Salman Khan again Received Death Threat: बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को फिर से गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम की धमकी मिली है। इस बार भी धमकी देने वाले ने पैसों की डिमांड की है, साथ ही सलमान को मंदिर में जाकर माफी मांगने की सलाह दी है। इसमें कहा गया है कि यदि उन्होंने ऐसा नहीं किया तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा। पुलिस ने ये जानकारी साझा की है।
सलमान खान को फिर लॉरेंस गैंग ने दी जान से मारने की धमकी
पुलिस सूत्रों ने मुताबिक मुंबई पुलिस की ट्रैफिक कंट्रोल सेल को लॉरेंस बिश्नोई के नाम से धमकी भरा मैसेज मिला है। ट्रैफिक कंट्रोल रूम को भेजे गए मैसेज में दावा किया गया है कि 'लॉरेंस बिश्नोई का भाई बोल रहा हूं। अगर सलमान खान जिंदा रहना चाहते हैं, तो उन्हें हमारे मंदिर में जाकर माफी मांगनी चाहिए या 5 करोड़ रुपये देने चाहिए। ऐसा न करने पर जान से मार देंगे, हमारी गैंग आज भी सक्रिय है।'
पुलिस ने मुताबिक उन्हें यह धमकी भरे मैसेज की जानकारी कल (सोमवार) आधी रात को मिला, ट्रैफिक कंट्रोल रूम में काम करने वाले अधिकारी ने इसे पढ़ा। पुलिस फिलहाल उस शख्स की तलाश कर रही है।
लगातार अभिनेता सलमान खान को मिल रही है धमकियां
ये पहली बार नहीं है जब अभिनेता सलमान खान को जानलेवा धमकी मिली है। मुंबई ट्रैफिक पुलिस के कंट्रोल को इससे पहले भी कई बार मैसेज आया है, जिसमें अज्ञात शख्स ने सलमान को जान से मारने की धमकी दी। मैसेज करने वाले ने कभी 5 करोड़ तो कभी 2 करोड़ रुपये की मांग की। इससे पहले बॉलीवुड एक्टर को चेतावनी दी गई थी अगर उन्होंने जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के साथ मामले को सुलझाने के लिए 5 करोड़ रुपये नहीं दिए तो उनका हश्र मारे गए मुंबई के एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी से भी बुरा होगा।
