Pakistan Diplomat Cook: दिल्ली में पाकिस्तान उच्चायोग में चार्जे डी'एफेयर के आवास पर रसोइया के रूप में काम करने वाले एक पाकिस्तानी नागरिक के यहां काम करने वाली महिला से अश्लील छेड़छाड़ और उत्पीड़न का मामला सामने आया है। न्यूज 18 की खबर के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ घरेलू नौकरानी के साथ छेड़छाड़ के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। पीड़िता को पाकिस्तान के प्रभारी साद अहमद वाराइच के आवास पर घरेलू सहायिका के रूप में काम पर रखा गया था। महिला नई दिल्ली के तिलक मार्ग स्थित राजनयिक के आधिकारिक आवास के सर्वेंट क्वार्टर में रह रही थी।
यौन संबंधों की मांग कर रहा था हुसैन
महिला का कहना है कि 54 वर्षीय आरोपी मिन्हाज हुसैन फरवरी में भारत आने के बाद से उसके साथ दुर्व्यवहार कर रहा था, यौन संबंधों की मांग कर रहा था और अश्लील हरकतें कर रहा था। उससे छेड़छाड़ की फिर कोशिश गई जिसके बाद महिला ने घटना की सूचना साद अहमद को दी। उन्होंने चुपचाप बकरीद के बहाने हुसैन को वापस पाकिस्तान भेज दिया।
महिला को नौकरी छोड़ने का फरमान
इसके बाद पाकिस्तानी उच्चायोग ने महिला को 30 जून तक अपनी नौकरी और निवास छोड़ने का फरमान सुना दिया। इसके बाद हुसैन दोबारा भारत लौटा और वाराइच के यहां काम करने लगा। आरोपी के दोबारा लौटने से परेशान होकर महिला ने 28 जून को तिलक मार्ग पुलिस स्टेशन में पुलिस शिकायत दर्ज कराई। दिल्ली पुलिस ने हुसैन के खिलाफ आईपीसी की धारा 354 (किसी महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने के इरादे से उस पर हमला या आपराधिक बल) के तहत एफआईआर दर्ज की। मामले को तूल पकड़ता देख हुसैन को दूतावास द्वारा 30 जून को एक बार फिर वापस पाकिस्तान भेज दिया गया।
