देश

MP Chunav में हार के बाद कांग्रेस में अंदरूनी कलेश, पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए 150 नेताओं को नोटिस

  • Edited by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 20, 2024, 01:15 PM IST

Congress in Action Mode: एमपी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार का सदमा अब तक कम नहीं हुआ है। कांग्रेस ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए 150 नेताओं को नोटिस दिया है। नोटिस का दस दिनों में जवाब देना है और संतोषजनक जवाब नहीं देने वालों को पार्टी से निष्कासित किया जाएगा।

Image

कांग्रेस ने 150 नेताओं को दिया नोटिस।

Photo : PTI

Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश कांग्रेस की अनुशासन समिति ने शुक्रवार को बैठक की और नवंबर 2023 के राज्य विधानसभा चुनावों के दौरान कथित तौर पर "पार्टी विरोधी" गतिविधियों में शामिल लगभग 150 स्थानीय नेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया। इन चुनावों में कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा था।

दस दिनों में नोटिस का देना होगा जवाब

पार्टी के एक पदाधिकारी ने कहा कि नोटिस का दस दिनों में जवाब देना है और संतोषजनक जवाब नहीं देने वालों को पार्टी से निष्कासित किया जाएगा। कांग्रेस ने यह कदम विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के एक महीने से अधिक समय बाद उठाया है। पार्टी 230 सदस्यीय सदन में सिर्फ 66 सीटें जीतने में सफल रही थी। कांग्रेस का यह कदम आम चुनाव से पहले पार्टी में सब कुछ ठीक करने और यह स्पष्ट संदेश देने की कवायद का हिस्सा है कि भितरघात और अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

चुनाव में हार के लिए कांग्रेस ने ठहराया जिम्मेदार

कांग्रेस ने चुनाव हारने वाले 164 प्रत्याशियों में से अधिकतर से मिली शिकायतों के बाद यह सख्त रुख इख्तियार किया है। प्रत्याशियों ने अपनी हार के लिए 'भितरघात' को जिम्मेदार ठहराया है। यहां एक प्रेस विज्ञप्ति में, अनुशासन समिति के प्रमुख और प्रदेश कांग्रेस के कोषाध्यक्ष अशोक सिंह ने चेतावनी दी कि पार्टी उन लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने पर विचार करेगी जो "पार्टी विरोधी" गतिविधियों में शामिल थे और निर्धारित समय के भीतर संतोषजनक जवाब देने में विफल रहते हैं।

कई विद्रोहियों को कांग्रेस ने किया निष्कासित

कांग्रेस के एक वरिष्ठ पदाधिकारी को बताया, 'हमने जिन लोगों को नोटिस भेजा है, अगर उनसे संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं मिला तो हम उन्हें निष्कासित कर देंगे।' अनुशासन समिति की शुक्रवार की बैठक में इसके सदस्यों ने विधानसभा चुनाव लड़ने वाले पार्टी के बागियों को बाहर का रास्ता दिखाने के फैसले का समर्थन किया।

कांग्रेस ने कई विद्रोहियों को निष्कासित कर दिया है जिन्होंने नेतृत्व की अवहेलना करते हुए आधिकारिक उम्मीदवारों के खिलाफ चुनाव लड़ा था। सत्तारूढ़ भाजपा ने विधानसभा चुनावों में कुल 230 में से 163 सीटें जीतकर परचम लहराया, जबकि कांग्रेस की सीटें 66 पर सिमट गई।

(भाषा)

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article