Amit Shah Delhi Police Bangla Sahib Gurdwara: आम आदमी पार्टी (आप) की पंजाब इकाई के विधायकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को अकाल तख्त सचिवालय में एक ज्ञापन सौंपकर राष्ट्रीय राजधानी में प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस के गुरुद्वारा बंगला साहिब में कथित प्रवेश को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
विधायकों ने इसे सिख धार्मिक संस्थानों की पवित्रता का गंभीर उल्लंघन बताते हुए अकाल तख्त के जत्थेदार से शाह को तलब कर उनसे जवाबदेही सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
प्रतिनिधिमंडल ने 'ऑपरेशन ब्लू स्टार' का जिक्र करते हुए कहा कि सिख संगत उस 'काले अध्याय' को नहीं भूली है और शनिवार को प्रदर्शनकारियों का पीछा करते हुए पुलिस के गुरुद्वारे में प्रवेश की घटना को भी कभी नहीं भूलेगी।
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति की चुप्पी पर उठाए सवाल
विधायकों ने इस घटना पर शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल और शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति (एसजीपीसी) के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी की 'चुप्पी' पर भी सवाल उठाया।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में आप विधायक डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर और आप विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि इस घटना से सिख समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
निज्जर ने कहा कि गुरुद्वारा साहिब पारंपरिक रूप से शरणस्थली रहे हैं, जहां लोग आश्रय, शांति और 'लंगर' के लिए आते हैं। उन्होंने कहा, 'पुलिस से बचते हुए छात्र गुरुद्वारे के परिसर में घुस गए थे, लेकिन इससे पुलिसकर्मियों का बिना सिर ढके और जूते पहनकर उस पवित्र परिसर में घुसना सही नहीं ठहराया जा सकता। केंद्र को सिखों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करना चाहिए और जत्थेदार को हमारे प्रतिनिधिमंडल द्वारा सौंपे गए ज्ञापन पर उचित कार्रवाई करनी चाहिए।'
वहीं, दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (DSGMC) ने गुरुद्वारा परिसर में कथित राजनीतिक नारेबाजी को लेकर दिल्ली पुलिस कमिश्नर से शिकायत की है। कमेटी ने अरविंद केजरीवाल, आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायकों और कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही वीडियो के आधार पर प्रदर्शनकारियों की पहचान करने की अपील की है। दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने शिकायत में आरोप लगाया गया है कि AAP से जुड़े लोगों ने गुरुद्वारा परिसर में प्रदर्शन किया और राजनीतिक नारे लगाए, जिससे धार्मिक माहौल और मर्यादा प्रभावित हुई।
