देश

चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल: सुप्रीम कोर्ट में जनहित याचिका दाखिल, पूर्व CJI की अध्यक्षता में समिति बनाने की मांग

देश की निर्वाचन व्यवस्था की पारदर्शिता और निष्पक्षता को लेकर सुप्रीम कोर्ट में एक नई जनहित याचिका (PIL) दायर की गई है।

Image

सुप्रीम कोर्ट (फाइल फोटो- PTI)

हाल में SIR और चुनाव में निष्पक्षता को लेकर चुनाव आयोग सवालों के घेरे में है। विपक्ष से लेकर कई सिविल सोसाइटी तक चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं। अब इस मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट याचिका दाखिल की गई है। इस याचिका में भारत निर्वाचन आयोग (ECI) की कार्यप्रणाली में कथित संस्थागत कमियों की जांच के लिए भारत के किसी पूर्व मुख्य न्यायाधीश (CJI) या उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश की अध्यक्षता में एक स्वतंत्र विशेषज्ञ समिति के गठन की मांग की गई है।

अधिवक्ता विशाल तिवारी ने दाखिल की याचिका

यह जनहित याचिका अधिवक्ता विशाल तिवारी द्वारा सुप्रीम कोर्ट में दायर की गई है। याचिका में तर्क दिया गया है कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली में सुधार और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं की साख को बनाए रखने के लिए एक निष्पक्ष तथा स्वतंत्र विशेषज्ञ निकाय द्वारा इसकी कार्यशैली का पुनर्मूल्यांकन और गहन विश्लेषण किया जाना आवश्यक है।

चुनाव प्रचार में धर्म और नफरती भाषणों के इस्तेमाल पर रोक की मांग

संस्थागत जांच के अलावा, याचिका में चुनाव आयोग को कड़े निर्देश देने की मांग भी की गई है। याचिकाकर्ता ने मांग की है कि चुनाव प्रचार के दौरान किसी भी उम्मीदवार या राजनीतिक दल द्वारा धार्मिक पहचान का आह्वान करने या धार्मिक प्रतीकों का प्रदर्शन करने पर पूरी तरह से रोक लगाई जाए।

चुनाव जीतने या ध्रुवीकरण के उद्देश्य से दिए जाने वाले सांप्रदायिक, सांप्रदायिक अपील और नफरती भाषणों पर चुनाव आयोग तुरंत और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करे।

चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन

अपनी कार्यप्रणाली को लेकर चुनाव आयोग और ज्ञानेश कुमार के खिलाफ देशभर में प्रदर्शनों का दौर चल रहा है। प्रदर्शनकारी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article