देश

कोडीन कफ सिरप घोटाले पर सवालों की बौछार: सुप्रिया श्रीनेत ने योगी सरकार और केंद्र की चुप्पी पर उठाए गंभीर सवाल

सुप्रिया ने आरोप लगाया कि वाराणसी के शुभम जायसवाल इस धंधे का बड़ा चेहरा है और उसके जेडीयू नेता धनंजय सिंह से संबंध बताए जाते हैं। उन्होंने सवाल किया कि रसूखदारों पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही, बुलडोजर सिर्फ कमजोरों पर ही क्यों चलता है।उन्होंने योगी सरकार, केंद्र और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा की चुप्पी पर भी सवाल उठाते हुए कफ सिरप घोटाले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

Image

सुप्रिया श्रीनेत ने योगी सरकार और केंद्र की चुप्पी पर उठाए गंभीर सवाल

Codeine Cough Syrup Scam: कांग्रेस की सोशल मीडिया हेड सुप्रिया श्रीनेत ने यूपी में कोडीन कफ सिरप के अवैध कारोबार को लेकर योगी सरकार और केंद्र पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने उन्नाव के आकाश की कहानी साझा करते हुए कहा कि कफ सिरप की लत ने उसकी जिंदगी बर्बाद कर दी—वह घर से पैसे चुराने लगा, मां के गहने बेचे और अब उसकी किडनी खराब हो चुकी है।

सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि यह सिर्फ यूपी के एक युवक की कहानी नहीं है, बल्कि बिहार और बंगाल सहित कई राज्यों में युवा इस खतरनाक नशे की गिरफ्त में हैं। आरोप है कि यूपी में कोडीन कफ सिरप धड़ल्ले से बिक रहा है और वाराणसी का शुभम जायसवाल इस अवैध कारोबार का बड़ा चेहरा है, जिसने कथित तौर पर सैकड़ों करोड़ की कमाई की।

'क्या रसूखदार लोगों के लिए कानून अलग है?..'

उन्होंने दावा किया कि शुभम जायसवाल को जेडीयू के राष्ट्रीय महासचिव धनंजय सिंह का करीबी बताया जाता है और दोनों के बीच रिश्ते की चर्चा आम है। सुप्रिया श्रीनेत ने सवाल उठाया कि जब शुभम पर कार्रवाई हुई तो कथित 'बड़े भाई' पर क्यों नहीं? क्या रसूखदार लोगों के लिए कानून अलग है?

सुप्रिया श्रीनेत ने यह भी कहा कि धनंजय सिंह की तस्वीरें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ सामने आई हैं, वहीं कुछ अन्य कथित आरोपियों की तस्वीरें उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और भाजपा नेता अरुण सिंह के साथ भी दिखती हैं। उन्होंने तंज कसते हुए पूछा—'क्या बुलडोजर का डीज़ल खत्म हो गया है या ड्राइवर गायब हो गया है?'

उन्होंने केंद्र सरकार और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा की चुप्पी पर भी सवाल उठाए। सुप्रिया श्रीनेत ने याद दिलाया कि खांसी की सिरप पीने से पहले भी बच्चों की मौतें हो चुकी हैं, फिर भी कफ सिरप का अवैध कारोबार वर्षों से चल रहा है और सरकार को भनक तक नहीं लगी। कांग्रेस नेता ने मांग की कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो, रसूखदारों पर भी सख्त कार्रवाई की जाए और युवाओं की जिंदगी से खिलवाड़ करने वाले इस कथित कफ सिरप घोटाले पर सरकार जवाब दे।

Ranjeeta Jha
रंजीता झाauthor

13 साल के राजनीतिक पत्रकारिता के अनुभव में मैंने राज्य की राजधानियों से लेकर देश की राजधानी तक सियासी हलचल को करीब से देखा है। प्लांट की गई बातें ख़बरें नहीं होती बल्कि बातों के पीछे छुपी सच्चाई असली ख़बर होती है। खबरें वही जो आपके सरोकार की हो वो आपतक लेकर आऊंगी।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!