Naseeruddin Shah : अभिनेता नसीरुद्दीन शाह एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर हमलावर हुए हैं। शाह ने शनिवार को भाजपा पर धांधली के जरिए बंगाल चुनाव जीतने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि बीजेपी उन सभी लोगों से बदला लेने पर उतारू है, जो उसकी विचारधारा और नीतियों से सहमत नहीं हैं। उन्होंने कहा कि इस कथित प्रतिशोध के ताजा शिकार सत्यजीत रे फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (SRFTI) के छात्र और फिल्म निर्माता बनने की आकांक्षा रखने वाले युवा हैं। नसीरुद्दीन ने कहा कि 'भाजपा एक झूठी पार्टी है।' एक्टर के इस बयान पर भाजपा पलटवार कर सकती है।
छात्रों से हॉस्टल खाली करने को कहा गया-नसीरुद्दीन
अभिनेता ने कहा, 'संस्थान के प्रशासन से जवाबदेही की मांग करने के बदले छात्रों को कारण बताओ नोटिस थमाए गए, उन पर निगरानी रखी गई, उन्हें धमकियां दी गईं और अब उन्हें हॉस्टल खाली करने के लिए भी कहा गया है।' उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी अपने पक्ष में बेशर्मी से किए जा रहे प्रचार को बढ़ावा देने तक ही सीमित नहीं है, बल्कि अब वह लोगों का ब्रेनवॉश करने या उन्हें डराने की कोशिश भी कर रही है।
मुंबई में दिपके से मिले नसीरुद्दीन
अभिनेता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करने वाली कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का समर्थन करते आए हैं। बीते दो अक्टूबर को उन्होंने मुंबई में CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके से मुलाकात की। नसीरुद्दीन मुंबई के दादर स्थित शिवाजी पार्क पहुंचे, जहां CJP की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन किया जा रहा था। एक्टर की इस मौजूदगी ने प्रदर्शन के दौरान सबका ध्यान खींचा।
एक्टर ने दिपके के काम की तारीफ की
अभिजीत के काम की तारीफ करते हुए नसीरुद्दीन शाह ने युवाओं को देश से जुड़े मुद्दों पर आवाज उठाने के लिए प्रेरित करने पर उनका शुक्रिया अदा किया। वीडियो में एक्टर कहते सुनाई देते हैं, 'मैं तुम्हें शुक्रिया कहना चाहता हूं।' नसीरुद्दीन शाह की बात सुनकर अभिजीत भी भावुक हो गए। उन्होंने कहा, 'मैं आपका बहुत बड़ा फैन हूं, सर। मुझे बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि आप यहां आएंगे। यह मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान है। यह मेरे लिए सपने जैसा पल है।'
