Delhi BMW Accident: दिल्ली के कैंट थाना क्षेत्र के धौलाकुआं इलाके में बीएमडब्ल्यू कार और बाइक की टक्कर में वित्त मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी की मौत हो गई है। उनकी पत्नी और कार चला रही महिला और उसका कारोबारी पति घायल हुए हैं जिनका इलाज चल रहा है।
इसी बीच दिल्ली पुलिस ने जानकारी दी है कि आरोपी गगनप्रीत को जीटीबी नगर स्थित न्यूलाइफ अस्पताल से हिरासत में लिया गया। आरोपी महिला कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और कार व बाइक जब्त कर ली है।
महिला चला रही थी BMW कार
प्रत्यदर्शियों ने पुलिस को बताया कि बीएमडब्ल्यू कार एक महिला चला रही थी, जिसने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक पर वित्त मंत्रालय में उप सचिव नवजोत सिंह अपनी पत्नी संदीप कौर के साथ जा रहे थे। हादसे के बाद दोनों घायल हो गए।
पुलिस ने घटनास्थल के सीटीटीवी कैमरों की जांच की। इससे पता चला कि कार सेंट्रल वर्ज से टकराने के बाद अनियंत्रित हो गई और बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने पर बाइक एक बस से टकरा गई।
दिल्ली पुलिस ने कहा कि धारा 281/125B/105/238 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच के दौरान एफएसएल टीम और अपराध टीम ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया है। दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों बीएमडब्ल्यू और मोटरसाइकिल की भी जांच हो रही है। पुलिस ने आगे बताया कि आरोपी महिला और उसके पति घोड़े के चमड़े की काठी, सीट, कवर, बेल्ट आदि बनाने का व्यवसाय करते हैं।
