राम मंदिर निर्माण भूमि पूजन: पीएम मोदी बोले- राम हमारे मन में गढ़े हुए हैं, हमारे भीतर घुल-मिल गए हैं
Ayodhya Ram Mandir Nirman Bhoomi Pujan Updates:प्रधानमंत्री ने आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर की आधारशिला रखी। इसके बाद अपने संबोधन में उन्होंने देशवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि कई वर्षों से टेंट में रह रहे थे रामलला। टूटना और फिर उठ खड़ा होना, सदियों से जारी इस क्रम से राम जन्मभूमि आज मुक्त हुई है।
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली से अयोध्या पहुंचकर हुनुमानगढ़ी के दर्शन किए और फिर रामलला के दर्शन कर पूजा अर्चना की। इसके बाद पीएम मोदी भूमि पूजन के अनुष्ठान में शामिल हुए और मंदिर की आधारशिला रखी। भूमि पूजन करने के बाद अपने संबोधन में पीएम मोदी ने राम के चरित्र का बखान करते हुए कहा कि राम मंदिर राम हमारे मन में गढ़े हुए हैं, हमारे भीतर घुल-मिल गए हैं। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का चरित्र और आदर्श ही महात्मा गांधी के रामराज्य का मार्ग है।
राम मंदिर भूमि पूजन के मौके पर ममता ने विविधता में एकता की अपील की
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को अयोध्या में राम मंदिर की आधारशिला रखे जाने के मौके पर विविधता में एकता की अपील की। बनर्जी ने ट्वीट करते हुए कहा, ''हिंदू-मुस्लिम-सिख-ईसाई, आपस में हैं भाई-भाई! मेरा भारत महान, महान हमारा हिंदुस्तान। हमारे देश को विविधता में एकता की सदियों पुरानी विरासत को सदैव बरकरार रखना चाहिये और हमें अंतिम सांस तक इसकी रक्षा करनी है।''
हमें आपसी शिलाओं से इन मंदिर की शिलाओं को जोड़ना है- पीएम
पीएम मोदी ने कहा, 'राम परिवर्तन के पक्षधर हैं, राम आधुनिकता के पक्षधर हैं। उनकी इन्हीं प्रेरणाओं के साथ आज भारत आगे बढ़ रहा है। उन्होंने हमें अपने कर्तव्यों का पालन करने की सीख दी है। उन्होंने हमें आपसी प्रेम से इन शिलाओं को जोड़ना है। जब-जब मानव ने राम को माना है हमारा विकास हुआ है। हमें सबकी भावनाओं का ख्याल रखना है। अपने परिश्रम से एक आत्मविश्वासी और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण करना है।'
गांधी जी ने भी राम राज्य का सपना देखा था- मोदी
पीएम मोदी ने कहा- हमारे यहां शास्त्रों में कहा गया है कि पूरी पृथ्वी में राम के जैसा दयावान कोई हुआ ही नहीं। श्रीराम का सामाजिक संदेश है कि नर, नारी सभी समान रूप से सुखी हो। उनका संदेश है कि किसान पशुपालक सभी खुश रहें। राम ने कहा कि बुजुर्गों की बराबर सेवा होनी चाहिए। जो शरण में आए उसकी रक्षा करना सभी का कर्तव्य है। श्रीराम का संदेश है कि अपनी मातृभूमि स्वर्ग से भी बढ़कर होती है। ये भी राम जी ही कहते हैं कि भय बिनु होई न प्रीति। राम की यही नीति, रीति सदियों से भारत का मार्गदशन करती रही है। महात्मा गांधी ने इन्हीं संदेशों में रामराज्य का सपना देखा था।'
राम ने हर किसी के महत्व को पहचाना- मोदी
पीएम मोदी ने कहा, 'श्रीराम ने सामाजिक समरसता को अपने प्रेम का आधार बनाया। उन्होंने हर किसी से सहयोग लिया। यहां तक कि एक गिलहरी की महत्ता को भी उन्होंने स्वीकार किया। राम की दृढ़ता युगों युगों तक प्रेरित करती रहेगी। गरीबों और दीन दुखियों पर उनकी विशेष कृपा रहेगी। इसलिए माता सीता उनसे कहती हैं-दीन दयाल बिरिदु संभारी, हरहु नाथ मम संकट भारी'। जो राम मध्य युग में तुलसी, नानक और कबीर के दोहों में हैं। राम की यही सर्वव्यापकता भारत की विविधता में अनेकता का प्रतीक है।'
मंदिर बनने से इस क्षेत्र में पूरा अर्थतंत्र बदल जाएगा- मोदी
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा, 'सोचिए पूरी दुनिया के लोग यहां दर्शन करने आएंगे। कितना कुछ बदल जाएगा, पूरा अर्थतंत्र बदल जाएगा। ये महोत्सव है विश्वास को मन से जोड़ने का, लोक को आस्था से जोड़ने का, वर्तमान को अतीत से जोड़ने का और स्व को संस्कार से जोड़ने का। आज का यह ऐतिहासिक पल युगों युगों तक भारत की कीर्ति पताका को फहराते रहेंगे। आज का ये दिन सत्य, अहिंसा, आस्था और बलिदान को न्याय प्रिय भारत की भेंट हैं।.
यह मंदिर करोड़ों-करोड़ों लोगों के सामूहिक संकल्प का भी प्रतीक बनेगा- मोदी
पीएम मोदी ने कहा, 'अयोध्या में राम के इस भव्य मंदिर के लिए आज भूमिपूजन हुआ है। यहां आने से पहले मैंने हनुमानगढ़ी के दर्शन किए जिनके हर काम हनुमान करते हैं। हनुमान जी के आशीर्वाद से श्रीराम मंदिर के भूमि पूजन का कार्य शुरू हुआ। राम का मंदिर हमारी संस्कृति का आधुनिक प्रतीक बनेगा। हमारी शाश्वत आस्था का प्रतीक बनेगा। यह मंदिर करोड़ों-करोड़ों लोगों के सामूहिक संकल्प का भी प्रतीक बनेगा। यह मंदिर आने वाले वाली पीढ़ियों को आस्था, श्रद्धा और संकल्प की प्रेरणा देता रहेगा। मंदिर बनने से अयोध्या के इस श्रेत्र का पूरा अर्थतंत्र बदल जाएगा और हर क्षेत्र में अवसर बढ़ेंगे।'
राम हमारे मन में गढ़े हुए हैं- मोदी
पीएम मोदी ने कहा, 'राम मंदिर के लिए कई-कई पीढ़ियों ने सदियों तक संघर्ष किया आज ये पल उसी का नतीजा है। जिनके त्याग से आज ये सपना साकार हो रहा है, जिनकी तपस्या राम मंदिर में नीवं की तरह जुड़ी हुईं हैं, मैं उन सभी लोगों को 130 करोड़ देशवासियों की तरफ से सर झुकाकर नमन करता हूं। राम मंदिर के आंदोलन से जुड़ा हर शख्स जो जहां है वो इस आयोजन को देख रहा है, वो भाव विभोर है और सभी को आशीर्वाद दे रहा है। राम हमारे मन में गढ़े हुए हैं। आप भगवान राम की अद्भुत शक्ति देखिए, क्या कुछ नहीं हुआ अस्तित्व मिटाने का लेकिन राम आज भी हमारे मन में बसे हैं और हमारी संस्कृति के आधार है। श्रीराम मर्यादा पुरुषोत्तम हैं।'
सियावर राम चंद्र की जय, जय सियाराम- मोदी
आज ये जयघोष सिर्फ सियाराम की नगरी में ही नहीं सुनाई दे रहा है बल्कि इसकी गूंज पूरे विश्व में फैल रही है। देशवासियों और विश्वभर में फैले करोड़ों भक्तों को आज के इस शुभअवसर पर बधाई। ये मेरा सौभाग्य है कि मुझे श्रीराम क्षेत्र ट्रस्ट ने यह अवसर दिया। आना भी जरूरी था क्योंकि राम काज कीन्हे बिनु मोहि कहाँ बिश्राम...भारत और एक इतिहास रच रहा है। आज पूरा देश रोमांचित है। आज पूरा भारत भावुक है। सदियों का इंतजार आज समाप्त हो रहा है। करोड़ों लोगों को आज ये विश्वास ही नहीं हो रहा होगा कि वो अपने जीते जी इस पावन अवसर को देख रहे हैं। बरसों से टांट और टेंट में रह रहे हमारे रामलला के लिए अब एक भव्य राममंदिर का निर्माण होगा। आज रामजन्मभूमि मुक्त हुई।
भक्तों की मनोकामना होगी पूरी- नृत्य गोपालदास
अयोध्या में राम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास बोले- मुझसे कई बार पूछा गया कि कब राम मंदिर का निर्माण किया जाएगा। अब जल्द ही इसका निर्माण होगा। भक्तों की मनोकामना पूरी होगी
मोहन भागवत ने दी देशवासियों को बधाई
इस अवसर पर संघ सरचालक मोहन भागवत ने कहा, 'इस मंदिर निर्माण के लिए जी जान से अनेक लोगों ने बलिदान दिया जो यहां उपस्थित नहीं हैं। आडवाणी जी आज अपने घर में बैठकर कार्यक्रम को देख रहे हैं। कितने लोग ऐसे हैं जो आज हालातों की वजह से यहां पर बुलाएं नहीं जा सकते हैं लेकिन वो खुश हैं। भारत को आत्मनिर्भर बनाने का जो भाव था उसका अधिष्ठान बनाने का कार्य शुरू हो रहा है आज।'
योगी बोले- मंदिर के लिए रहा है 500 वर्षों का संघर्ष
मंदिर की आधारशिला रखने के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि मंदिर के लिए 500 सालों का संघर्ष रहा है। उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में, भारत के लोकतांत्रिक मूल्यों और उसकी न्यायपालिका की शक्ति ने दुनिया को दिखा दिया है कि शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक और संवैधानिक रूप से हल किए गए मामले कैसे हो सकते हैं।
राष्ट्रपति ने दी बधाई
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने राम मंदिर के भूमि पूजन पर बधाई देते हुए कहा, 'राम-मंदिर निर्माण के शुभारंभ पर सभी को बधाई! मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु राम के मंदिर का निर्माण न्यायप्रक्रिया के अनुरूप तथा जनसाधारण के उत्साह व सामाजिक सौहार्द के संबल से हो रहा है। मुझे विश्वास है कि मंदिर परिसर, रामराज्य के आदर्शों पर आधारित आधुनिक भारत का प्रतीक बनेगा'
योगी बोले- राम प्रेम हैं, वे कभी घृणा में प्रकट नहीं हो सकते
कांग्रेस नेता राहुल गांधी बोले- मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम सर्वोत्तम मानवीय गुणों का स्वरूप हैं। वे हमारे मन की गहराइयों में बसी मानवता की मूल भावना हैं। राम प्रेम हैं, वे कभी घृणा में प्रकट नहीं हो सकते। राम करुणा हैं, वे कभी क्रूरता में प्रकट नहीं हो सकते। राम न्याय हैं, वे कभी अन्याय में प्रकट नहीं हो सकते।
पीएम मोदी ने रखी भव्य राम मंदिर की नींव
उम्मीद है कि भावी पीढ़ियां भगवान राम के दिखाए रास्ते का पालन करेंगी : अखिलेश
अयोध्या में राम मंदिर भूमि पूजन से पहले समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को आशा जताई कि मौजूदा और भावी पीढ़ियां भी मर्यादा पुरुषोत्तम के दिखाए मार्ग के अनुरूप सच्चे मन से सबकी भलाई और शांति के लिए मर्यादा का पालन करेंगी। पूर्व मुख्यमंत्री ने 'जय महादेव जय सिया-राम जय राधे-कृष्ण जय हनुमान' से अपने ट्वीट की शुरुआत करते हुए कहा, 'भगवान शिव के कल्याण, श्रीराम के अभयत्व एवं श्रीकृष्ण के उन्मुक्त भाव से सब परिपूर्ण रहें!'
पूजा अनुष्ठान जारी, करोडो़ लोग बन रहे हैं साक्षी
राम मंदिर के भूमि पूजन का कार्यक्रम जारी
राम मंदिर के भूमि पूजन का अनुष्ठान जारी है जिसमें पीएम मोदी सहित सीएम योगी, संघ प्रमुख मोहन भागवत औऱ अन्य गणमान्य लोग मौजूद हैं। कुछ ही देर में मंदिर की नींव रखी जाएगी। अयोध्या में बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद हैं।
रामलला की पूजा कर लगाया पारिजात का पौधा
हनुमानगढ़ी से रामलला विराजमान पहुंचकर पीएम मोदी ने पूजा अर्चना की और साष्टांग प्रणाम किए। इसके बाद सीएम योगी के साथ पीएम मोदी बाहर आए और पारिजात के पौधे का रोपण किया। अब पीएम मोदी भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निकल गए हैं।
हनुमानगढ़ी में की पीएम मोदी ने पूजा-अर्चना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हनुमानगढ़ी में पहुंचकर भगवान के दर्शन किए और इस दौरान पूजा-अर्चना भी की। प्रधानमंत्री के साथ इस दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। मंदिर प्रशासन की तरफ से पीएम मोदी को सम्मानित किया गया और पगड़ी, श्रीराम के नाम का पटका था एक चांदी का मुकुट देकर सम्मानित किया गया।
योगी ने किया पीएम मोदी का स्वागत
पीएम मोदी पहुंचे अयोध्या
राम मंदिर के शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अयोध्या पहुंच चुके हैं। पीएम मोदी पहले लखनऊ पहुंचे जहां से हेलीकॉप्टर के जरिए वो अयोध्या पहुंचे। सबसे पहले पीेएम मोदी हनुमानगढ़ी में पूजा-अर्चना करेंगे जिसके बाद वो राम मंदिर के शिलान्यास कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। पीएम मोदी के दौरे के मद्देनजर अयोध्या में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है।
भागवत पुहंचे अयोध्या
यहां लैंड का करेगा पीएम का हेलीकॉप्टर
पीएम मोदी का हैलीकॉप्टर अयोध्या के साकेत कॉलेज में बने हैलीपैड पर लैंड करेगा जहां से पीएम मोदी सबसे पहले हनुमानगढ़ी में दर्शन और पूजा के लिए निकलेंगे। पीएम मोदी से पहले तमाम गणमान्य लोग अयोध्या पहुंच चुके हैं। योगी आदित्यनाथ और उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल पहले ही अयोध्या पहुंच चुके हैं।
रामदेव बोले- हम बन रहे हैं ऐतिहासिक पल के गवाह
राम जन्मभूमि स्थल पर पहुंचे योग गुरु रामदेव बोले- भारत का सबसे बड़ा सौभाग्य है जो हम राममंदिर कार्यक्रम में देख रहे हैं ... इस राष्ट्र में 'रामराज्य' स्थापित करने के लिए, पतंजलि योगपीठ अयोध्या में एक भव्य 'गुरुकुल' बनाएगी। दुनिया भर के लोग यहां वेद, आयुर्वेद का अध्ययन कर सकेंगे।
उमा भारती बोलीं- अयोध्या ने सबको एक कर दिया
अयोध्या पहुंची उमा भारती बोलीं- अयोध्या ने सभी को एक कर दिया है। अब ये देश पूरी दुनिया में अपना माथा ऊंचा उठाकर कहेगा कि यहां कोई भेदभाव नहीं है। उमा भारती के अलावा महंत नृत्यगोपाल दास भी अयोध्या पहुंच चुके हैं। कुछ ही देर बाद पीएम मोदी भी अयोध्या पहुंचेंगे।
पीएम मोदी लखनऊ पहुंचे, यहां से अयोध्या के लिए होंगे रवाना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अयोध्या के लिए दिल्ली से रवाना होकर लखनऊ पहुंच चुके हैं हां से वह हेलीकॉप्टर के जरिए अयोध्या पहुंचेंगे। वहां पहुंचकर वो सीधे हनुमानगढ़ी में पहुंचेंगे जहां पूजा अर्चना कर पीएम मोदी भूमि पूजन कार्यक्रम में शामल होंगे।
राज्यपाल, उमा भारती और योगी पहुंचे अयोध्या
अयोध्या पहुंचने लगे हैं धर्मगुरु
उत्तर प्रदेश: भूमि पूजन के लिए अयोध्या पहुंचे धार्मिक नेताओं का कहना है, 'आज एक लंबे संघर्ष का अंत हो रहा है। यह एक ऐतिहासिक दिन होगा।' साधु संतों का कहना है कि यह ऐतिहासिक पल है जिसके वो गवाह बनने जा रहे हैं।
दिल्ली के सीएम केजरीवाल ने दी भूमि पूजन की बधाई
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भूमि पूजन की बधाई देते हुए ट्वीट कर कहा, 'भूमि पूजन के मौक़े पर पूरे देश को बधाई भगवान राम का आशीर्वाद हम पर बना रहे। उनके आशीर्वाद से हमारे देश को भुखमरी, अशिक्षा और ग़रीबी से मुक्ति मिले और भारत दुनिया का सबसे शक्तिशाली राष्ट्र बने।आने वाले समय में भारत दुनिया को दिशा दे। जय श्री राम! जय बजरंग बली!'
उमा भारती बोलीं- मैं रहूंगी अयोध्या में उपस्थित
बीजेपी नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने कुछ दिन पहले कहा था कि वह अयोध्या नहीं जा पाएंगी लेकिन अब उन्होंने ट्वीट कर कहा कि में अयोध्या में उपस्थित रहूंगी। उमा ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'मैं मर्यादा पुरुषोत्तम राम की मर्यादा से बँधी हूँ । मुझे रामजन्मभूमी न्यास के वरिष्ठ अधिकारी ने शिलान्यास स्थली पर उपस्थित रहने का निर्देश दिया है । इसलिये मैं इस कार्यक्रम में उपस्थित रहूँगी।'
सुप्रीम कोर्ट ने किया विवाद का अंत- मायावती
बसपा सुप्रीमो मायावती ने ट्वीट करते हुए कहा, 'जैसाकि सर्वविदित है कि अयोध्या विभिन्न धर्मों की पवित्र नगरी व स्थली है। लेकिन दुःख की बात यह है कि यह स्थल राम-मन्दिर व बाबरी-मस्जिद जमीन विवाद को लेकर काफी वर्षों तक विवादों में भी रहा है। लेकिन इसका माननीय सुप्रीम कोर्ट ने अन्त किया। साथ ही, इसकी आड़ में राजनीति कर रही पार्टियों पर भी काफी कुछ विराम लगाया। मा. कोर्ट के फैसले के तहत ही आज यहाँ राम-मंदिर निर्माण की नींव रखी जा रही है, जिसका काफी कुछ श्रेय मा. सुप्रीम कोर्ट को ही जाता है। जबकि इस मामले में बी.एस.पी का शुरू से ही यह कहना रहा है कि इस प्रकरण को लेकर माननीय सुप्रीम कोर्ट, जो भी फैसला देगा, उसे हमारी पार्टी स्वीकार करेगी। जिसे अब सभी को भी स्वीकार कर लेना चाहिये। बी.एस.पी की यही सलाह है।'
नागपुर: संघ मुख्यालय के बाहर बनी रंगोली
अयोध्या के लिए रवान हुए पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अयोध्या में राम मंदिर भूमि पूजन के लिए रवाना हो गए हैं। पीएम मोदी की एक तस्वीर सामने आई हैं जिसमें वह प्लेन पर सवान होने से पहले धोती कुर्ते में नजर आ रहे हैं। पीएम मोदी सबसे पहले हनुमानगढ़ी में पूजा-अर्चना करेंगे और उसके बाद राम मंदिर की आधारिशला रखेंगे।
सामने आई रामलला की तस्वीर
अयोध्या में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राम जन्मभूमि पर 'राम लला' की पूजा अर्चना करेंगे। इसके बाद ग्राउंड-ब्रेकिंग सेरेमनी (शिलान्यास) होगी। इस कार्यक्रम में 175 से अधिक गणामान्य लोग शामिल होंगे। कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मुख्य मंच पर पीएम मोदी के अलावा सीएम योगी, ट्रस्ट के प्रमुख महंत नृत्यगोपाल दास, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और संघ प्रमुख मोहन भागवत उपस्थित रहेंगे।
अमेरिका में भी राम मंदिर भूमि पूजन का जश्न
अमेरिका में भी राम मंदिर के भूमि पूजन का जश्न मनाया जा रहा है। भारतीय समुदाय के सदस्य वाशिंगटन डीसी में कैपिटल हिल के बाहर इकट्ठा हुए और यहां उन्होंने हाथों में भगवा झंडा लेकर अयोध्या में राम मंदिर के शिलान्यास समारोह के उपलक्ष्य में जश्न मनाया।
पीएम को पगड़ी और चांदी का मुकुट होगा भेंट
हनुमान गढ़ी के मुख्य पुजारी श्री गद्दीनशीन प्रेमदास जी महाराज ने कहा, 'पीएम का अयोध्या दौरा एक गौरव का क्षण है। हम उन्हें एक पगड़ी के साथ, एक चांदी का मुकुट और भगवान राम के नाम से मुद्रित स्टोल भेंट कर सम्मानित करेंगे। हमें यह भी उम्मीद है कि वह 3.5 क्विंटल की घंटी बजाएंगे और राम जन्मभूमि की तरफ बढ़ेंगे।'
कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने भगवान राम और सीता के साथ लक्ष्मण की तस्वीरों वाली संविधान की मूल प्रति शेयर की
चांदी के फावड़े से डलेगी नींव
राम मंदिर की नींव चांदी के फावड़े औऱ चांदी की कन्नी सी डाली जाएगी। इसकी तस्वीर भी सामने आ गई है। वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी ट्वीट करते हुए कहा, 'जद्यपि सब बैकुंठ बखाना। बेद पुरान बिदित जगु जाना॥ अवधपुरी सम प्रिय नहिं सोऊ। यह प्रसंग जानइ कोउ कोऊ॥ अति प्रिय मोहि इहाँ के बासी। मम धामदा पुरी सुख रासी॥
हरषे सब कपि सुनि प्रभु बानी। धन्य अवध जो राम बखानी॥'
योगी ने दी रामभक्तों को बधाई
रामदेव बोले- आज का दिन ऐतिहासिक
योग गुरु रामदेव भी अयोध्या में मौजूद हैं। हनुमान गढ़ी मंदिर में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, 'आज का दिन एक ऐतिहासिक दिन है। इस दिन को लंबे समय तक याद रखा जाएगा। मुझे विश्वास है कि राम मंदिर के निर्माण के साथ, भारत में 'राम राज्य' की स्थापना होगी।'
पीएम के दौरे से पहले हनुमानगढ़ी में सैनिटाइजेशन
भगवान राम पर कांग्रेस ने मारी ऐतिहासिक पलटी- शेखावत
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने यह कहते हुए कांग्रेस पर प्रहार किया कि जिस पार्टी ने भगवान राम के अस्तित्व से ही इनकार किया, वह अब इस मुद्दे पर पलटी मारकर उनका गुणगान कर रही है। उनका बयान तब आया है जब कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा ने कहा कि भगवान राम सभी के हैं और वह आशा करती हैं कि अयोध्या में मंदिर का भमि पूजन अनुष्ठान राष्ट्रीय एकता का समारोह हो जाए।
झारखंड: पूरे राज्य में दीप प्रज्जवलित करेगी कांग्रेस
झारखंड प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा पर राम मंदिर के शिलान्यास में राजनीति का आरोप लगाया और कहा कि पार्टी बुधवार को समस्त राज्य में जिला कांग्रेस कार्यालयों तथा रांची स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में दीप प्रज्जवलित करेगी। कांग्रेस के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव ने मंगलवार को यहां मीडिया से बातचीत में यह बात कही।
वाम झुकाव वाली महिलाअधिकार कार्यकर्ताओं ने PM से की अयोध्या ना जाने की अपील
वाम झुकाव वाली महिला अधिकार कार्यकर्ताओं के एक समूह ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की कि वह अयोध्या में बुधवार को होने वाले शिलान्यास में शामिल नहीं हों। भारतीय राष्ट्रीय महिला फेडरेशन (एनएफआईडब्ल्यू) ने कहा कि मंदिर के शिलान्यास में देश के प्रधानमंत्री के शामिल होने को लेकर वह ''निराश'' है।
राममंदिर के शिलान्यास समारोह से पहले सजाई गई अयोध्या
चंपत राय बोले- 1947 जैसा ऐतिहासिक दिन
भूमि पूजन से पहले राम मंदिर तीर्थ भूमि ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय ने कहा कि मंदिर निर्माण की खुशी 15 अगस्त 1947 जैसे ऐतिहासिक दिन की है। उन्होंने कहा कि यह दिन आनंदित कर देने वाला है। आज होने वाले शिलान्यास कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अलावा तमाम बडे राजनेता और साधु संतों सहित 175 आमंत्रित हैं। अयोध्या की ओर जाने वाले हर रास्ते पर प्रस्तावित राम मंदिर और राम लला के चित्रों वाली होर्डिंग लगायी गयी है । हनुमानगढी क्षेत्र में पुलिस का सायरन और भजन दोनों ही भगवान राम की भक्ति में लीन दिख रहे हैं।
अयोध्या में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
अयोध्या मे आज होने वाले भूमि पूजन कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने के मददेनजर सुरक्षा बढ़ा दी गयी है और सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया गया है। यूपी पुलिस के अलावा केंद्रीय बलों की भी तैनाती की गई है। मंदिर निर्माण की आधारशिला रखने के लिए वह एक पट्टिका का अनावरण करेंगे और इस मौके पर ‘श्री राम जन्मभूमि मंदिर’ पर एक स्मारक डाक टिकट भी जारी करेंगे।
भागवत भी करेंगे शिरकत
पांच अगस्त को होने वाले भूमि पूजन कार्यक्रम के लिये भगवान राम की नगरी अयोध्या को 'दुल्हन' की तरह सजाया गया। भव्य राम मंदिर निर्माण के लिये होने वाले इस एतिहासिक भूमि पूजन कार्यक्रम में बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल होंगे।
पीएम मोदी के दौरे की पुष्टि
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया कि इस कार्यक्रम से पहले मोदी हनुमानगढ़ी में ‘‘पूजा’’ और ‘‘दर्शन’’ करेंगे। मंदिर के शिलान्यास समारोह में शामिल होने के लिए मोदी अयोध्या का दौरा करेंगे, आज इसकी आधिकारिक रूप से पुष्टि हुई।नुमानगढ़ी में पूजा अर्चना के बाद प्रधानमंत्री ‘‘श्री राम जन्मभूमि’’ जाएंगे जहां वह 'भगवान श्री रामलला विराजमान' की पूजा और दर्शन में शामिल होंगे।
भूमिपूजन से पहले अयोध्या हुई जगमग
अयोध्या नगरी मंगलवार सूर्यास्त होते ही जगमग रोशनी से नहा उठी और राम मंदिर के भूमि पूजन से एक दिन पहले संध्याकाल जीवंत हो उठा। हर खासो-आम ने उल्लास के इस महोत्सव को 'माटी के दिये' प्रज्जवलित कर दिव्य बना दिया। संध्या आरती का समय होते ही प्रभु श्रीराम के भजन बजने लगे। हर ओर 'श्री राम चंद्र कृपालु भज मन, श्री राम जय राम जय जय राम' की गूंज थी ।

