Jharkhand Bridge Collapse: पुलों के गिरने के मामले में अब ऐसा लगता है कि बिहार के पीछे-पीछे झारखंड भी चल पड़ा है। कभी बिहार का हिस्सा रहे झारखंड में एक निर्माणाधीन पुल गिर गया है।
एक खंभा भी झुका
अधिकारियों ने बताया कि झारखंड के गिरिडीह जिले में शनिवार रात भारी बारिश के कारण एक निर्माणाधीन पुल का गर्डर गिर गया और एक खंभा झुक गया। अधिकारी ने बताया कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
फतेहपुर-भेलवाघाटी मार्ग पर बन रहा था पुल
घटना झारखंड की राजधानी रांची से 235 किलोमीटर दूर देवरी प्रखंड में हुई। यह पुल डुबरीटोला और करिहरी गांव को जोड़ने के लिए फतेहपुर-भेलवाघाटी मार्ग पर बनाया जा रहा है। गिरिडीह से सड़क निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता विनय कुमार ने पीटीआई को बताया- ‘‘पुल का निर्माण कार्य किया जा रहा है। शनिवार रात भारी बारिश के कारण पुल का ‘सिंगल-स्पैन’ गर्डर गिर गया और एक पिलर झुक गया। ठेकेदार को उस हिस्से को दोबारा बनाने के लिए कहा गया है।’’
पांच करोड़ की लागत!
सूत्रों ने बताया कि लगभग पांच करोड़ रुपये की लागत से पुल का निर्माण किया जा रहा है और यह झारखंड के गिरिडीह और बिहार के जमुई जिले के दूरदराज के गांवों को जोड़ेगा। एक अन्य अभियंता ने बताया कि करीब एक हफ्ते पहले गर्डर को तैयार किया गया था और इसमें मजबूती आने के लिए कम से कम 28 दिन का समय लगता है।
