देश

बंगाल में कांग्रेस नेता अनीसुर रहमान और बेटे की हत्या, राज्य में एक के बाद एक कई वारदातें

स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) के अवसर पर नादिया जिले में कांग्रेस नेता अनीसुर रहमान और उनके बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वरिष्ठ कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने इस घटना को 'जघन्य अपराध' बताया...

Image

नादिया में कांग्रेस नेता की हत्या (file photo)

Photo : PTI

Congress Leader And Son Murder: स्वतंत्रता दिवस की पृष्ठभूमि में पश्चिम बंगाल की राजनीति में अचानक आई घटनाओं के बाद तनाव काफी बढ़ गया है। एक तरफ बीरभूम जिले से तृणमूल कांग्रेस (TMC) के वरिष्ठ नेता और पूर्व डिप्टी स्पीकर असित बनर्जी (Asish Banerjee) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर आई, तो दूसरी तरफ नादिया जिले में कांग्रेस नेता और उनके बेटे की नृशंस हत्या पर राजनीतिक घमासान छिड़ गया है। वहीं, मालवाहकों से अवैध वसूली और व्यापारी के बेटे के अपहरण के मामले में एक बीजेपी नेता को गिरफ्तार किया गया है।

पूर्व डिप्टी स्पीकर असित बनर्जी की मौत

बीरभूम जिले के सूरी स्थित टीएमसी पार्टी कार्यालय से पूर्व विधायक और पूर्व विधानसभा डिप्टी स्पीकर असित बनर्जी का शव बरामद किया गया। असित बनर्जी का शव कार्यालय में संदिग्ध हालत में मिलने के बाद पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। असित बनर्जी लंबे समय से तृणमूल कांग्रेस से जुड़े रहे और बीरभूम जिले में संगठन के बेहद अहम चेहरा माने जाते थे। वे मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के काफी करीबी सहयोगियों में से एक थे।

नादिया में अनीसुर रहमान और बेटे की हत्या

स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) के अवसर पर नादिया जिले में कांग्रेस नेता अनीसुर रहमान और उनके बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वरिष्ठ कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने इस घटना को 'जघन्य अपराध' बताते हुए राज्य सरकार की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस जैसे मौके पर राजनीतिक नेताओं की हत्या होना बेहद चिंताजनक है। अधीर रंजन ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

बीजेपी नेता बिस्वजीत तालुकदार गिरफ्तार

कूचबिहार जिले की पुलिस ने बीजेपी के तुफानगंज-4 मंडल के उपाध्यक्ष बिस्वजीत तालुकदार को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि बिस्वजीत राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजरने वाले मालवाहकों और पत्थरों से लदे डंपरों से अवैध वसूली करता था। एक कारोबारी द्वारा रंगदारी देने से इनकार करने पर उसने कारोबारी के बेटे का अपहरण कर लिया था। बिस्वजीत की गिरफ्तारी के बाद बीजेपी के स्थानीय नेताओं ने भी आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article