Home Theater Blast News in Hindi: स्मार्टफोन या उसकी बैट्री के ब्लास्ट होने की खबरें आपने पिछले कुछ समय में खूब सुनी होंगी, पर क्या होम थिएटर के ब्लास्ट होने के बारे में सुना है। अगर नहीं तो मंगलवार (चार अप्रैल, 2023) को ऐसा ही एक मामला सामने आया, जिसमें होम थिएटर फट गया और ब्लास्ट इतना जोरदार था कि वह दो लोगों की जान लील गया। रोचक बात यह है कि यह होम थिएटर शादी के तोहफे में मिला था और मृतकों में दूल्हे और उसका भाई शामिल था।
यह पूरा मामला छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले का है। समाचार एजेंसी पीटीआई को इस बारे में पुलिस अधिकारियों ने आशंका जताई कि इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के अंदर विस्फोटक रखा था, जिससे यह धमाका हुआ। जिले की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनीषा ठाकुर ने कहा- सोमवार को रेंगाखार थाना क्षेत्र के चमारी गांव में होम थिएटर में विस्फोट होने से दूल्हा हेमेंद्र मेरावी (22) और उसके बड़े भाई राजकुमार (30) की मौत हो गई। जिस कमरे में होम थिएटर रखा था, विस्फोट के कारण उसकी दीवारें और छत ढह गई।
पुलिस के मुताबिक, हेमेंद्र मेरावी की शादी 30 मार्च को पास के झलमला थाना क्षेत्र के अंजना गांव की एक युवती से हुई थी। रस्म के अनुसार दुल्हन दूसरे दिन अपने ससुराल से मायके वापस चली गई थी। सोमवार को हेमेंद्र और परिवार के बाकी लोग घर में शादी के तोहफों को खोल रहे थे। जैसे ही हेमेंद्र ने होम थिएटर को बिजली से चालू किया, उसमें विस्फोट हो गया, जिससे इस घटना में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना में हेमेंद्र के भाई राजकुमार और डेढ़ साल के बच्चे समेत पांच अन्य लोग जख्मी हुए, जबकि परिवार के बाकी सदस्यों ने शव और घायलों को कवर्धा जिला मुख्यालय स्थित अस्पताल में पहुंचाया। दूल्हे के भाई राजकुमार ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि अन्य का इलाज फिलहाल किया जा रहा है। इस बीच, दुर्ग और रायपुर जिलों की फॉरेंसिक टीमों को जांच के लिए बुलाया गया। शुरुआती तौर पर पाया गया कि म्यूजिक सिस्टम में विस्फोटक रखा गया था।
