Kanhaiya Kumar News : बिहार में चुनाव तैयारियों और महगठबंधन के मुख्यमंत्री पद के चेहरे पर कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने प्रतिक्रिया दी है। कन्हैया ने शुक्रवार को कहा कि सीएम चेहरे को लेकर महागठबंधन में किसी तरह की दुविधा या भ्रम नहीं है बल्कि यह भ्रम एनडीए में है। ऐसा इसलिए क्योंकि इस चुनाव में नीतीश कुमार एनडीए का चेहरा होंगे या नहीं, यह तय नहीं है। कन्हैया ने कहा कि महागठबंधन में राजद सबसे बड़ी पार्टी है, वह सबसे ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जाहिर है कि वह ज्यादा सीटें जीतेगी तो सीएम भी उनका होगा। कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रक्रिया के तहत महागठबंधन बिहार चुनाव की तैयार कर रहा है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि लोकतंत्र में चेहरा नहीं बल्कि मुद्दे महत्वपूर्ण होते हैं।
जिसके पास संख्या बल होगा, सीएम उसका होगा-कन्हैया
कन्हैया ने कहा, 'सीएम कौन बनेगा, इस जनता तय करती है, जिनके पास संख्या बल होगा, वह सीएम बनेगा। आरजेडी ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ेगी तो जाहिर है कि वह ज्यादा सीटें जीतेगी। संख्या बल उसके पास होगा। सीएम कौन होगा इस पर हमारे यहां कोई कोई संकट या संदेह नहीं है। इसे लेकर एनडीए में है। वे तय नहीं कर पा रहे हैं कि कौन कितने सीटों पर चुनाव लड़ेगा। इस चुनाव में नीतीश चेहरा होंगे या नहीं, यह भी स्पष्ट नहीं है। लेकिन लोकतंत्र में चेहरा महत्वपूर्ण नहीं होता, मुद्दे महत्वपूर्ण होते हैं।'
'बिहार की जनता इस बार बदलाव चाहती है'
कांग्रेस नेता ने कहा कि सत्ता पक्ष के लोग जानबूझकर सीएम फेस के नाम पर जनता का ध्यान भटकाना चाहते हैं। इसलिए महत्वपूर्ण मुद्दों को छोड़कर इंडिया गठबंधन के मुख्यमंत्री चेहरे के मामले को उठाकर ध्यान भटकाने की साजिश रच रहे हैं। जैसे ही भाजपा को मौका मिलेगा, वह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को हटाकर अपने नेता को बिहार में स्थापित करेगी। बिहार की जनता इस बार बदलाव चाहती है। वह एनडीए सरकार के छल को समझ चुकी है। संविधान विरोधी लोगों को जनता पसंद नहीं करती है।
पिछले चुनाव में कांग्रेस जीती 19 सीटें
पिछले विधानसभा चुनाव में राजद ने 144 सीटों पर चुनाव लड़ा था और 52 प्रतिशत की सफलता दर से 75 सीटें हासिल की थी जबकि कांग्रेस 70 सीटों पर चुनाव लड़ी, लेकिन उसे 27 प्रतिशत सीटों पर ही सफलता मिली थी और उसने सिर्फ 19 सीटों पर जीत मिली। उसके इस प्रदर्शन पर महागठबंधन में सवाल भी उठे। भाकपा (माले) लिबरेशन ने 19 सीट पर चुनाव लड़ा और 12 पर जीत हासिल की थी यानी उसे 63 प्रतिशत सीटों पर कामयाबी मिली। सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस इस बार भी पिछली बार इतनी सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है लेकिन राजद इस बार उसे उतनी सीटें देने के लिए तैयार नहीं है। हालांकि, कांग्रेस इस बार ज्यादा मजबूती से चुनाव लड़ने की तैयारी में है।
