देश

Telangana: बेटे को दफन कर रहे थे पिता तभी अचानक हुआ कुछ ऐसा...; जिंदा देख अचरज में पड़ गए लोग

Telangana: तेलंगाना के विकाराबाद जिले के एक मामले ने सभी को अचरज में डाल दिया। दरअसल, एक व्यक्ति का अपना बेटा समझकर पिता दफन करने जा ही रहे थे कि तभी अचानक से बेटा आ गया। इस वाकये को देखकर हर कोई हैरान था। इसके तत्काल बाद परिवार वालों ने जीआरपी को इसकी जानकारी दी।

Image

तेलंगाना मौत मामला

Photo : iStock

Telangana: तेलंगाना के विकाराबाद जिले से एक अजीबोगरीब वाकया सामने आया है। दरअसल, विकाराबाद जिले में अंतिम संस्कार से ठीक पहले परिजनों का पता चला कि उनका बेटा जिंदा है। जिसको देख सब अचरज में पड़ गए। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि यह घटना विकाराबाद जिले के नवंदगी गांव में हुई जहां 'मृतक' के परिजन उसे दफनाने की तैयारी कर रहे थे।

क्या है पूरा मामला?

पेशे से दिहाड़ी मजदूर पी. येलप्पा (40) के परिवार के सदस्यों को उसकी मौत के बारे में सूचित किया गया था। एक शव के साथ येलप्पा का मोबाइल फोन पाया गया था जिसके बाद येलप्पा को मृत मान लिया गया था। अधिकारी ने कहा कि जीआरपी कर्मियों को 22 जून की रात विकाराबाद रेलवे स्टेशन पर पटरियों पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला जिसका सिर कुचला हुआ था और पहचान से परे था।

शव के पास एक मोबाइल फोन मिला और पुलिस अधिकारियों ने उस फोन से परिवार के सदस्यों को फोन किया तो उन्होंने बताया कि यह येलप्पा का है। अधिकारी ने कहा कि येलप्पा की पत्नी और उसके परिवार के सदस्य 23 जून को विकाराबाद के सरकारी अस्पताल पहुंचे और शव की 'पहचान' करके बताया कि यह येलप्पा का है।

परिजनों को सौंपा गया शव

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया और वे उसे अपने गांव ले गये। जब परिवार और रिश्तेदार शव को दफनाने की तैयारी कर रहे थे तो दोपहर के समय कुछ ग्रामीणों ने उन्हें बताया कि उन्होंने जिले के तंदूर शहर में येल्लप्पा को जीवित देखा है। इस बीच, येलप्पा ने भी घर लौटकर परिजनों को चकित कर दिया।

अधिकारी ने बताया कि येलप्पा के परिवार के सदस्यों ने तुरंत जीआरपी को इसकी सूचना दी, जो गांव पहुंची और शव को वापस लाकर विकाराबाद के सरकारी अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया। उन्होंने बताया कि मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article