Air India Plane Crash: एयर इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) और प्रबंध निदेशक कैंपबेल विल्सन ने गुरुवार को कहा कि दुर्घटनाग्रस्त बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर का 'अच्छी तरह से रखरखाव' किया गया था तथा इस विमान की आखिरी बार गहन जांच जून 2023 में की गई थी और अगली जांच दिसंबर 2025 में होनी थी।
15 फीसदी उड़ानें घटा रहा एयरलाइन
यात्रियों को दिए एक संदेश में, एयर इंडिया प्रमुख ने यह भी कहा कि अगले कुछ सप्ताह के लिए कंपनी के बड़े विमानों के बेड़े के परिचालन में 15 प्रतिशत की कटौती एक अस्थायी कदम है।
इंजन कब हुआ था सर्विस?
उन्होंने कहा कि विमान का रखरखाव अच्छी तरह से किया गया था, आखिरी बार इसकी गहन जांच जून 2023 में की गई थी और अगली जांच दिसंबर 2025 में होनी थी। इसके दाहिने इंजन की मार्च 2025 में मरम्मत की गई थी और बाएं इंजन की जांच अप्रैल 2025 में की गई थी। विमान और इंजन दोनों की नियमित रूप से जांच की गई थी, जिनमें उड़ान से पहले कोई समस्या नहीं दिखी थी।
विमानन कंपनी के प्रमुख ने कहा कि विमान में सवार 241 लोगों के साथ-साथ जमीन पर 34 लोगों की मौत ने हम सभी को बहुत दुखी किया है।विल्सन ने कहा, ''इस भयावह घटना से प्रभावित परिवारों और प्रियजनों के लिए हम जो दर्द महसूस कर रहे हैं, उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। हम प्रभावित परिवारों की सहायता करने के लिए हर संभव प्रयास करने को पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं और इस त्रासदी के कारणों का पता लगाने के लिए अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। इस नुकसान से प्रभावित सभी लोगों के प्रति हमारी संवेदनाएं हैं।''
