LIVE

पश्चिम बंगाल में पांचवें चरण का मतदान संपन्‍न, कोविड मरीजों ने भी डाले वोट, दिया गया था 1 घंटे का वक्‍त

West Bengal Assembly Election 2021, 5th phase voting: बंगाल विस चुनाव (Bengal Chunav) के तहत आज पांचवें चरण (5th Phase) के लिए वोट डाले गए। पांचवें चरण में छह जिलों की 45 विधानसभा सीटों पर मतदान हुआ। जलपाईगुड़ी, कलिमपोंग, दार्जिलिंग, नादिया, नॉर्थ 24 परगना और पुर्ब बर्धमान जिले में वोट डाले गए।

टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलटाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलUpdated Apr 17, 2021, 21:19 IST
Follow on Google News
पश्चिम बंगाल में पांचवें चरण का मतदान संपन्‍न, कोविड मरीजों ने भी डाले वोट, दिया गया था 1 घंटे का वक्‍त

कोलकाता: बंगाल में 5वें चरण का मतदान छिटपुट हिंसा की खबरों के बीच संपन्‍न हो गया है। मतदान के लिए सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए थे। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर भारी भीड़ देखी जा रही थी। शांतिपूर्ण मतदान के लिए केंद्रीय बलों की 1071 कंपनियां तैनात की गई थीं। इनके अलावा चुनाव में राज्य पुलिस बल के 15,790 जवान भी तैनात किए गए थे। पांचवें चरण के चुनाव में 319 उम्मीदवारों के राजनीतिक भविष्य पर फैसला होगा। इनमें 39 महिला उम्मीदवार हैं। इस चुनाव में मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (BJP)और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के बीच है।

APR 17, 2021 21:17 IST

कोविड मरीजों ने भी डाले वोट

पश्चिम बंगाल में पांचवें चरण का मतदान संपन्‍न हो गया है। इस दौरान कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों ने भी वोट डाले। सिलीगुड़ी में तीन कोविड मरीजों ने अपने मताधिकार का इस्‍तेमाल किया। उनके लिए मतदान केंद्रों पर खास इंतजाम किए गए थे। सभी कोविड मरीज पीपीई किट पहनकर वोट डालने पहुंचे थे। निर्वाचन आयोग ने कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों के मतदान के लिए शाम 6 बजे से 7 बजे तक एक घंटे का समय निर्धारित किया था।

APR 17, 2021 19:45 IST

बंगाल में मतदान संपन्‍न

पश्चिम बंगाल में पांचवें चरण का मतदान संपन्‍न हो गया है। इस चरण के तहत 45 सीटों के लिए वोट डाले गए हैं। शाम 5:45 बजे तक 78.36 फीसदी वोटर्स ने अपने मताधिकार का इस्‍तेमाल किया। इसके लिए 15,789 मतदान केंद्र बनाए गए थे।

APR 17, 2021 18:32 IST

पांचवें दौर के मतदान में छिट-पुट हिंसा

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पांचवें चरण के लिए शनिवार को जिन क्षेत्रों में मतदान हुआ, वहां से हिंसा की कुछ छिटपुट घटनाएं सामने आई हैं। शाम 4:15 बजे तक करीब 1.13 करोड़ मतदाताओं ने वोट डाल दिया था, जबकि कुछ अब भी लाइन में अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। इस चरण में दक्षिण बंगाल के उत्तर 24 परगना, पूर्व वर्धमान और नादिया तथा उत्तर बंगाल में जलपाईगुड़ी, दार्जिलिंग और कलिम्पोंग जिलों की 45 सीटों के लिए मतदान हुआ है। उत्तर 24 परगना जिले के देगांगा विधानसभा क्षेत्र के कुरुलगाचा इलाके में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि एक मतदान केंद्र के नजदीक भीड़ को तितर-बितर करने के लिए केंद्रीय बलों ने गोलियां चलाईं। हालांकि केंद्रीय बलों ने इन आरोपों से इनकार किया।

APR 17, 2021 16:27 IST

शाम 4:15 बजे तक 69.40 फीसदी मतदान

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पांचवें चरण के तहत वोट डाले जा रहे हैं। बड़ी संख्‍या में मतदान अपने मताधिकार के इस्‍तेमाल के लिए बाहर आ रहे हैं। शाम 4:15 बजे तक यहां 69.40 प्रतिशत मतदान हुआ।

APR 17, 2021 16:07 IST

मिमि चक्रवर्ती ने किया मतदान

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के लिए हो रहे मतदान में टीएमसी सांसद मिमि चक्रवर्ती ने भी अपने मताधिकार का इस्‍तेमाल किया। उन्‍होंने जलपाईगुड़ी के एक मतदान केंद्र पर वोट डाला।
 

APR 17, 2021 16:05 IST

3:15 बजे तक 62.40 प्रतिशत मतदान

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पांचवें चरण के तहत वोट डाले जा रहे हैं, जिसे लेकर मतदाताओं में खूब उत्‍साह देखा जा रहा है। अपराह्न 3:15 बजे तक यहां 62.40 प्रतिशत मतदान हुआ।

APR 17, 2021 15:13 IST

अमित शाह का रोड शो

बंगाल में जारी मतदान के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को उत्तर 24 परगना जिले के अमडंगा में एक रोड शो किया और पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के आगामी चरणों में भाजपा को मजबूत करने की अपील की। उनका कारवां अमडंगा में मैत्री विजय मोड़ से नीलगंज मोड़ की तरफ जैसे ही बढ़ा भाजपा समर्थकों ने शाह के समर्थन में जोरदार नारे लगाए।

APR 17, 2021 14:58 IST

बीजेपी कैंडिडेट का आरोप

पश्चिम बंगाल में पांचवे चरण के तहत वोटिंग जारी है। इस बीच बिधान नगर से भाजपा प्रत्याशी सब्यसाची दत्ता ने तृणमूल कांग्रेस पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा, 'टीएमसी के गुंडों ने मुझे यहाँ नयापट्टी में रोका। वोटरों को भी रोक रहे हैं वोट करने के लिए जबकि मतदान जारी है।'
APR 17, 2021 14:36 IST

गंगारामपुर में जनसभा को संबोधित कर रहे हैं मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल में दक्षिण दिनाजपुर ज़िले के गंगारामपुर में जनसभा को संबोधित करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा, 'बंगाल के लोगों ने सभी चरणों में जिस प्रकार से निर्भीक होकर मतदान किया, शायद उनके जीवन में कई दशकों बाद निर्भीक होकर मतदान करने का मौका आया होगा।'

APR 17, 2021 14:04 IST

दोपहर डेढ़ बजे तक करीब 55 फीसदी वोटिंग

बंगाल में पांचवे चरण के मतदान के दौरान वोटरों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है और कई पोलिगं बूथ्स पर वोटरों की लंबी- लंबी कतारें लगी हुई हैं। चुनाव आयोग के मुताबिक दोपहर 1.34 बजे तक कुल 54.67 फीसदी वोटिंग हो चुकी है। मतदान की प्रक्रिया सुबह सात बजे से शुरू हुई थी जो शाम को 6.30 बजे तक चलेगी। ऐसे में इस बार भी मतदान को लेकर नया रिकॉर्ड बनने की संभावना है।
APR 17, 2021 13:27 IST

जमकर बाहर वोट देने निकल रहे हैं लोग

दक्षिण बंगाल में उत्तर 24 परगना, पूर्व वर्धमान और नादिया तथा उत्तर बंगाल में जलपाईगुड़ी, दार्जिलिंग और कलिम्पोंग जिलों की 45 सीटों पर मतदान जारी है। गर्मी से बचने के लिए लोग सुबह ही मतदान केंद्रों के बाहर लंबी कतारों में खड़े दिखाई दिए। कई जगहों पर मतदाता बिना मास्क के दिखाई दिए और सुरक्षाबलों ने उन्हें मास्क, सेनिटाइजर और दस्ताने उपलब्ध कराए।

APR 17, 2021 12:33 IST

बंगाल में चुनावी रैली को संबोधित कर रहे हैं पीएम मोदी

बंगाल में पांचवे चरण के मतदान के बीच आसनसोल में पीए मोदी रैली कर रहे हैं। रैली के दौरान पीएम मोदी ने कहा, 'इस चुनाव में आपका एक वोट सिर्फ टीएमसी को साफ नहीं करेगा बल्कि आपका एक वोट यहां से माफिया राज को भी साफ करेगा। बंगाल में जो सरकारें रहीं, उनके कुशासन ने आसनसोल को कहां से कहां पहुंचा दिया। जहां लोग चाकरी के लिए आते थे, आज यहां से लोग पलायन हो रहे हैं। मां-माटी-मानुष की बात करने वाली दीदी ने यहां हर तरफ माफिया राज पहुंचा दिया है।'

APR 17, 2021 11:44 IST

बंगाल चुनाव के पांचवें चरण में अभी तक की स्थिति शांतिपूर्ण

पश्चिम बंगाल चुनाव के पांचवें चरण में शनिवार को जिन क्षेत्रों में मतदान हो रहा है वहां कुल मिलाकर स्थिति शांतिपूर्ण है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। मुख्य चुनाव अधिकारी कार्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा कर्मी हालत पर कड़ी नजर रखे हैं और कुछ घटनाएं सामने आईं जिन्हें संभाल लिया गया। उन्होंने कहा, “अभी तक चुनाव शांतिपूर्ण रहा है। कुछ घटनाएं सामने आईं जिनका केंद्रीय बलों ने निराकरण कर दिया।”

APR 17, 2021 10:33 IST

पांचवे चरण का मतदान जारी है

पश्चिम बंगाल: सिलीगुड़ी में विधानसभा चुनाव के पांचवें चरण के लिए मतदान जारी हैं। विधानसभा चुनाव के पांचवें चरण में आज 45 सीटों पर मतदान हो रहे हैं। पांचवे चरण में सुबह 10 बजे तक 16.27% मतदान हुए हैं।

APR 17, 2021 08:31 IST

भारी सुरक्षाबल तैनात

चौथे चरण के चुनाव में हुई हिंसा को देखते हुए निर्वाचन आयोग ने इस बार सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। पिछले चरण में मतदान के दौरान कूच बिहार जिले में हुई हिंसा में पांच लोगों की मौत हो गई थी। इनमें चार लोगों की मौत केंद्रीय बलों की गोलीबारी में हुई थी।  निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने के लिए केंद्रीय बलों की कम से कम 853 कंपनियां तैनात की है। मतदान शाम 6.30 बजे तक चलेगा।
 

APR 17, 2021 08:18 IST

बड़ी संख्या में लोग मतदान करने पहुंचे

पश्चिम बंगाल: उत्तर 24 परगना ज़िले में मतदान करने के लिए बड़ी संख्या में लोग मतदान केंद्र पहुंचे। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पांचवे चरण में आज विधानसभा की 45 सीटों पर मतदान हो रहे हैं।
APR 17, 2021 07:57 IST

पीएम मोदी ने की अपील

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पांचवे चरण में मतदाताओं से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील की। प्रधानमंत्री ने पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं से खासतौर पर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने की अपील की है।

APR 17, 2021 07:13 IST

बंगाल में पाचंवे चरण के लिए वोटिंग शुरू

कोरोना महामारी के बीच पश्चिम बंगाल में पांचवे चरण का मतदान शुरू हो गया है। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर भारी भीड़ उमड़ने लगी है और सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। किसी भी अनहोनी से निपटने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। वोटिंग को लेकर महिलाओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।
APR 17, 2021 06:38 IST

पांचवे चरण के लिए कुछ ही देर में शुरू होगा मतदान

पांचवे चरण के लिए अब से कुछ देर बार मतदान शुरू हो जाएगा। कोरोना महामारी के बीच हो रहे मतदान के लिए आयोग ने पुख्ता इंतजाम किए है मतदान केंद्रों पर सोशल डिस्टेंसिंग तथा अन्य कोविड दिशा निर्देशों का ध्यान रखा जा रहा है। मतदान कर्मी सुबह से ही मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।
APR 17, 2021 06:15 IST

135 में से 93 सीटों पर जीत दर्ज कर रही भाजपा-शाह

पांचवें चरण के मतदान से एक दिन पहले केंद्रीय गृह मंत्री एवं भाजपा नेता अमित शाह ने दावा किया कि उनकी पार्टी अब तक चार चरणों में 135 सीटों पर हुए चुनाव में से 93 सीटों पर जीत दर्ज करेगी।  खरदाहा में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि बंगाल चुनाव में भाजपा 200 से ज्यादा सीटें जीतने जा रही है। उन्होंने कहा, 'दीदी, मुझे सावधानी पूर्वक सुनिए। आपका 2 मई को सत्ता से जाना तय हो गया है। भाजपा चुनाव में दोहरा शतक लगा रही है। टीएमसी दो डिजिट में रहेगी यह भी तय हो गया है।'

APR 17, 2021 06:15 IST

टीएमसी नेता सुजाता मंडल को ईसी का नोटिस

चुनाव आयोग ने शुक्रवार को तृणमूल कांग्रेस की नेता सुजाता मंडल खान को नोटिस जारी किया है। मंडल ने कथित रूप से अनुसूचित जाति के प्रति 'अपमानजनक टिप्पणी' की है। आयोग ने टीएमसी नेता को अपने बयान पर सफाई देने के लिए कहा है। भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने मंगल के खिलाफ ईसी में शिकायत की है। नकवी का कहना है कि एक न्यूज चैनल के साथ बातचीत के दौरान मंडल ने कथित रूप से अपमानजनक टिप्पणी की। 

APR 17, 2021 06:14 IST

ममता की वोटरों से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को कहा कि राज्य में इस बार का विधानसभा चुनाव मतुआ समुदाय एवं महिला की सुरक्षा एवं उनकी गरिमा का सम्मान करने के लिए है। नादिया में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए टीएमसी सुप्रीमो ने कहा कि यह चुनाव बंगाल के सम्मान की रक्षा करने वाला है। उन्होंने मतदाताओं से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील की। उन्होंने लोगों से अपने मतों को बेकार न जाने देने की अपील की।  उन्होंने कहा कि भाजपा के सत्ता में आने पर अमित शाह राज्य में एनआरसी लागू करेंगे और लोगों को असम में बने डिटेंशन सेंटर में भेजेंगे।