Howrah Blast: पश्चिम बंगाल में हिंसा का दौर फिलहाल थमता नजर नहीं आ रहा है। जहां कल सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या हुई थी, आज हावड़ा में बम धमाका हुआ है। खबर है कि यहां देसी बम फेंका गया जिसके बाद भारी अफरातफरी मच गई है। घटना के तुरंत बाद सुरक्षाकर्मी घटनास्थल पर पहुंच गए। हावड़ा में बम विस्फोट के बाद खिदिरपुर, टॉपसिया और रिप्पन स्ट्रीट में धारा 144 लागू कर दी गई है। धमाके में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। चुनाव नतीजों के बाद से ही बंगाल में भारी हिंसा हो रही है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि बंगाल में आखिर हो क्या रहा है और हिंसा का दौर कब तक चलेगा।
पनिहाटी में बम हमले में भाजपा के पांच कार्यकर्ता घायल
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के पनिहाटी में हुए कथित बम विस्फोट में भारतीय जनता पार्टी के पांच समर्थक घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि यह घटना बुधवार देर रात भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की मोटरसाइकिल सवार हमलावरों द्वारा गोली मारकर हत्या किए जाने के कुछ घंटों बाद हुई। इस घटना के बाद भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस पर हिंसा फैलाने का आरोप लगाया। पनिहाटी के सेंट जेवियर्स इंस्टीट्यूशन के पास बम विस्फोट हुआ।
पुलिस ने बताया कि अज्ञात हमलावरों ने भाजपा कार्यकर्ताओं के एक समूह पर देसी बम फेंके, जिससे कम से कम पांच लोग घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, घायलों को कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पनिहाटी के वार्ड नंबर दो में दत्ता रोड पर भाजपा कार्यकर्ता निवासियों से बातचीत कर रहे थे कि तभी मोटरसाइकिल पर सवार कुछ लोगों ने उन पर बम फेंके और फरार हो गए।
भाजपा ने आरोप लगाया कि हमलावरों को सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस का समर्थन प्राप्त था। ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पार्टी ने इस आरोप को खारिज कर दिया।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, मामले की जांच शुरू कर दी गयी है और आसपास के इलाकों से सीसीटीवी फुटेज खंगाल जा रहे हैं ताकि इसमें शामिल लोगों की पहचान की जा सके। आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
अधिकारी ने बताया, हम कड़ी निगरानी रख रहे हैं और लोगों से अपील करते हैं कि वे अफवाहें न फैलाएं। उन्होंने बताया कि शांति बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। जिस इलाके में विस्फोट हुआ, वह नवनिर्वाचित भाजपा विधायक रत्ना देबनाथ के आवास के पास है। आरजी कर अस्पताल में जिस महिला चिकित्सक की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गयी थी, रत्ना देबनाथ उनकी मां हैं।
चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या
बुधवार रात को पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना मध्यमग्राम क्षेत्र के दोहरिया में हुई। उन पर चार राउंड गोलियां चलाईं गई। एक गोली उसके सिर में दूसरी उनके सीने में और एक पैर में लगी। गोलियां लगने के बाद उनको अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हालांकि हत्यारे कौन थे, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। मामले में जांच जारी है। इस घटना के बाद इलाके में बढ़ते तनाव के बीच बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। हमलावरों की पहचान करने और हमले के पीछे के मकसद का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।
गाड़ी को हमलावर कर रहे थे फॉलो
जानकारी के मुताबिक, मध्यग्राम में डोलतला के पास रात करीब 10:30 बजे जब चंद्रनाथ अपनी गाडी में बैठ कर घर जा रहे थे, तभी हमलावर काफी देर से उनकी गाड़ी का पीछा कर रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी धीरे हुई तभी हमलावरों ने उनपर चार राउंड फायरिंग की। जिसमें से उन्हें तीन गोलियां लगीं। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन बचाया नहीं जा सका।
