देश

'AI टूल्स के जरिए किसी की आवाज या पहचान की नकल करना...', पर्सनैलिटी राइट्स मामले में बॉम्बे HC ने Asha Bhosale को दी राहत

बॉम्बे हाईकोर्ट ने मशहूर गायिका आशा भोसले को बड़ी राहत देते हुए उनके पर्सनैलिटी राइट्स को कानूनी सुरक्षा प्रदान की है। अदालत ने आदेश दिया कि अब बिना अनुमति कोई भी कंपनी, ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म, सर्च इंजन या AI टूल उनके नाम, तस्वीर, आवाज या पहचान का इस्तेमाल नहीं कर सकता।

Image

मशहूर गायिका आशा भोसले को बॉम्बे हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। (फोटो सोर्स: twitter)

Photo : Twitter

मशहूर गायिका आशा भोसले को बॉम्बे हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। अदालत ने उनके ‘पर्सनैलिटी राइट्स’ (व्यक्तित्व अधिकार) को कानूनी सुरक्षा प्रदान करते हुए आदेश दिया है कि अब बिना उनकी अनुमति कोई भी कंपनी, ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म, सर्च इंजन या आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल उनके नाम, तस्वीर, आवाज या पहचान का उपयोग नहीं कर सकेगा।

याचिकाकर्ता की क्या थी मांग?

आशा भोसले ने अदालत में याचिका दायर कर कहा था कि कुछ कंपनियां और प्लेटफॉर्म्स उनके नाम और आवाज का अनुचित इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे उनकी प्रतिष्ठा और व्यक्तित्व को नुकसान हो रहा है। याचिका में उन्होंने AI कंपनी ‘मायक’, ई-कॉमर्स वेबसाइट्स अमेज़न और फ्लिपकार्ट, तथा सर्च इंजन गूगल सहित अन्य पर प्रतिबंध लगाने की मांग की थी।

सुनवाई के दौरान अदालत ने कहा कि किसी व्यक्ति की आवाज या पहचान की AI टूल्स के माध्यम से नकल करना ‘पर्सनैलिटी राइट्स’ का सीधा उल्लंघन है। यह न केवल व्यक्ति की निजी पहचान को ठेस पहुंचाता है, बल्कि उसके पेशेवर हितों को भी नुकसान पहुंचा सकता है।

कोर्ट ने क्या दिया आदेश?

हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि अब किसी भी कंपनी या प्लेटफॉर्म को आशा भोसले के नाम, तस्वीर, आवाज या पहचान के इस्तेमाल से पहले उनकी लिखित अनुमति लेना अनिवार्य होगा।

इस फैसले को भारतीय मनोरंजन जगत में एक ऐतिहासिक निर्णय माना जा रहा है, क्योंकि यह डिजिटल युग में कलाकारों और सार्वजनिक हस्तियों के व्यक्तित्व अधिकारों की सुरक्षा के लिए एक मजबूत कानूनी उदाहरण स्थापित करता है।

atul. Singh
अतुल सिंहauthor

मैं अतुल सिंह,मैं 14 वर्षों से अधिक समय से टीवी पत्रकारिता में विभिन्न क्षेत्रों को खबरों को कवर करने वाला अनुभवी पत्रकार हूं। वर्तमान में Times Now नवभारत के लिए principal correspondent हूं। मैंने इंडिया टीवी, ज़ी न्यूज़,IBN 7 (न्यूज़ 18),Lemon न्यूज़ जैसे प्रमुख मीडिया संगठनों के साथ भी काम किया है। मनोरंजन,नागरिक मुद्दे ,इंफ्रा,राजनीति,आम और विधानसभा चुनाव और अपराध जैसे विषयों को बखूबी कवर किया है। वर्तमान में मुम्बई ब्यूरो से जुड़ा हुआ हूं। कई राष्ट्रीय मुद्दों से जुड़े कई विशेष खबरें भी कवर किया है।

और पढ़ें
End of Article