Delhi Police Action PM Modi Posts: राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट (NEET) परीक्षा धांधली को लेकर हुए भारी छात्र प्रदर्शन और इस दौरान हुई हिंसा के बीच सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक व अमर्यादित भाषा के इस्तेमाल को लेकर दिल्ली पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, दिल्ली पुलिस की 'सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम' ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर प्रधानमंत्री को निशाना बनाकर की गई अभद्र पोस्ट्स और भड़काऊ वीडियोज के खिलाफ व्यापक अभियान शुरू किया है। पुलिस ने विभिन्न सोशल मीडिया कंपनियों को कानूनी नोटिस भेजकर ऐसे कंटेंट को तुरंत हटाने के निर्देश दिए हैं।
'सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम' की 24 घंटे पैनी नजर
पुलिस सूत्रों ने बताया कि जंतर-मंतर प्रदर्शन और 'चलो संसद' मार्च के दौरान सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों पर भ्रामक, गाली-गलौज वाली और भड़काऊ सामग्री अपलोड किए जाने की शिकायतें मिली थीं। जहां अब दिल्ली पुलिस की विशेष साइबर और सोशल मीडिया निगरानी टीम राउंड द क्लॉक डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की स्क्रूटनी कर रही है। जिन पोस्ट्स, वीडियो और टिप्पणियों में पीएम मोदी के लिए अशिष्ट व आपत्तिजनक भाषा पाई जा रही है, उन्हें चिन्हित किया जा रहा है।
आईटी एक्ट और कानून के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स (X, फेसबुक, यूट्यूब आदि) को नोटिस भेजकर उक्त कंटेंट को तत्काल प्रभाव से डिलीट या ब्लॉक करने को कहा गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हिंसा भड़काने, जन-व्यवस्था बिगाड़ने और फर्जी नैरेटिव फैलाने वाले सोशल मीडिया हैंडल के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया चल रही है।
उल्लेखनीय है कि नीट-यूजी (NEET-UG) पेपर लीक मामले में जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और छात्र संगठनों द्वारा शुरू किया गया विशाल आंदोलन केंद्र सरकार द्वारा प्रमुख मांगें स्वीकार किए जाने के बाद समाप्त हो गया था। जिसमें एक ये भी कि केंद्र सरकार ने दिल्ली पुलिस को निर्देश दिया है कि प्रदर्शनकारी छात्रों पर दर्ज की गई सभी एफआईआर को वापस लिया जाए।
