Congress Protest: NEET और यूजीसी नेट पेपर लीक मामले में देश की सियासत गर्म हो गई है। पेपर लीक के खिलाफ देश की मुख्य विपक्ष पार्टी कांग्रेस शुक्रवार को देश भर में सड़कों पर उतर आई। कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने पेपर लीक के खिलाफ देश भर में जगह-जगह प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेता शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते देखे गए। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन और हंगामा किया। यहां प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय को पुलिस ने हिरासत में लिया।
छात्रों की चिंताओं का तत्काल समाधान हो-कांग्रेस
कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में जम्मू, लखनऊ, तेलंगाना सहित देश भर में पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्हें हाथों में कांग्रेस के झंडे और राहुल गांधी के पोस्टर वाले बैनर थे। कांग्रेस की मांग है कि छात्र एवं छात्राओं की चिंताओं का समाधान एवं निराकरण तत्काल होना चाहिए। गुरुवार को भी देश भर में अलग-अलग जगहों पर पेपर लीक के खिलाफ छात्रों ने प्रदर्शन किया। दिल्ली के शास्त्री भवन के बाहर आइसा के नेतृत्व में नीट के छात्रों ने अपनी आवाज बुलंद की।
पेपर लीक नहीं रोक पा रहे पीएम मोदी-राहुल
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने गुरुवार को पेपर लीक को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। राहुल ने कहा कि कहा जाता है कि पीएम ने एक दिन के लिए इजरायल-गाजा युद्ध रुकवा दिया। रूस और यूक्रेन युद्ध को भी उन्होंने रोक दिया लेकिन वह पेपर लीक नहीं रोक पा रहे। राहुल ने कहा कि पेपर लीक होने से देश का भविष्य खराब हो रहा है। इसके लिए जो भी दोषी है उसे कड़ी सजना मिलनी चाहिए। कांग्रेस नेता ने कहा कि पेपर लीक मुद्दे को वह संसद में उठाएंगे।उच्च स्तरीय समिति करेगी जांच
मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट को फिर से आयोजित करने की विपक्ष की मांग के बीच शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बृहस्पतिवार को कहा कि गड़बड़ी की छिटपुट घटनाओं से उन लाखों विद्यार्थियों पर असर नहीं पड़ना चाहिए, जिन्होंने सही तरीके से परीक्षा पास की है। प्रधान ने कहा कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के कामकाज की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय समिति बनाई जाएगी। यहां संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रधान ने विपक्षी दलों से इस मुद्दे का राजनीतिकरण नहीं करने की अपील की और कहा कि एनटीए के अधिकारियों सहित दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
