Congress Foundation Day: कांग्रेस पार्टी रविवार को अपना 141वां स्थापना दिवस मना रही है। इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इंदिरा भवन में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और कांग्रेस के 140 साल के इतिहास और योगदान को याद किया। वहां उपस्थित लोगों को संबोधित करने हुए खरगे ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी और पार्टी के इतिहास और आदर्शों पर प्रकाश डाला।
खरगे ने कहा,"जो लोग कहते हैं कि कांग्रेस खत्म हो गई है, मैं उनसे साफ-साफ कहना चाहता हूं - हम भले ही सत्ता में न हों, लेकिन हमारी रीढ़ की हड्डी सीधी है। हमने न तो संविधान से, न धर्मनिरपेक्षता से और न ही लोगों के अधिकारों से कोई समझौता किया है। कांग्रेस ने कभी धर्म के नाम पर वोट नहीं मांगे और न ही मंदिर-मस्जिद के नाम पर नफरत फैलाई। बीजेपी बांटती है, जबकि हम जोड़ते हैं।"
बीजेपी के पास सत्ता तो है, लेकिन सच्चाई नहीं: खरगे
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस ने धर्म को आस्था माना; कुछ लोगों ने इसे राजनीति बना दिया। आज बीजेपी के पास सत्ता तो है, लेकिन सच्चाई नहीं है, इसीलिए वह सच छिपाती है, जनगणना कराने से बचती है और संविधान बदलने की बात करती है। जो लोग इतिहास पर लेक्चर देते हैं, उनके पूर्वज इतिहास से भाग गए थे। कांग्रेस एक विचारधारा है; यह कभी खत्म नहीं होती। यह लड़ाई सत्ता के लिए नहीं, बल्कि देश की आत्मा के लिए है। अगर कांग्रेस नहीं लड़ेगी, तो संविधान की रक्षा कौन करेगा और देश को कौन बचाएगा?
कांग्रेस की सोच हमेशा समाज को आगे ले जाने की रही: खरगे
खरगे ने आगे कहा कि सोनिया गांधी जी के अध्यक्ष काल में UPA सरकार ने नागरिकों के अधिकारों की रक्षा का दायरा और बढ़ा दिया। डॉ. मनमोहन सिंह जी के प्रधानमंत्री काल में हक आधारित अप्रोच वाले ऐतिहासिक कानून बने। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सोच हमेशा समाज को आगे ले जाने की रही है।
बता दें कि इंदिरा भवन में आयोजित ध्वजारोहण समारोह में संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
