देश

'सावरकर 2.0 बन गए स्टालिन...' परिसीमन बिल पर DMK ने किया समर्थन तो TVK ने कसा तंज, AI फोटो शेयर करते हुए क्या कहा?

Delimitation Bill: तमिलनाडु के सीएम विजय की पार्टी टीवीके ने परिसीमन बिल पर डीएमके के समर्थन को लेकर एमके स्टालिन पर तंज कसा है। टीवीके की आईटी विंग ने स्टालिन की मॉर्फ्ड तस्वीर शेयर की, जिसमें उन्हें RSS की वर्दी में दिखाया गया। इसके साथ उन्हें 'सावरकर 2.0' बताया गया। एक अन्य पोस्ट में स्टालिन और उदयनिधि को RSS सदस्य के रूप में शपथ लेते दिखाया गया।

Image

DMK के परिसीमन समर्थन पर विजय की पार्टी का पलटवार। TVK IT Wing Official AI IMAGE

Delimitation Bill: परिसीमन बिल को लेकर तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री और डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने सरकार का साथ दिया है। स्टालिन ने कहा है कि उनकी पार्टी उन मांगों को शामिल किए जाने के बाद नए परिसीमन बिल का समर्थन करती है, जिनके लिए डीएमके ने अप्रैल में पुराने बिल का विरोध किया था। उन्होंने इसे 2024 से पार्टी की ओर से किए जा रहे लगातार संघर्ष की जीत बताया है।

स्टालिन के समर्थन को लेकर विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) ने डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन पर निशाना साधा है। पार्टी की आईटी विंग ने स्टालिन की एक मॉर्फ्ड तस्वीर शेयर की, जिसमें उन्हें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की वर्दी में दिखाया गया है। इसके साथ कैप्शन दिया गया- 'Stalin, aka Savarkar 2.0'।

स्टालिन और उदयनिधि को आरएसएस सदस्य दिखाकर भी साधा निशाना

टीवीके की आईटी विंग ने एक अन्य एनिमेटेड पोस्ट भी साझा की। इसमें एमके स्टालिन और उनके बेटे उदयनिधि स्टालिन को RSS सदस्य के रूप में शपथ लेते हुए दिखाया गया। पोस्ट में तंज कसते हुए लिखा गया कि वे पूरी तरह 'संघी' हो गए हैं।

टीवीके ने डीएमके के इस फैसले पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि पार्टी ने परिसीमन के मुद्दे पर अपना रुख बदल लिया है। पार्टी पहले भी डीएमके से यह स्पष्ट करने की मांग कर चुकी थी कि उसके सांसद प्रस्तावित बिल के खिलाफ वोट करेंगे या नहीं।

डीएमके ने परिसीमन बिल का समर्थन क्यों किया?

डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने संशोधित परिसीमन प्रस्ताव को तमिलनाडु के लिए बड़ी जीत बताया है। उनका कहना है कि पार्टी ने 2024 से इस मुद्दे पर लगातार संघर्ष किया है और उसकी दो प्रमुख मांगों को नए प्रस्ताव में लिखित रूप से शामिल किया गया है।

डीएमके की पहली मांग है कि लोकसभा में तमिलनाडु की मौजूदा 7.18 फीसदी हिस्सेदारी सीटें बढ़ने के बाद भी बरकरार रहे। दूसरी मांग है कि राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का मौजूदा अनुपात 1971 की जनगणना के आधार पर अगले 25 साल तक सुरक्षित रखा जाए। संशोधित प्रस्ताव के तहत सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या 50 फीसदी बढ़ाने की बात है। डीएमके का दावा है कि इससे तमिलनाडु की हिस्सेदारी सुरक्षित रहेगी और राज्य को अतिरिक्त सीटें भी मिलेंगी।

डीएमके पर लगाया राजनीतिक रुख बदलने का आरोप

टीवीके ने एक अन्य पोस्ट में तमिल भाषा के शब्दों के जरिए भी डीएमके पर तंज कसा। पार्टी ने लिखा- 'Sanatanam alla... Son-dhanam...'। इसे डीएमके की राजनीतिक विचारधारा और परिवारवाद को लेकर कटाक्ष के तौर पर देखा जा रहा है। बताते चलें कि संसद के विशेष सत्र की बैठकें 30 नवंबर 2026 से शुरू होंगी, जिसमें लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से होगी।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article