देश

Corona Virus : कोरोना बढ़ा रहा टेंशन, दिन दूनी रात चौगुनी हो रही मरीजों की संख्या! एक्टिव केस 6 हजार पार

Corona Virus : भारत में कोरोना वायरस के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे। रोजाना विभिन्न राज्यों में मरीजों की बढ़ती संख्या स्वास्थ्य विभाग के लिए चिंता का सबब बनती जा रही है। पिछले 48 घंटे में कोविड-19 के 769 नये मामले सामने आए, जिसके साथ ही उपचाराधीन मरीजों की संख्या छह हजार के पार पहुंच गई।

Image

देश में कोरोना मामले

Photo : PTI

Corona Virus : देश में पिछले 48 घंटे में कोविड-19 के 769 नये मामले सामने आए, जिसके साथ ही उपचाराधीन मरीजों की संख्या छह हजार के पार पहुंच गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा रविवार को जारी आंकड़ों से यह जानकारी मिली। मंत्रालय के अनुसार, केरल सबसे अधिक प्रभावित राज्य है, उसके बाद गुजरात, पश्चिम बंगाल और दिल्ली का स्थान है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि कोविड के बढ़ते मामलों के मद्देनजर, तैयारियों का जायजा लेने के लिए केंद्र ‘मॉक ड्रिल’ आयोजित कर रहा है और सभी राज्यों को ऑक्सीजन, वेंटिलेटर और जरूरी दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। मंत्रालय ने कहा कि भारत में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या 6,133 है और पिछले 24 घंटों में छह और संक्रमितों की मौतें हुई हैं। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि अधिकतर मरीजों में हल्के लक्षण थे और वे घर पर ही उपचार के बाद ठीक हो गए।

इस साल जनवरी के बाद से देश में कोविड-19 से 65 लोगों की मौत होने की सूचना है। 22 मई तक देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या 257 थी। कोविड-19 की मौजूदा स्थिति और तैयारी के उपायों का आकलन करने के लिए आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ, आपात प्रबंधन प्रतिक्रिया (ईएमआर) प्रकोष्ठ, राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र (एनसीडीसी), भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर), एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम (आईडीएसपी) तथा सभी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिनिधियों की समीक्षा बैठकें स्वास्थ्य सेवा महानिदेशक डॉ. सुनीता शर्मा की अध्यक्षता में दो जून और तीन जून को हुईं।

आधिकारिक सूत्रों ने चार जून को बताया कि आईडीएसपी के तहत राज्य एवं जिला निगरानी इकाइयां इन्फ्लुएंजा जैसी बीमारियों (आईएलआई) और गंभीर श्वसन संबंधी बीमारियों (एसएआरआई) की करीबी निगरानी कर रही हैं। एसएआरआई की पुष्टि वाले नमूनों को आईसीएमआर वीआरडीएल नेटवर्क के माध्यम से संपूर्ण जीनोम अनुक्रमण के लिए भेजा जा रहा है।

हरियाणा और महाराष्ट्र में बढ़े मामले

हरियाणा और महाराष्ट्र में रविवार को कोविड-19 के क्रमश: 12 और 77 नए मामले सामने आए। महाराष्ट्र स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, राज्य में इस वर्ष एक जनवरी से अब तक कोविड-19 के कुल 1,439 मामले सामने आए हैं। रविवार को सामने आए 77 मामलों में से 41 पुणे, 25 मुंबई, छह कोल्हापुर, चार नवी मुंबई और एक नागपुर से हैं। मुंबई में इस वर्ष अब तक कुल 665 मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें से 659 अकेले मई माह में दर्ज किए गए। राज्य में इस वर्ष अब तक कोविड से 18 लोगों की मौत हुई है जिनमें से 17 मरीज पहले से अन्य बीमारियों से ग्रसित थे। वहीं, हरियाणा स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, राज्य में इस वर्ष अब तक कुल 181 कोविड-19 मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें से रविवार तक 100 उपचाराधीन हैं। इनमें से केवल एक मरीज अस्पताल में भर्ती है, शेष घर पर पृथकवास में हैं।

ओडिशा में नहीं थम रहा कोरोना

ओडिशा में सात और लोगों के कोविड-19 से संक्रमित पाए जाने के बाद कुल मामलों की संख्या बढ़कर 45 हो गई। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। शनिवार तक 12 मरीज ठीक हो चुके हैं और उपचाराधीन मामलों की संख्या फिलहाल 33 है। अधिकारी ने बताया कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के निर्देशों के बाद राज्य ने संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए कदम उठाए हैं। राज्य एवं जिला निगरानी इकाइयां इन्फ्लूएंजा जैसी बीमारी और गंभीर श्वसन रोग के मामलों पर बारीकी से नजर बनाये हुए है। अस्पतालों में आने वाले गंभीर श्वसन रोग के सभी मामलों की कोविड जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

गंभीर श्वसन रोग से पीड़ित लोगों में कोविड-19 की पुष्टि होने के बाद उनके नमूनों को जीनोम अनुक्रमण की जांच के लिए आईसीएमआर वायरस अनुसंधान एवं नैदानिक प्रयोगशाला भेजा जाएगा। मंत्रालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार,गंभीर श्वसन रोग से पीड़ित लोगों को अपने लक्षणों पर नजर रखनी चाहिए और तबीयत बिगड़ने पर चिकित्सा देखभाल लेनी चाहिए।

पश्चिम बंगाल में 71 नए केस

पश्चिम बंगाल में कोरोना वायरस संक्रमण के 71 नए मामले सामने आए हैं और वर्तमान में राज्य में उपचाराधीन मामलों की संख्या 693 है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने रविवार को यह जानकारी दी। मंत्रालय ने कहा कि नए मामलों में शनिवार से सामने आए मामले शामिल हैं और इस अवधि के दौरान बीमारी के कारण किसी की मौत नहीं हुई। इसने कहा कि नए मामले सामने आने के साथ ही राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण के 53 मरीज ठीक भी हुए हैं। इसके साथ ही राज्य में वर्तमान में उपचाराधीन मामलों की संख्या 693 है। राज्य स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘पश्चिम बंगाल में स्थिति नियंत्रण में है। इन मामलों में मरीजों को हल्के लक्षण हैं।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article