Congress President Election 2022: कांग्रेस के पूर्व मुखिया और पार्टी सांसद राहुल गांधी ने सोमवार (17 अक्टूबर, 2022) को अपने दल के अध्यक्ष के लिए हुए चुनाव में वोट डाला। वह इस दौरान दक्षिणी भारत के कर्नाटक में थे। भारत जोड़ो यात्रा के बीच उन्होंने समय निकाला और मतदान के लिए बाकायदा सामान्य कार्यकर्ताओं की तरह लाइन में लगे। बल्लारी में कंटेनर वाले विश्राम शिविर में बने मतदान बूथ पर उन्होंने बारी आने पर अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
हालांकि, राहुल के वोट डालने को लेकर सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने उन्हें और उनकी पार्टी को घेरने व ट्रोल करने की कोशिश की। टि्वटर पर @nayabharathoon ने पूछा, "यह कब तक का डेरा है कर्नाटक में??? कुछ तो अजीब है कि इतने दिनों से सिर्फ़ कर्नाटक ही में क्यों?" @BeingPahadi13 ने लिखा कि गुजरात और हिमाचल प्रदेश चुनावों में फ़ज़ीहत से बचना है तो कर्नाटक में ही नाटक करना पड़ेगा।
@rs_3702 ने कमेंट किया और मजे लेते हुए कहा- यह भारत के घरेलू क्रिकेट जैसा लगता है, जिसमें लोकल खिलाड़ी और लोकल अंपायर होते हैं। इस बीच, कांग्रेस के टि्वटर हैंडल से राहुल की तीन तस्वीरें साझा करते हुए कहा गया, "भारत जोड़ो यात्रा, कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव और राहुल गांधी...हमारे लोकतंत्र की यही खूबी है- रास्ता ढूंढ लेता है।"
वैसे, राहुल के अलावा पार्टी के कई और बड़े नेता भी रहे, जिन्होंने इसी तरह कंटेनर्स के भीतर वोट डाला:
वैसे, मतदान के बीच पार्टी के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के प्रमुख मधुसूदन मिस्त्री ने ‘पीटीआई’ से कहा कि चुनाव की पूरी प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी रही है तथा वह इससे संतुष्ट हैं। मतदान सुचारू ढंग से हुआ और दोपहर तक कहीं से कोई भी शिकायत नहीं आई। कांग्रेस के नौ हजार से अधिक डेलीगेट (निर्वाचक मंडल के सदस्यों) ने सोमवार को पार्टी प्रमुख चुनने के लिए मतदान किया। कांग्रेस मुख्यालय समेत लगभग 68 मतदान बूथों पर मतदान हुआ।
कांग्रेस पार्टी के 137 साल के इतिहास में छठी बार अध्यक्ष पद के लिए मतदान हुआ है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश के मुताबिक, अध्यक्ष पद के लिए अब तक 1939, 1950, 1977, 1997 और 2000 में चुनाव हुए हैं। पूरे 22 वर्षों के बाद अध्यक्ष पद के लिए चुनाव हुआ, जबकि परिणाम की घोषणा 19 अक्टूबर को की जाएगी।
