देश

PM मोदी की तस्वीर साझा कर दिग्विजय सिंह ने मचाई हलचल, बीजेपी बोली- यह राहुल के नेतृत्व के खिलाफ खुला विरोध

कांग्रेस में फिलहाल सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। शशि थरूर के बाद अब देश की सबसे पुरानी पार्टी के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी और आरएसएस की तारीफ की है। जिसके बाद देश के राजनीतिक हलकों में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है।

Image

सुधांशु त्रिवेदी

कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक से ठीक पहले वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पुरानी तस्वीर साझा करने और आरएसएस-बीजेपी के संगठनात्मक ढांचे की तारीफ करने से सियासी हलचल तेज हो गई है। भाजपा ने इसे राहुल गांधी के नेतृत्व के खिलाफ 'खुला असंतोष'करार दिया है। बीजेपी ने दिग्विजय सिंह के बयान को कांग्रेस के अंदरूनी संकट से जोड़ते हुए तीखा हमला बोला। बीजेपी प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि हमारे नरेंद्र मोदी 'गुदड़ी के लाल' हैं,वो नीचे से ऊपर आए और पार्टी को भी ऊपर ले गए। जबकि कांग्रेस का नेतृत्व ऊपर से नीचे जा रहा है और पार्टी को उलट-पुलट कर रहा है।

संगठन की ताकत की तारीफ पर विवाद

दरअसल, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा नेता लाल कृष्ण आडवाणी की एक पुरानी तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि किस प्रकार आरएसएस का जमीनी स्वयं सेवक व जनसंघ और भाजपा का कार्यकर्ता नेताओं की चरणों में फर्श पर बैठकर प्रदेश का मुख्यमंत्री व देश का प्रधानमंत्री बना। यह संघटन की शक्ति है। जय सिया राम।'।

उनका यह बयान ऐसे समय आया जब कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक हो रही थी। सूत्रों के मुताबिक,दिग्विजय सिंह ने बैठक में कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और विकेंद्रीकरण की जरूरत पर जोर दिया। हालांकि,कुछ वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें मनरेगा के अलावा अन्य मुद्दे उठाने से रोका। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी उन्हें अन्य नेताओं की राय सुनने के लिए चर्चा सीमित रखने को कहा।

बाद में दी सफाई

बैठक के बाद दिग्विजय सिंह ने अपनी पोस्ट को लेकर सफाई भी दी। उन्होंने कहा कि उन्होंने केवल संगठन की ताकत की बात की थी,न कि बीजेपी या आरएसएस की तारीफ की।उन्होंने कहा कि मैं बीजेपी और आरएसएस का कट्टर विरोधी हूं। मेरी बात को गलत समझा गया। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि संगठन की तारीफ करना गलत नहीं है।

बीजेपी का कांग्रेस पर हमला

वही, भाजपा ने दिग्विजय सिंह के बयान को लेकर कांग्रेस पर हमला बोल दिया है। भाजपा ने कहा कि कांग्रेस में अंदरूनी संकट है। भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी पीएम नरेंद्र मोदी को गुदड़ी के लाल बताते हुए कहा कि वे नीचे से ऊपर आए और पार्टी को भी ऊपर ले गए। उन्होंने कहा कि ऐसा इसलिए है क्योंकि हमारे नरेंद्र मोदी 'गुड़ड़ी के लाल'हैं और उनके नेता 'जवाहरलाल के लाल'हैं। चूंकि हमारे नरेंद्र मोदी निचले स्तर से शीर्ष तक पहुंचे हैं,इसलिए वे पार्टी (भाजपा)को भी निचले स्तर से शीर्ष तक ले जा रहे हैं। चूंकि उनके नेता 'जवाहर के लाल' हैं,जो अब 'ऊपर से नीचे'हो चुके हैं, इसलिए वे अपनी पार्टी को भी उलट-पुलट कर रहे हैं।

वहीं,बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि दिग्विजय सिंह ने राहुल गांधी के खिलाफ खुला विरोध दर्ज कराया है और इससे साफ है कि कांग्रेस संगठन उनके नेतृत्व में कमजोर हुआ है।

कांग्रेस की चुप्पी

वहीं, इस पूरे विवाद पर कांग्रेस ने औपचारिक रूप से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। सीडब्ल्यूसी बैठक के बाद पार्टी नेताओं ने मीडिया के सवालों से भी दूरी बनाए रखी।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article