महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने केंद्रीय राजनीति में जाने की सभी अटकलों को खारिज कर दिया है। उन्होंने साफ कहा कि वह महाराष्ट्र में हैं और यहीं रहेंगे। उनके इस बयान के बाद केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने और शिक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी मिलने की चर्चाओं पर विराम लग गया है। फडणवीस ने कहा, "मैं कल दिल्ली से नागपुर आया, आज नागपुर में हूं और शाम को मुंबई जाऊंगा। मैं महाराष्ट्र में हूं और महाराष्ट्र में ही रहूंगा।"
पिछले कुछ दिनों से उनके दिल्ली दौरे के बाद यह अटकलें लगाई जा रही थीं कि उन्हें केंद्र सरकार में अहम जिम्मेदारी मिल सकती है। हालांकि, मुख्यमंत्री ने अपने बयान से स्पष्ट कर दिया कि फिलहाल वह महाराष्ट्र की जिम्मेदारी निभाते रहेंगे।
राज-उद्धव की रैली पर क्या बोले फडणवीस?
राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे की रैली पर प्रतिक्रिया देते हुए फडणवीस ने कहा कि उन्हें जश्न मनाने का कोई न कोई मौका मिल गया है और इसमें कोई बुराई नहीं है। उन्होंने कहा कि छात्रों का मुद्दा किसी एक राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि पूरे देश का विषय है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छात्रों के मुद्दों को लेकर बेहद संवेदनशील हैं और केंद्र सरकार परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।
'पेपर लीक पर आएगा सख्त कानून'
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार सोमवार को एक महत्वपूर्ण विधेयक लाने जा रही है, जिसमें पेपर लीक जैसे मामलों में कड़ी कार्रवाई का प्रावधान होगा। उन्होंने कहा कि सरकार परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता लाने और छात्रों के हितों की रक्षा के लिए सख्त कानून बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उद्धव ठाकरे के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए फडणवीस ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में ऐसे बयान कई बार दिए गए हैं, लेकिन उनका कोई असर नहीं हुआ।
उन्होंने कहा, "पूरे भारत की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ खड़ी है। रात एक बजे पोस्ट किया गया मोदीजी का एक वीडियो इंस्टाग्राम पर दुनिया के रिकॉर्ड तोड़ देता है। इससे साफ पता चलता है कि देश किसके साथ है।"
