Case against Meta India : कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में 'आपत्तिजनक एवं अपमानजनक' पोस्ट किए जाने के आरोपों पर मेटा इंडिया के हेड के खिलाफ हैदराबाद में प्राथमिकी दर्ज हुई है। फेसबुक एवं इंस्टाग्राम के कई अकाउंट के खिलाफ भी केस दर्ज हुआ है। हैदराबाद साइबर क्राइम पुलिस ने मेटा इंडिया के प्रमुख अरुण श्रीनिवास समेत फेसबुक और इंस्टाग्राम के कई अकाउंट्स के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोप है कि इन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मॉर्फ्ड (छेड़छाड़ किए गए) और आपत्तिजनक वीडियो व तस्वीरें प्रसारित की गईं।
दो व्यक्तियों की शिकायत पर दर्ज हुई एफआईआर
ये मामले दो व्यक्तियों की शिकायत पर दर्ज किए गए हैं। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इंस्टाग्राम ब्राउज करते समय उन्हें प्रधानमंत्री को अश्लील, अपमानजनक और भ्रामक तरीके से दिखाने वाले कई मॉर्फ्ड और डिजिटल रूप से तैयार किए गए वीडियो और तस्वीरें मिलीं। शिकायत में कहा गया है, 'इन पोस्ट्स पर की गई टिप्पणियों में प्रधानमंत्री और अन्य लोगों के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा, उपहास और अशोभनीय टिप्पणियां की गई हैं। इससे इन पोस्ट्स की आपत्तिजनक प्रकृति और बढ़ गई तथा इनके व्यापक प्रसार और लोगों की भागीदारी को बढ़ावा मिला। यह सामग्री डिजिटल रूप से बदली गई या एआई (AI) के जरिए तैयार की गई प्रतीत होती है और सोशल मीडिया पर प्रसारित की गई है।'
जांच के दायरे में पोस्ट्स
शिकायतकर्ताओं ने आगे कहा कि, 'इस तरह की सामग्री जनता को गुमराह कर सकती है, गलत सूचना फैला सकती है, नफरत या सार्वजनिक अशांति भड़का सकती है, सार्वजनिक शालीनता को ठेस पहुंचा सकती है, सार्वजनिक हस्तियों की गरिमा को नुकसान पहुंचा सकती है, कानून-व्यवस्था प्रभावित कर सकती है, समाज के विभिन्न वर्गों के बीच वैमनस्य को बढ़ावा दे सकती है और लागू कानूनों का उल्लंघन कर सकती है।' छात्र आंदोलन के दौरान सोशल मीडिया पर किए गए कई पोस्ट और टिप्पणियां, जिनमें कथित तौर पर अभद्र और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया था, भी जांच के दायरे में हैं।
भाजपा कार्यकर्ता ने दर्ज कराई शिकायतें
ये शिकायतें 29 वर्षीय व्यवसायी एस. अरविंद रेड्डी और तेलंगाना भाजपा कार्यकर्ता टी. साईकिरण गौड़ ने दर्ज कराई हैं। गौरतलब है कि इससे पहले इसी सप्ताह प्रधानमंत्री के आधिकारिक अकाउंट से पोस्ट किए गए एक वीडियो को फेसबुक पर कुछ समय के लिए ब्लॉक किए जाने के बाद मेटा को केंद्र सरकार की नाराजगी का सामना करना पड़ा था।
