देश

युवती से दुष्कर्म के आरोप में कांग्रेस NSUI ओडिशा अध्यक्ष उदित प्रधान गिरफ्तार, आज कोर्ट में होगी पेशी; पार्टी ने किया सस्पेंड

ओडिशा में कांग्रेस पार्टी की छात्र शाखा के अध्यक्ष उदित प्रधान को भुवनेश्वर में एक छात्रा के साथ कथित बलात्कार के मामले में गिरफ्तार किया गया है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर मंचेश्वर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई और आरोपी उदित प्रधान को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Image

19 साल की छात्रा से रेप के आरोप में कांग्रेस छात्र नेता गिरफ्तार

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Odisha: ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में मंचेश्वर पुलिस ने नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) के अध्यक्ष उदित प्रधान को 19 वर्षीय इंजीनियरिंग छात्रा से कथित दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया है। एनएसयूआई कांग्रेस पार्टी का छात्र संगठन है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, उदित को रविवार देर रात हिरासत में लिया गया और उसे सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा। यह कार्रवाई पीड़िता की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर की गई है। पुलिस में दर्ज एफआईआर के अनुसार, यह घटना 18 मार्च को हुई। पीड़िता अपनी सहेली और सहपाठी के साथ भुवनेश्वर के मास्टर कैंटीन स्क्वायर गई थी। वहां उसकी सहेली ने उन्हें उदित प्रधान से मिलवाया। इसके बाद, उदित के वाहन में सभी नयापल्ली क्षेत्र के एक होटल पहुंचे। होटल में इन लोगों ने शराब का सेवन किया, लेकिन पीड़िता ने शराब पीने से मना कर दिया।

पुलिस कर रही मामले की जांच

उदित ने कथित तौर पर पीड़िता को सॉफ्ट ड्रिंक ऑफर की, जिसमें उसने चुपके से नशीला पदार्थ मिला दिया था। सॉफ्ट ड्रिंक पीने के कुछ देर बाद पीड़िता को चक्कर आने लगे और उसने घर छोड़ने को कहा, लेकिन उदित और अन्य लोगों ने उसकी बात नहीं मानी। इसके बाद पीड़िता बेहोश हो गई। सूत्रों के अनुसार, पीड़िता ने बताया कि जब उसे होश आया, तो उसने पाया कि उदित ने उसके साथ दुष्कर्म किया था। जब पीड़िता ने इसका विरोध किया, तो उदित ने उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी और चुप रहने को कहा। सहमी पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराने में देरी की, लेकिन पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है।

NSUI के ओडिशा अध्य्क्ष को कांग्रेस ने किया सस्पेंड

अधिकारियों ने बताया कि जांच जारी है और जैसे-जैसे मामले में नई जानकारी सामने आएगी, उसे साझा किया जाएगा। यह घटना हाल ही में कोलकाता में तृणमूल कांग्रेस के छात्र नेता मोनोजीत मिश्रा की गिरफ्तारी के बाद सामने आई है, जिन्हें साउथ कोलकाता लॉ कॉलेज की एक छात्रा के साथ दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। उस मामले में 25 जून को दो वरिष्ठ छात्रों और एक पूर्व छात्र ने कथित तौर पर कॉलेज के गार्ड रूम में छात्रा के साथ दुष्कर्म किया था। जानकारी के अनुसार, दुराचार के आरोपी NSUI के ओडिशा अध्य्क्ष को पार्टी ने सस्पेंड कर दिया है।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article