देश

तिरुपति लड्डू चर्बी केस में CBI का बड़ा एक्शन, 4 लोगों को किया गिरफ्तार; जानें पूरा मामला

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने पहले इस बात का आरोप लगाया था कि मंदिर के प्रसाद में घी की जगह जानवरों की चर्बी मिलाई जा रही है। इसके बाद, प्रसाद के सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे और लैब रिपोर्ट में इसकी पुष्टि भी हुई थी।

Image

तिरुपति मंदिर के प्रसाद में चर्बी मिलाने का है आरोप (फाइल फोटो)

Photo : PTI

तिरुपति मंदिर के प्रसाद में मिलने वाले लड्डू में चर्बी मिलाने के केस में सीबीआई ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। जिसमें घी सप्लाई करने वाली कंपनी के बड़े अधिकारी तक शामिल हैं। कुछ महीनों पहले तिरुपति मंदिर के प्रसाद में चर्बी मिले रहने का दावा किया गया था, इस मामले को लेकर काफी विवाद हुआ था, जिसके बाद इस केस को सीबीआई को सौंप दिया गया था।

क्या है आरोप

गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों में भोले बाबा डेयरी के पूर्व निदेशक विपिन जैन और पोमिल जैन, वैष्णवी डेयरी के अपूर्व चावड़ा और एआर डेयरी के राजू राजशेखरन शामिल हैं। सूत्रों के अनुसार, जांच में यह सामने आया कि वैष्णवी डेयरी ने झूठा दावा किया था कि वह घी भोले बाबा डेयरी से प्राप्त करती थी, जबकि असल में उस डेयरी के पास तिरुमला तिरुपति देवस्थानम की मांग को पूरा करने की क्षमता नहीं थी। इसके अलावा, वैष्णवी डेयरी ने एआर डेयरी के नाम से निविदा प्राप्त की और इस प्रक्रिया में फर्जी रिकॉर्ड बनाए।

पूरा मामला समझिए

सीबीआई ने इस मामले की जांच उच्चतम न्यायालय के आदेश पर शुरू की थी और इसके लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया गया था, जिसमें केंद्रीय एजेंसी के अधिकारी, आंध्र प्रदेश पुलिस और भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के अधिकारी शामिल हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता सुब्रमण्यम स्वामी और वाईएसआरसीपी (युवजन श्रमिक रायथू कांग्रेस पार्टी) के राज्यसभा सदस्य वाई वी सुब्बा रेड्डी सहित अन्य की याचिकाओं पर सुनवाई के बाद शीर्ष अदालत ने पिछले साल चार अक्टूबर को अपने आदेश में कहा था कि लड्डू बनाने में पशु चर्बी के इस्तेमाल के आरोप की जांच एसआईटी करेगी और इसकी निगरानी सीबीआई निदेशक करेंगे। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने सितंबर में आरोप लगाया था कि राज्य में वाई एस जगन मोहन रेड्डी के नेतृत्व वाली पिछली सरकार के दौरान तिरुपति के लड्डू तैयार करने में पशु चर्बी का इस्तेमाल किया गया था। नायडू के इस बयान से बड़ा राजनीतिक विवाद पैदा हो गया था।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!