Leader of Opposition in Lok Sabha: कांग्रेस नेता राहुल गांधी लोकसभा में नेता विपक्ष होंगे। मंगलवार को इंडिया ब्लॉक की मीटिंग के बाद कांग्रेस ने इसका ऐलान किया है। कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में पहले ही राहुल गांधी को इस पद के लिए चुनाव किया गया था, लेकिन तब राहुल गांधी ने कहा था कि वो इस पर सोचकर फैसला लेंगे।
प्रोटेम स्पीकर को भेज दी गई है जानकारी
आज इंडिया गठबंधन की मीटिंग के बाद कांग्रेस नेता के वेणुगोपाल ने एक प्रेस वार्ता में कहा कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को लोकसभा में विपक्ष का नेता नियुक्त किया गया है। सीपीपी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने प्रोटेम स्पीकर भर्तृहरि महताब को पत्र लिखकर राहुल गांधी को लोकसभा में विपक्ष का नेता नियुक्त करने के निर्णय की जानकारी दे दी है।
इंडिया गठबंधन की मीटिंग में फैसला
राहुल गांधी को लोकसभा में विपक्ष का नेता नियुक्त करने का फैसला कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नई दिल्ली स्थित आवास पर भारतीय ब्लॉक पार्टियों के नेताओं की बैठक में लिया गया। बैठक में मौजूद नेताओं में एनसीपी (एसपी) नेता सुप्रिया सुले, टीएमसी सांसद डेरेक ओ ब्रायन और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के नेता हनुमान बेनीवाल शामिल थे।
