LIVE

Rajasthan, Bihar By-Election Result 2021: बिहार में दोनों सीटों पर JDU विजयी, राजस्थान में कांग्रेस ने दोनों सीटें जीतीं, RJD और BJP को लगा झटका

Bihar, Rajasthan By-Election Result 2021,Rajasthan, Bihar Chunav Result 2021: देश में 13 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेश दादरा एवं नगर हवेली में तीन लोकसभा सीटों और 29 विधानसभा सीटों पर गत 30 अक्टूबर को हुए उपचुनाव के नतीज आज आए। बिहार विधानसभा की दो सीटों कुशेश्वर स्थान और तारापुर में शनिवार को करीब 49.60 प्रतिशत मतदान हुआ। इन दोनों सीटों पर जनता दल यूनाइटेड को पिछली बार जीत मिली थी।

टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलटाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलUpdated Nov 2, 2021, 22:20 IST
Follow on Google News
Rajasthan, Bihar By-Election Result 2021: बिहार में दोनों सीटों पर JDU विजयी, राजस्थान में कांग्रेस ने दोनों सीटें जीतीं, RJD और BJP को लगा झटका

Bihar, Rajasthan By-Election Result 2021 (राजस्थान, बिहार उपचुनाव रिजल्ट 2021): बिहार के कुशेश्वर स्थान (सुरक्षित) विधानसभा सीट पर जेडीयू ने अपना कब्जा बरकरार रखा और उसने लालू प्रसाद की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) को 12,000 से अधिक मतों के अंतर से हरा दिया। जेडीयू के अमन भूषण हजारी को 58,882 मत मिले, जबकि आरजेडी उम्मीदवार गणेश भारती को 47,184 वोट मिले। वहीं तारापुर में भी जदयू उम्मीदवार राजीव कुमार सिंह ने राजद के अरुण कुमार साह को हरा दिया। इसके अलावा राजस्थान की धरियावद विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी नगराज मीणा विजयी रहे। मीणा ने निर्दलीय उम्मीदवार थावरचंद को 18725 मतों के अंतर से हराया। वहीं, वल्लभनगर सीट पर भी कांग्रेस की उम्मीदवार प्रीति सिंह शक्तावत ने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को मात दी है।

Madhya Pradesh, Haryana, HP By-Election Result 2021 Live

NOV 02, 2021 21:33 IST

बिहार: दोनों सीटों पर JDU को मिली जीत

बिहार में जेडीयू ने 2 विधानसभा सीटों- कुशेश्वर स्थान और तारापुर पर अपना कब्जा बरकरार रखा। तारापुर में जद (यू) उम्मीदवार राजीव कुमार सिंह ने राजद के अरुण कुमार साह को करीब 4,000 मतों से हराया। इससे पहले सत्तारूढ़ जद (यू) ने कुशेश्वर स्थान सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखा और उसने लालू प्रसाद की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल को 12,000 से अधिक मतों के अंतर से पराजित किया।

NOV 02, 2021 20:37 IST

राजस्थान: बीजेपी को भारी नुकसान

राजस्थान में दो विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव परिणाम मुख्य विपक्षी दल भाजपा के लिए अच्छे नहीं रहे। पार्टी ने इन चुनाव में न केवल एक सीट गंवाई बल्कि वह वल्लभनगर सीट पर तो चौथे स्थान खिसक गई। धरियावद सीट पर भाजपा तीसरे स्थान पर रही। यहां कांग्रेस के नगराज मीणा जीते जिन्हें 69819 (39.16 प्रतिशत) वोट मिले। वल्लभनगर में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार हिम्मत सिंह झाला 21433 (11.71 प्रतिशत) मतों के साथ चौथे स्थान पर रहे। इस सीट पर कांग्रेस की प्रीति सिंह शक्तावत ने 65713 (35.9 प्रतिशत) मतों के साथ जीत दर्ज की।

NOV 02, 2021 19:58 IST

लालू के प्रचार से हुआ RJD को नुकसान: पशुपति कुमार पारस

केंद्रीय मंत्री और लोजपा नेता पशुपति कुमार पारस ने कहा कि बिहार में उपचुनाव के लिए कुशेश्वरस्थान और तारापुर विधानसभा में राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव द्वारा किया गया प्रचार उनकी पार्टी के लिए लाभ के बजाय नुकसान था।

NOV 02, 2021 19:09 IST

बिहार: दोनों सीटों पर JDU की जीत

जेडीयू प्रत्याशी की तारापुर विधानसभा सीट पर भी जीत हुई। बिहार की दोनों सीटों पर JDU का कब्जा बरकरार रहा। 

NOV 02, 2021 17:44 IST

राजस्थान: कांग्रेस ने दोनों धरियावद और वल्लभनगर सीट जीती

राजस्थान की वल्लभनगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव में कांग्रेस की उम्मीदवार प्रीति सिंह शक्तावत जीतीं। दोनों सीटें कांग्रेस की झोली में।

NOV 02, 2021 16:43 IST

बिहार: कुशेश्वरस्थान से JDU की जीत

जदयू ने 12,695 मतों के अंतर से कुशेश्वरस्थान विधानसभा सीट जीती। राजद दूसरे, लोजपा तीसरे नंबर पर रही। जनता दल (यू) के अमन भूषण हजारी को 58,882 मत मिले, जबकि राजद उम्मीदवार गणेश भारती को 47,184 वोट मिले। अमन भूषण हजारी के पिता की मृत्यु के कारण उपचुनाव कराना पड़ा।
 

NOV 02, 2021 15:42 IST

वल्लभनगर सीट पर कांग्रेस की प्रीति शक्तावत 

राजस्थान की वल्लभनगर सीट पर 22वें राउंड के बाद कांग्रेस की प्रीति शक्तावत 20202 वोट से आगे हैं। प्रीति को 64732 वोट मिले हैं जबकि उदयलाल डांगी को 44530, रणधीर सिंह भींडर  को  43175 और हिम्मत सिंह झाला को 21163 वोट मिले हैं। 

NOV 02, 2021 15:17 IST

तेज प्रताप का जगदानंद सिंह पर निशाना

कुशेश्वरस्थान पर जद-यू को जीत मिली है लेकिन तारापुर में जद-यू और राजद के बीच मुकाबला जारी है। 17वें राउंड की मतों की गिनती संपन्न हो गई है। इस सीट पर राजद के उम्मीदवार जद-यू प्रत्याशी पर मामूली बढ़त बनाए हुए हैं। वहीं, तारापुर सीट हारने पर राजद नेता तेज प्रताप यादव ने अपनी ही पार्टी के नेताओं पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि जगदानंद सिंह जैसे नेता पार्टी को हराने पर तुले हैं। 

NOV 02, 2021 14:49 IST

कुशेश्वर स्थान सीट पर जेडीयू की जीत

कुशेश्वर स्थान सीट पर जेडीयू उम्मीदवार अमन भूषण हजारी को  शानदार जीत मिली है, उन्होंने अपने निकटतम आरजेडी के उम्मीदवार पर 12 हजार वोटों से हराया है।इसके साथ ही तारापुर में आरजेडी उम्मीदवार आगे है।

NOV 02, 2021 14:22 IST

धरियावद सीट पर कांग्रेस का कब्जा

प्रतापगढ़ धरियावद सीट से  कांग्रेस उम्मीदवार नगराज मीणा की जीत की हुई है। 18725 वोट से जीतें कांग्रेस प्रत्याशी नगराज मीणा। बीटीपी के बागी थावरचंद को हराया। भाजपा के खेत सिंह मीणा रहे तीसरे स्थान पर।

NOV 02, 2021 14:17 IST

राजस्थान में कांग्रेस का दबदबा

राजस्थान कांग्रेस में अंतर्कलह के बाद भी धरियागढ़ और वल्लभनगर में पार्टी की जीत से कार्यकर्ताओं में उत्साह है। धरियाबाद में कांग्रेस उम्मीदवार एक बड़े अंतर से आगे है तो वल्लभनगर में कांग्रेस उम्मीदवार को बढ़त कायम है।

NOV 02, 2021 14:00 IST

तेजस्वी यादव का क्या कहना है

आरजेडी नेता तेजस्वी यादव का कहना है कि तारापुर में हम बढ़त बनाए हुए हैं और कुशेश्वर स्थान में जीत हासिल करेंगे।

NOV 02, 2021 12:57 IST

कुशेश्वर स्थान में जेडीयू की बढ़त कायम

बिहार के कुशेश्वर स्थान सीट पर जेडीयू उम्मीदवार की बढ़त कायम है। हालांकि आरजेडी नेता तेजस्वी यादव का कहना है पार्टी दोनों सीटों यानी कुशेश्वरस्थान और तारापुर दोनों जगह जीत हासिल करेगी।

NOV 02, 2021 12:35 IST

धरियावाद में कांग्रेस उम्मीदवार 17 हजार वोट से आगे

राजस्थान के धरियावाद सीट से कांग्रेस उम्मीदवार नागराज 17 हजार के बड़े अंतर से अपने निकटतम उम्मीदवार खेत सिंह से आगे हैं। जबकि वल्लभनगर में भी कांग्रेस की उम्मीदवार प्रीति सिंह शक्तावत आरएलपी उम्मीदर से आगे हैं।

NOV 02, 2021 12:12 IST

बिहार में बराबरी का मुकाबला, राजस्थान में बीजेपी पीछे

बात अगर बिहार की करें तो दरभंगा की कुशेश्वरस्थान से जेडीयू उम्मीदवार करीब 8 हजार मतों से आगे चल रहे हैं तो तारापुर में आरजेडी उम्मीदवार करीब 2500 मतों से बढ़त बनाए हुए हैं। जबकि राजस्थान में बीजेपी पिछड़ती नजर आ रही है। 

NOV 02, 2021 11:33 IST

बिहार में दोनों सीटों पर आरजेडी आगे

बिहार में कुशेश्वर स्थान और तारापुर दोनों सीटों पर आरजेडी के उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। बता दें कि इससे पहले कुशेश्वर स्थान में जेडीयू का उम्मीदवार आगे था।

NOV 02, 2021 11:12 IST

वल्लभनगर सीट पर कांग्रेस आगे

उदयपुर के वल्लभनगर विधानसभा उपचुनाव में पांचवे राउंड की मतगणना पूरी। 4637 वोट से कांग्रेस की प्रीति आगे।
प्रीति : 15418
उदयलाल दांगी : 11381
हिम्मत सिंह झाला : 8086
रणधीर सिंह भींडर : 8174

NOV 02, 2021 11:06 IST

धरियावद में कांग्रेस आगे

प्रतापगढ़ के धरियावद विधानसभा उपचुनाव में 10 वें राउंड की मतगणना पूरी। 7528 वोट से कांग्रेस के नगराज आगे।
खेत सिंह, बीजेपी : 23958 
नगराज, कांग्रेस : 31486 
थावरचंद, निर्दलीय: 14979

NOV 02, 2021 11:04 IST

तारापुर सीट पर आरजेडी आगे

तारापुर सीट पर चौथे राउंड में RJD 2250 वोट से आगे

12624 अरुण शाह -आरजेडी

10374 राजीव कुमार सिंह जेडीयू

NOV 02, 2021 11:02 IST

कुशेस्वर स्थान में जेडीयू उम्मीदवार 3320 मतों से आगे

कुशेश्वर स्थान सीट से सातवें दौर की गिनती में जदयू प्रत्याशी अमन भूषण हजारी 3320 मत से आगे

 15094 मत राजद

18414 मत जदयू

1378 मत कांग्रेस 

1830 मत लोजपा रामविलास

40 हजार 732 मतों की गिनती हुई पूरी

NOV 02, 2021 10:49 IST

तेजस्वी बोले दरभंगा में हूं, गड़बड़ी नहीं होने दूंगा

मतगणना के दिन राजद नेता तेजस्वी यादव दरभंगा में हैंं। उन्होंने कहा कि हम शानदार मार्जिन से जीतेंगे। अगर प्रशासन या अन्य लोग कोई गड़बड़ी पैदा करने की कोशिश करेंगे तो मैं यहां दरभंगा में हूं। मैं जनादेश को किसी के द्वारा चोरी नहीं होने दूंगा। हमारी टीमें यहां हैं और सब कुछ देख रही हैं।

NOV 02, 2021 10:25 IST

बिहार में दोनों सीटों पर जद (यू) आगे, तेजस्वी की बढ़ी चिंता !

बिहार में तारापुर विधाान सभा सीट पर जनता दल (यू) के राजीव कुमार सिंह, राजद के अरुण कुमार से केवल 224 मतों से आगे चल रहे हैं। बिहार में तारापुर और कुशेश्वरस्थान दोनों सीटों पर राजद और जद (यू) में कांटे की टक्कर चल रही है। वहीं कुशेश्वरस्थान से जद (यू) अमन भूषण हजारी, राजद के गणेश भारती से 426 मतों से आगे हो गए हैं।

NOV 02, 2021 09:58 IST

राजस्थान में दोनों सीटें पर कांग्रेस आगे, एक सीट पर लोकतांत्रिक पार्टी से टक्कर

राजस्थान में शुरूआती रूझान भाजपा के लिए अच्छे नहीं हैं। दोनों विधान सभा सीटों पर कांग्रेस पार्टी आगे चल रही है। वल्‍लभ नगर सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी प्रीति गजेन्द्र सिंह शक्तावत राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के उदयलाल डांगी से 1269 मतों से आगे हैं। जबकि धरियावद सीट पर कांग्रेस के नगराज भाजपा के खेत सिंह से 1185 मतों से आगे हैंं।

NOV 02, 2021 09:38 IST

बिहार का पहला रूझान, कांटे की टक्कर, 397 मतों से राजद उम्मीदवार आगे

उप चुनाव में बिहार के कुशेश्वरस्थान के पहले रूझान सामने आ गए हैं। राजद के गणेश भारती 397 वोटों से आगे चल रहे हैं। उन्होंने जद (यू) उम्मीदवार अमन भूषण हजारी से शुरूआती बढ़त बना ली है।

NOV 02, 2021 09:09 IST

बिहार में लालू का दावा, जीतेंगे दोनों सीटें

राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने  मीडिया से बात करते हुए आज दावा किया है कि दोनों सीटों पर उनकी पार्टी चुनाव जीत रही है। लालू यादव ने 2015 के विधान सभा चुनावों के बाद पहली बार बिहार में विधान सभा चुनावों के लिए चुनाव प्रचार किया है। इस बार प्रचार में उनके और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बीच एक-दूसरे पर तीखे बयानों के जरिए प्रहार भी दिखे हैं।

NOV 02, 2021 08:30 IST

मतगणना शुरू, कांग्रेस बिगाड़ सकती है तेजस्वी का खेल

 तारापुर और कुशेश्वरस्थान पर आरजेडी और जद (यू) में कड़ा मुकाबला दिख रहा है। तारापुर से जेडीयू नेता और कुशवाहा जाति से आने वाले राजीव कुमार सिंह को अपना प्रत्याशी बनाया है। वहीं राजद ने वैश्य जाति के अरुण साव को उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस ने राजेश मिश्रा और एलजेपी (रामविलास) ने चंदन कुमार को प्रत्याशी बनाया है। इसकी वजह से मुकाबला रोचक हो गया है। कांग्रेस पहले महागठबंधन का हिस्सा थी। लेकिन उसने अपना उम्मीदवार उतारकर राजद की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

NOV 02, 2021 08:21 IST

राजस्थान में इनकी सीधी टक्कर, जीत से गहलोत का कद बढ़ेगा

विधान सभा क्षेत्र              भाजपा उम्मीदवार               कांग्रेस उम्मीदवार

 वल्लभनगर                     हिम्मत सिंह झाला             प्रीति शक्तावत 

धारियावाड़                    खेत सिंह मीणा                 नागराज मीणा 

NOV 02, 2021 08:04 IST

कुशेश्वर स्थान पर जद (यू) का लंबे समय से है कब्जा

कुशेश्वर स्थान की सीट करीब एक दशक से जदयू के पास है। नवंबर 2020 के विधानसभा चुनाव में  हार-जीत का अंतर बहुत अधिक नहीं था। जदयू के शशिभूषण हजारी को 53,980 वोट मिले थे और कांग्रेस के अशोक कुमार को 46,758 वोट। जबकि लोजपा की पूनम कुमारी को 13,362 वोट मिले थे। 

NOV 02, 2021 07:53 IST

राजस्थान की 2 सीटों से गहलोत-पायलट और वसुंधरा पर असर

राजस्थान की दो सीटों पर होने वाले उप चुनाव कांग्रेस और भाजपा दोनों के लिए अहम हैं। यह चुनाव मुख्यमंत्री अशोक गहलोत-सचिन पायलट की आपसी खींचतान और भाजपा में वसुंधरा राजे के समर्थकों के विरोध के बीच हो रहे हैं। राज्य की वल्लभनगर (उदयपुर) और धरियावद (प्रतापगढ़) विधानसभा सीटों पर 30 अक्टूबर को वोटिंग हुई थी

NOV 02, 2021 07:42 IST

बिहार में ये है सीटों का हाल, जानें किस दल के पास कितनी सीटें

243 सीटों वाली विधान सभा में बहुमत के लिए 122 सीटों की जरूरत है। नीतीश कुमार (Nitish Kymar) के नेतृत्व वाले एनडीए को इस समय 126 सीटें प्राप्त हैं। इसमें बीजेपी को 74, जनता दल (यूनाइटेड) को 41, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) को  4, विकासशली इंसान पार्टी  को 4 सीटें है। इसके अलावा चुनाव बाद एलजेपी, बसपा और एक निर्दलीय विधायक जेडी (यू) के साथ है। जनता दल (यू) को नवंबर 2020 में हुए चुनावों में 43 सीटें मिली थी। लेकिन तारापुर, कुशेश्वरस्थान के 2 जेडीयू विधायकों की मौत की वजह से उसकी संख्या 41 रह गई है। और इन्हीं दो स्थानों पर उप चुनाव हो रहे है।

NOV 02, 2021 07:18 IST

लालू की एंट्री करेगी कमाल या नीतीश का बरकरार रहेगा जादू

बिहार में कुशेश्वरस्थान व तारापुर विधान सभा सीटों पर उप चुनाव हुए थे। इन उप चुनावों को लालू की एंट्री ने रोचक बना दिया है। एक तरफ जहां वह दोनों सीटें जीतकर, बिहार में सत्ता में वापसी का दावा कर रहे हैं। वहीं नीतीश कुमार दोनों सीट जीतकर विपक्षी खेमे के साथ-साथ गठबंधन में भी अपने को मजबूत करना चाहते हैं। दोनों सीटें जद (यू) विधायकों की मृत्यु के बाद खाली हुईं थी।

NOV 01, 2021 21:48 IST

बिहार की दोनों सीटों पर इस बार मतदान कम हुआ  

कुशेश्वरस्थान में 49% तो तारापुर में 50.04 % वोटिंग हुई है। आम चुनाव 2020 की तुलना में दोनों सीटों पर मतदान का प्रतिशत कम रहा है। 2020 के विधानसभा चुनाव में तारापुर में 54.43%, जबकि कुशेश्वर स्थान में 55.8 फीसदी वोटिंग हुई थी।

NOV 01, 2021 21:48 IST

बिहार : विधायकों के निधन के बाद खाली हुईं दोनों सीटें

तारापुर और कुशेश्वरस्थान के विधायकों के निधन के बाद दोनों सीटें खाली हुई थी। तारापुर से विधायक मेवालाल चौधरी का निधन कोरोना से हो गया था। वहीं, कुशेश्वरस्थान के विधायक शशि भूषण हजारी का लंबी बीमारी से निधन हो गया था। दोनों विधायक जनता दल यूनाइटेड से थे।

NOV 01, 2021 21:47 IST

राजस्थान : मतगणना सुबह 8 बजे शुरू होगी

मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने बताया कि वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्र के लिए उदयपुर जिला मुख्यालय के मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय परिसर और धरियावद विधानसभा क्षेत्र के लिए प्रतापगढ़ जिला मुख्यालय के राजकीय सीनियर सेकेंडरी विद्यालय, नीमच नाका पर मतगणना सुबह आठ बजे शुरू होगी। भारत निर्वाचन आयोग ने मतगणना के दौरान कोविड प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया है। गुप्ता ने बताया कि चुनाव परिणाम की घोषणा के बाद विजयी उम्मीदवार द्वारा किसी भी प्रकार के जुलूस, रैली व समारोह की अनुमति नहीं होगी। उल्लेखनीय है कि दोनों सीटों के लिए मतदान 30 अक्टूबर को हुआ। वल्लभनगर में लगभग 71.72 प्रतिशत व धरियावद में लगभग 69.10 प्रतिशत मतदान हुआ।