देश

'फंसा दूंगी रेप केस में...', मोहजाल में बिजनेसमैन को उलझा यूं यूट्यूबर देने लगी थी धमकी, ठगे 80 लाख; गिरफ्तार

  • Edited by: अभिषेक गुप्ता
  • Updated Dec 6, 2022, 11:40 PM IST

उन पर एक प्राइवेट कंपनी के मालिक को अपने मोहजाल में फंसा कर कथित तौर पर 80 लाख रुपए से अधिक की उगाही करने और बलात्कार के मामले में फंसाने की धमकी देने का आरोप है। पुलिस ने आगे यह भी कहा कि कादिर का पति और सह-आरोपी मनीष उर्फ ​​विराट बेनीवाल फरार है, जबकि पुलिस का दस्ता उसे पकड़ने के लिए दबिश दे रहा है।

Image

यूट्यूबर नमरा कादिर दिल्ली के शालीमार बाग की रहने वाली हैं। (फोटोः यूट्यूब/@namraqadir7)

Photo : टाइम्स नाउ ब्यूरो

दिल्ली की एक यूट्यूबर को शहर के कारोबारी को रेप केस में फंसाने की धमकी देकर 80 लाख रुपए मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। मंगलवार (छह दिसंबर, 2022) को पुलिस ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि सोमवार (पांच नवंबर, 2022) को राष्ट्रीय राजधानी से उसे गिरफ्तार किया गया और ड्यूटी मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश करने के बाद चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के एक अफसर के मुताबिक, आरोपी की पहचान 22 साल की नमरा कादिर के रूप में हुई है। फिलहाल वीडियो शेयरिंग प्लेटफॉर्म यूट्यूब पर उसके छह लाख से अधिक सब्सक्राइबर्स हैं। उन पर एक प्राइवेट कंपनी के मालिक को अपने मोहजाल में फंसा कर कथित तौर पर 80 लाख रुपए से अधिक की उगाही करने और बलात्कार के मामले में फंसाने की धमकी देने का आरोप है।

पुलिस ने आगे यह भी कहा कि कादिर का पति और सह-आरोपी मनीष उर्फ विराट बेनीवाल फरार है, जबकि पुलिस का दस्ता उसे पकड़ने के लिए दबिश दे रहा है। गुरुग्राम (दिल्ली से सटे बीजेपी शासित हरियाणा में) पुलिस ने बताया कि बादशाहपुर निवासी दिनेश यादव (21) ने अगस्त में शिकायत दर्ज कराई थी, पर दंपति ने अंतरिम बेल के लिए कोर्ट का रुख किया था।

उन्होंने कहा कि उनकी अंतरिम जमानत रद्द होने के बाद ही 26 नवंबर को उनके खिलाफ सेक्टर-50 पुलिस थाने में एक एफआईआर दर्ज की गई थी। कादिर और बेनीवाल दिल्ली के शालीमार बाग के रहने वाले हैं।

सेक्टर-50 के थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार के अनुसार, “कादिर ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और कथित दबाव में पीड़ित से लिए गए पैसे और अन्य सामान की बरामदगी के लिए हमने उसे पुलिस रिमांड पर लिया है। उसके पति और सह-आरोपी मनीष उर्फ विराट बेनीवाल को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”

अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ताauthor

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" में लगभग आठ साल का अनुभव. न्यूज, सिनेमा, बाइक्स और घूमने में दिलचस्पी.

और पढ़ें
End of Article