देश

'5 सुनहरी बाग रोड' राहुल गांधी का नया पता, मॉनसून सत्र से पहले ही रहना करेंगे शुरू

राहुल करीब दो वर्षों से अपनी मां और कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी के ‘10 जनपथ’ स्थित आवास में रह रहे थे।

Image

राहुल गांधी का नया पता

Rahul Gandhi's New Address: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के जन्मदिन पर गुरुवार को उनका सामान ‘5 सुनहरी बाग रोड’ पर पहुंचाया जाना शुरू हो गया, जो उनका नया आवास होगा। सूत्रों ने बताया कि अभी कुछ दिनों तक उनके सामान को वहां पहुंचाया जाएगा और संभव है कि 21 जुलाई से शुरू होने वाले संसद के मानसून सत्र से पहले वह इस बंगले में विधिवत रहना शुरू कर दें।

आज 55 साल के हुए राहुल गांधी

राहुल गांधी गुरुवार 19 जून को 55 साल के हो गए। उनका जन्म 19 जून, 1970 को नई दिल्ली में हुआ था। वह पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की ज्येष्ठ संतान हैं। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश के रायबरेली से लोकसभा सदस्य और नेता प्रतिपक्ष हैं। राहुल करीब दो वर्षों से अपनी मां और कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी के ‘10 जनपथ’ स्थित आवास में रह रहे थे।

इससे पहले वह लंबे समय तक ‘12, तुगलक लेन’ में रहे। वर्ष 2023 में ‘मोदी’ उपनाम मानहानि वाले मामले में अदालती फैसले के बाद लोकसभा सदस्यता जाने के कारण उन्होंने यह घर खाली कर दिया था। बाद में उच्चतम न्यायालय के फैसले के बाद उनकी सदस्यता बहाल हो गई थी, लेकिन उसके बाद से उन्होंने अपनी मां के आधिकारिक आवास में रहना जारी रखा। सुनहरी बाग स्थित आवास में इससे पहले कर्नाटक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता ए. नारायणस्वामी रहते थे। वह वर्ष 2021 से 2024 तक मोदी सरकार में सामाजिक न्याय राज्य मंत्री रहे।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article