देश

Twisha Sharma Case: अब ट्विशा की मौत की सच्चाई का पता लगाएगी CBI; दर्ज की दोबारा FIR, भोपाल पहुंच कर संभाली जांच

सीबीआई मंगलवार से औपचारिक जांच शुरू करेगी और भोपाल पुलिस से केस से जुड़े सभी दस्तावेज, सबूत और रिकॉर्ड अपने कब्जे में लेगी।गौरतलब है कि 33 वर्षीय ट्विशा शर्मा 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित अपने ससुराल में फंदे से लटकी मिली थीं।

Image

ट्विशा शर्मा मौत मामले में सीबीआई ने दर्ज की एफआईआर (फोटो- X)

मॉडल से अभिनेत्री बनीं ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत मामले की जांच सीबीआई ने संभाल ली है। एजेंसी ने भोपाल के कटारा हिल्स थाना पहुंचकर इस मामले की जांच अपने हाथ में लेते हुए, मूल एफआईआर को दोबारा पंजीकृत कर लिया है। साथ ही जांच भी शुरू कर दी है।

कल से सीबीआई शुरू करेगी औपचारिक जांच

अधिकारियों के मुताबिक, सीबीआई मंगलवार से औपचारिक जांच शुरू करेगी और भोपाल पुलिस से केस से जुड़े सभी दस्तावेज, सबूत और रिकॉर्ड अपने कब्जे में लेगी।गौरतलब है कि 33 वर्षीय ट्विशा शर्मा 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित अपने ससुराल में फंदे से लटकी मिली थीं।

मामले ने उस समय तूल पकड़ लिया जब अभिनेत्री के परिवार ने ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना और मानसिक उत्पीड़न के आरोप लगाए, जबकि ससुराल पक्ष ने दावा किया कि ट्विशा नशे की लत से जूझ रही थीं।

सुप्रीम कोर्ट में हुई सुनवाई

इससे पहले, मामले की सुनवाई सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में हुई। इस दौरान मुख्य न्यायाधीश सूर्य कांत और न्यायमूर्ति ज्योमाला बागची की पीठ ने कहा कि अदालत यह सुनिश्चित करेगी कि मामले की जांच निष्पक्ष, स्वतंत्र और पारदर्शी तरीके से हो।

सुनवाई के दौरान सॉलिसिटर जनरल ने अदालत को बताया कि वह संबंधित अधिकारियों से बात कर सीबीआई द्वारा तत्काल जांच संभालने की प्रक्रिया सुनिश्चित करेंगे। इसके बाद शीर्ष अदालत ने जांच के दौरान दोनों पक्षों- पीड़िता और आरोपियों के परिवार को मीडिया में बयानबाजी से बचने की सलाह दी।

पीठ ने कहा कि हम पीड़िता और आरोपियों के परिवारों से कहना चाहते हैं कि वे मीडिया प्लेटफॉर्म पर बयान देने के बजाय अपनी बात जांच एजेंसी के समक्ष रखें, ताकि चल रही जांच पर किसी तरह का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।

भोपाल पुलिस ने इन धाराओं में दर्ज किया है मामला

भोपाल पुलिस ने पहले इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 80(2), 85 और 3(5) के साथ दहेज निषेध अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया था। एफआईआर में ट्विशा के पति समर्थ सिंह और गिरिबाला सिंह को नामजद किया गया है।

अब सीबीआई के हाथ में जांच जाने के बाद यह मामला और संवेदनशील हो गया है। एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि यह आत्महत्या थी या कथित उत्पीड़न ने अभिनेत्री को यह कदम उठाने पर मजबूर किया।

Shiv Shukla
शिव शुक्ला author

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभ... और देखें

End of Article