Champions Trophy 2025: रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम का अजेय रथ आगे बढ़ रहा है। टीम इंडिया चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब उठाने से महज एक कदम दूर है। दुबई में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को 4 विकेट से करारी शिकस्त दी और 16 माह पहले वनडे विश्व कप फाइनल में मिली हार का बदला चुकता किया। इस जीत के बाद टीम इंडिया के शान में कसीदे पढ़े जा रहे हैं। हर कोई भारतीय खिलाड़ियों की प्रशंसा कर रहा है जिनमें रोहित शर्मा की फिटनेस को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाली कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. शमा मोहम्मद भी शामिल हैं।
डॉ. शमा मोहम्मद ने क्या कुछ कहा?
शमा मोहम्मद ने टीम इंडिया को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मिली जीत और आईसीसी टूर्नामेंट में हजार रन बनाने वाले विराट कोहली को बधाई दी। उन्होंने 'एक्स' पर लिखा, ''चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार जीत के लिए टीम इंडिया को बधाई। 84 रन बनाने और आईसीसी नॉकआउट टूर्नामेंट में हजार रन बनाने वाले खिलाड़ी विराट कोहली को भी बहुत बहुत बधाई!''
दुबई में फाइनल खेलेगी टीम इंडिया
सेमीफाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत की जीत के साथ ही यह भी तय हो गया कि चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल मुकाबला 9 मार्च को दुबई में ही खेला जाएगा जिसमें भारत का सामना दक्षिण अफ्रीका या न्यूजीलैंड में से किसी एक टीम से होगा। अगर ऑस्ट्रेलिया इस मुकाबले में जीत हासिल करती तो फाइनल मुकाबला लाहौर में खेला जाता, लेकिन टीम इंडिया के धाकड़ खिलाड़ियों ने ऑस्ट्रेलिया के सपनों पर पानी फेर दिया।
