देश

विश्व कप फाइनल में भारत की हार बर्दाश्त नहीं कर पाए क्रिकेट प्रशंसक, दो युवकों ने की आत्महत्या

  • Edited by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Nov 21, 2023, 09:11 AM IST

विश्व कप फाइनल में भारत की हार के बाद करोड़ों लोग निराश हैं, लेकिन प. बंगाल और ओडिशा में क्रिकेट प्रशंसकों ने इससे दुखी होकर अपनी जान दे दी।

Image

क्रिकेट प्रशंसकों ने की आत्महत्या

Photo : iStock

Odisha News: ओडिशा के जाजपुर में विश्व कप फाइनल में भारत की निराशाजनक हार के बाद एक क्रिकेट प्रशंसक ने आत्महत्या कर ली। यह घटना ओडिशा के जाजपुर जिले के बिंगारपुर पुलिस स्टेशन सीमा के तहत जरी पंचायत के कुलसाही गांव की बताई जा रही है। विश्वसनीय रिपोर्टों के अनुसार ओडिशा के एक क्रिकेट प्रशंसक ने आत्महत्या कर ली, उसकी पहचान नीलमणि दास के बेटे देव रंजन दास के रूप में हुई है। उसका शव पड़ोसी की छत से लटका हुआ मिला।

परिजन सदमे में

रिपोर्ट में कहा गया है कि इस घटना के बाद परिजन सदमे की स्थिति में हैं। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए जाजपुर जिला मुख्यालय अस्पताल (डीएचएच) भेज दिया। यह युवक एक उत्साही क्रिकेट प्रेमी था और मानसिक रूप से अस्वस्थ था। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

बंगाल में भी युवक ने दी जान

बता दें कि प. बंगाल के बांकुड़ा में भी ऐसी ही घटना हुई थी। यहां बेलियाटोर थाना क्षेत्र में सिनेमा हॉल के पास रविवार रात करीब 11 बजे राहुल लोहार (23) नाम के युवक ने आत्महत्या कर ली। उनके अनुसार, राहुल के एक रिश्तेदार उत्तम सूर ने बताया कि वह इलाके में एक कपड़े की दुकान पर काम करता था और फाइनल मैच देखने के लिए उसने रविवार को छुट्टी ली थी। सूर ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया से भारत की हार से दुखी होकर उसने अपने कमरे में फांसी लगा ली। पुलिस ने बताया कि राहुल के शव को सोमवार सुबह पोस्टमॉर्टम के लिए बांकुड़ा सम्मिलानी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया और अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया गया।

मनोरोग से ग्रस्त था युवक

वहीं, ओडिशा के जाजपुर में पुलिस ने बताया कि 23 वर्षीय युवक रविवार रात मैच के तुरंत बाद बिंझारपुर इलाके में अपने घर में फंदे से लटका मिला जिसकी पहचान देव रंजन दास के रूप में हुई है। दास के एक संबंधी ने बताया कि वह भावनात्मक विकार संबंधी समस्या से जूझ रहा था और इसके लिए उसका इलाज जारी था। परिवार के सदस्य ने कहा कि दास भारत के मैच हारने के बाद बहुत निराश हो गया था। जरी चौकी प्रभारी इंद्रमणि जुआंगा ने कहा कि हमने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। (भाषा इनपुट)

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article