महाराष्ट्र में सरकार गठन को लेकर प्रयास तेज दिख रहे हैं। शपथ ग्रहण की तैयारियों के बीच बीजेपी नेता और पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस, वर्तमान सीएम एकनाथ शिंदे के यहां पहुंचे। जहां दोनों के बीच करीब 35 मिनट की बंद कमरे में मीटिंग हुई। फडणवीस से पहले बीजेपी नेता गिरीश महाजन ने एकनाथ शिंदे से मुलाकात की थी। इसके बाद महाजन ने सागर बंगले पर फडणवीस से मुलाकात कर मीटिंग के बार में जानकारी दी, जिसके बाद फडणवीस खुद शिंदे से मिलने पहुंचे।
किन-किन मुद्दों पर हुई बात
सूत्रों के मुताबिक, दोनों के बीच पोर्टफोलियो डिस्ट्रीब्यूशन, शपथ समारोह और बाकी विषयों पर चर्चा हुई। फडणवीस की दिल्ली में पार्टी के शीर्ष नेताओं के साथ हुई बैठक के बाद ये फडणवीस और शिंदे की बीच की मुलाकात अहम मानी जा रही है। कहा जा रहा है कि शिंदे डिप्टी सीएम पद के लिए तैयार हैं, लेकिन गृहमंत्रालय और विधानसभा अध्यक्ष पद को लेकर पेंच फंसा दिख रहा है। यह मीटिंग इसी को लेकर बताई जा रही है।
सीएम के लिए आधिकारिक नाम की घोषणा नहीं
महाराष्ट्र में 20 नवंबर को हुए विधानसभा चुनावों में महायुति की भारी जीत हुई थी और नयी सरकार पांच दिसंबर को शपथ लेगी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता देवेंद्र फडणवीस को मुख्यमंत्री पद का प्रबल दावेदार माना जा रहा है लेकिन महायुति गठबंधन ने अभी तक किसी नाम की घोषणा नहीं की है। राज्य भाजपा विधायक दल की बैठक चार दिसंबर को होगी।
