देश

Bihar Election: बिहार में बसपा शुरू करेगी 'सर्वजन हिताय जागरूक यात्रा', मकसद है खास

बसपा ने अपने वायदे का जिक्र करते हुए कहा है कि जिसकी जितनी जनसंख्या, उसकी उतनी हिस्सेदारी सुनिश्चित की जाएगी और विधानसभा की 243 सीट पर सामाजिक न्याय की यही नीति अपनाई जाएगी।

Image

मायावती (फाइल फोटो: PTI)

उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के नेतृत्व वाली बहुजन समाज पार्टी बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले 'सर्वजन हिताय जागरूक यात्रा' शुरू करेगी। एक वरिष्ठ नेता ने मंगलवार को यह जानकारी दी।बसपा की बिहार इकाई के प्रभारी अनिल कुमार ने कहा कि यात्रा बुधवार को कैमूर से शुरू होगी और अगले 11 दिनों में 13 जिलों से गुजरेगी।

उन्होंने बताया कि यात्रा का नेतृत्व पार्टी के राष्ट्रीय समन्वयक आकाश आनंद और सांसद रामजी गौतम करेंगे। आकाश आनंद सार्वजनिक सभाओं को संबोधित करेंगे और जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं को संगठित करेंगे।चौधरी ने यहां संवाददाताओं से कहा, '11 दिनों में यात्रा 13 जिलों से होकर गुजरेगी। यात्रा कैमूर जिले से शुरू होकर वैशाली में समाप्त होगी, जिसमें कैमूर, बक्सर, रोहतास, अरवल, जहानाबाद, छपरा, सीवान, गोपालगंज, बेतिया, मोतिहारी और मुजफ्फरपुर जैसे जिले शामिल हैं।'

चौधरी ने कहा कि यह यात्रा महज शक्ति प्रदर्शन नहीं है, बल्कि जनता की वास्तविक समस्याओं को उठाने और अधिकार दिलाने का प्रयास है।

पार्टी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि इस यात्रा का उद्देश्य बी आर आंबेडकर के सामाजिक न्याय के दृष्टिकोण और उनके संवैधानिक मूल्यों को राज्य के कोने-कोने तक पहुंचाना है।

राज्य की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार पर निशाना साधते हुए चौधरी ने कहा कि बीते 40 साल में इन दलों ने सिर्फ बिहार की जनता को ठगा है, न पलायन रुका, न बेरोजगारी की समस्या हल हुई।उन्होंने कहा, 'सरकार ने जाति-आधारित सर्वेक्षण करवाया है, लेकिन वह पिछड़े वर्गों की राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने में विफल रही है। बसपा विभिन्न जातियों की जनसंख्या के अनुपात में टिकट आवंटित करेगी।' उन्होंने कहा, 'बसपा बिहार में सरकार बनाएगी। गांवों और कस्बों में माहौल बनाने के लिए हमारे पार्टी कार्यकर्ताओं को बड़े पैमाने पर संगठित किया जा रहा है।'

बिहार में विधानसभा चुनाव इस साल के अंत में होने हैं और बसपा ने आगामी विधानसभा चुनाव में अकेले सभी 243 सीट पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है तथा किसी भी पार्टी के साथ गठबंधन से इनकार किया है।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article