाम में शराब को लेकर सख्ती है।
उन्होंने यह भी दावा किया कि आज पूरे देश में अगर कोई पवित्र समाज है तो वह आर्य समाज है, जिसे मानने वाले किसी भी प्रकार का नशा नहीं करते हैं।कार्यक्रम में उन्होंने नशामुक्त भारत बनाने की अपील की। आगे बोले- शराब पीने वालों को इस्लाम में नापाक कहा जाता है। ऐसे में आप लोग तो ऋषियों के वंश से आते हैं। शराब, ड्रग्स, सिगरेट जैसे नशे आप क्यों नहीं छोड़ सकते हैं।
