Chhattisgarh Cabinet Expansion: छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल में शुक्रवार (22 दिसंबर, 2023) को रत्न रूपी नौ मंत्री जुड़े। राजधानी रायपुर स्थित राजभवन में आठ बार के विधायक बृजमोहन अग्रवाल के साथ भाजपा विधायक रामविचार नेताम, दयालदास बघेल, केदार कश्यप, लखनलाल देवगन, श्याम बिहारी जायसवाल, ओ पी चौधरी, लक्ष्मी राजवाड़े और टी आर वर्मा ने मंत्री पद की शपथ ली।
नौ मंत्रियों की नियुक्ति के साथ ही साय के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल की संख्या बढ़कर 12 हो गई है। वैसे, एक रोज पहले गुरुवार को विधानसभा परिसर में सीएम ने मंत्रिमंडल विस्तार से जुड़ी जानकारी दी थी। साय ने बताया था कि मंत्रिमंडल का विस्तार शुक्रवार को होगा और राजभवन में नौ विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे।
साय के मुताबिक, जल्द ही विभागों का आवंटन भी कर दिया जाएगा। मंत्रिमंडल का एक अन्य पद बाद में भरा जाएगा। वैसे, 90 सदस्यीय विधानसभा वाले छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री सहित अधिकतम 13 मंत्री हो सकते हैं। वैसे, अभी साय मंत्रिमंडल में तीन सदस्य- मुख्यमंत्री साय और दो उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा हैं। उन्होंने 13 दिसंबर को शपथ ली थी।
मंत्रिमंडल विस्तार के बाद 12 में से छह सदस्य-अरुण साव, लखनलाल देवांगन, श्याम बिहारी जायसवाल, ओपी चौधरी, टंक राम वर्मा और लक्ष्मी राजवाड़े अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) से हैं। वहीं, तीन-मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, रामविचार नेताम और केदार कश्यप अनुसूचित जनजाति (एसटी) से हैं। राज्य मंत्रिमंडल में अनुसूचित जाति (एससी) से एक सदस्य दयालदास बघेल और सामान्य वर्ग से दो सदस्य विजय शर्मा और बृजमोहन अग्रवाल हैं। मंत्रिमंडल विस्तार के बाद राजवाड़े मंत्रिमंडल में एकमात्र महिला सदस्य हैं।
