Congress crowdfunding : लोकसभा चुनाव 2024 के लिए कांग्रेस क्राउडफंडिंग के जरिए फंड जुटा रही है। पार्टी का कहना है कि चुनाव लड़ने के लिए उसे पैसे चाहिए। इसके लिए उसने क्राउडफंडिंग के लिए कम्पेन लॉन्च किया है। उसने लोगों से 138 रुपये या 1380 रुपये या 13,800 रुपये या उससे अधिक के गुणकों में दान (डोनेशन) करने के लिए अपील की है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोमवार को इस कम्पेन को लॉन्च किया। क्राउडफंडिंग के जरिए कांग्रेस को अब तक 2.81 करोड़ रुपए मिल चुके हैं। पार्टी के लिए करीब 1.13 लाख लोगों ने डोनेशन दिया है।
क्राउडफंडिंग की 80 प्रतिशत राशि यूपीआई से
कांग्रेस ने अपने इस कम्पेन का नाम 'डोनेट फॉर देश' दिया है। खरगे ने 1.38 लाख रुपए दान स्वरूप दिया। रिपोर्टों में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि यूपीआई ट्रांसफर के जरिए कांग्रेस को क्राउडफंडिंग की 80 प्रतिशत राशि प्राप्त हुई है। हालांकि, इस दौरान कांग्रेस के इस एप पर 20,000 से ज्यादा साइबर हमले भी हुए। ज्यादातर साइबर हमले विदेश से हुए जबकि एप पर भारत से 1340 साइबर हमले हुए।
1,13,700 से ज्यादा लोगों ने डोनेशन दिया
सूत्रों का कहना है कि कम्पेन लॉन्च होने के 48 घंटे के भीतर 1,13,700 से ज्यादा लोगों ने डोनेशन दिया और यह राशि 2.81 करोड़ रुपए है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, पार्टी के वरिष्ठ नेताओं सहित 32 लोगों ने एक लाख रुपए से ज्यादा डोनेशन दिया है।
कांग्रेस के पास 806 करोड़ रुपए की कुल संपत्ति
साल 2021-22 में राजनीतिक दलों की कुल संपत्ति की अगर बात करें तो भारतीय जनता पार्टी के पास 6047 करोड़ रुपए, कांग्रेस के पास 806 करोड़ रुपए, माकपा 735 करोड़ रुपए, बीएसपी 690 करोड़ रुपए और तृणमूल कांग्रेस के पास 458 करोड़ रुपए की संपत्ति थी। राजनीतिक दलों के आय कर रिटर्न के आधार पर एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स ने गत सितंबर में अपनी एक रिपोर्ट दी थी। 2020-21 में भी राष्ट्रीय पार्टियों में सबसे ज्यादा संपत्ति भाजपा के पास थी।
क्या होती है क्राउडफंडिंग
किसी प्रोजेक्ट, बिजनेस या किसी समाजिक काम के लिए जब कोई व्यक्ति या संगठन आम लोगों से छोटी-छोटी राशि जुटाता है तो उसे क्राउडफंडिंग कहा जाता है। इसके लिए कोई क्राउडफंडिंग वेबसाइट, एप या कोई और सोशल नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया जाता है। दुनिया भर में बहुत सारे लोगों ने क्राउडफंडिंग से राशि जुटाकर अपने अभियान, मिशन एवं प्रोजेक्ट को सफलतापूर्वक अंजाम दिया है।
