देश

मौनी अमावस्या और अगले 15–20 दिनों तक अयोध्या न आएं, चंपत राय ने लोगों से क्यों की ये अपील?

प्रयागराज में दिनांक 29 जनवरी को कुंभ में मौनी अमावस्या का मुख्य स्नान है। अनुमान है कि लगभग 10 करोड़ श्रद्धालु दिनांक 29 जनवरी को प्रयागराज में स्नान करेंगे।

Image

राम मंदिर

Photo : Twitter

Ayodhya Visit On Mauni Amavasya: श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ने लोगों से कल मौनी अमावस्या और आने वाले 15–20 दिनों तक अयोध्या न आने की अपील की है। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महामंत्री चम्पत राय ने इस संबंध में पत्र जारी कर लोगों से ये अपील की है। उन्होंने लोगों से अपील की कि 15-10 दिन के बाद अयोध्या में रामलला के दर्शन के लिए पहुंचे क्योंकि तब भीड़ भी कम हो जाएगी और मौसम भी अच्छा रहेगा। चंपत राय ने श्रद्धालुओं के नाम क्या संदेश दिया है पढ़ें।

आदरणीय भक्तजन,

जय श्री राम!

प्रयागराज में दिनांक 29 जनवरी को कुंभ में मौनी अमावस्या का मुख्य स्नान है। अनुमान है कि लगभग 10 करोड़ श्रद्धालु दिनांक 29 जनवरी को प्रयागराज में स्नान करेंगे। बहुत बड़ी संख्या में प्रयागराज से भक्तजन अयोध्या जी भी पहुंच रहे हैं। ट्रेन एवं सड़क दोनों प्रकार से भक्तजन प्रयाग से अयोध्या आ रहे हैं।

पिछले तीन दिनों से अयोध्या जी में श्रद्धालुओं की संख्या में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है। अयोध्या धाम की जनसंख्या एवं आकार को देखते हुए यह कहा जा सकता है कि इतनी अधिक संख्या में भक्तों को एक दिन में रामलला के दर्शन कराना बहुत कठिन है और इसी कारण भक्तों को परेशानी हो रही है। परिणाम स्वरूप किसी भी प्रकार की अनहोनी को रोकने के लिए आवश्यक हो गया है कि व्यवस्थाओं में उपयुक्त परिवर्तन किए जाएं। भक्तों को अधिक पैदल भी चलना पड़ रहा है।

हमारा यह निवेदन है कि पास-पड़ोस के भक्तजन 15-20 दिन के पश्चात दर्शन करने हेतु अयोध्या जी पधारें ताकि बहुत दूर से आने वाले भक्त अभी सुविधा से प्रभु के दर्शन कर सकें। इससे सभी को सुविधा होगी। वसंत पंचमी के बाद फरवरी मास में काफी राहत रहेगी और मौसम भी अच्छा हो जाएगा। आसपास के भक्त यदि तब का कार्यक्रम बनाएं तो श्रेष्ठ रहेगा। इस निवेदन पर अवश्य विचार करें।

सभी भक्तों के चरणों में प्रणाम

निवेदक

चम्पत राय

महामंत्री, श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article