LIVE

Independence Day 2021: पीएम मोदी बोले- यही समय है, सही समय है, भारत का अनमोल समय है...

75th Happy Independence Day: पूरा देश आज स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगांठ मना रहा है। देश के तमाम हिस्सों में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। अब से कुछ देर बार पीएम मोदी लालकिले की प्राचीर पर तिरंगा फहराकर एक बार फिर देश को संबोधित (PM Modi Address to Nation) कर रहे हैं। ओलंपिक खेलों में शामिल एथलीट लालकिले पर आयोजित समारोह में विशेष अतिथि हैं।

टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलटाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलUpdated Aug 15, 2021, 10:37 IST
Follow on Google News
Independence Day 2021: पीएम मोदी बोले- यही समय है, सही समय है, भारत का अनमोल समय है...

नई दिल्ली: पूरा देश आजादी के जश्न में डूबा हुआ है। 75वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देश के विभिन्न हिस्सों में रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। मुख्य कार्यक्रम राजधानी दिल्ली के लालकिला में हो रहा है जहां पीएम मोदी ध्वजारोहण करने के बाद एतिहासिक लाल किले की प्राचीर से देशवासियों को संबोधित (PM Modi Speech) कर रहे हैं। इस कार्यक्रम में इस बार ओलंपिक खेलों में हिस्सा लेने वाले एथलीट मुख्य अतिथि हैं। देश कैसे आजादी की 75वीं वर्षगांठ मना रहा है, उसकी हर लाइव अपडेट हम आपको यहां दे रहे हैं-

AUG 15, 2021 10:13 IST

सोनिया गांधी ने फहराया तिरंगा

दिल्ली: कांग्रेस पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने 75वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पार्टी मुख्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी मौजूद रहे।
AUG 15, 2021 09:34 IST

पीएम ने की यह घोषणा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को घोषणा की कि सरकार कुपोषण की समस्या से निपटने के प्रयासों के तहत मध्याह्न भोजन जैसी विभिन्न योजनाओं के जरिए गरीबों को वितरित किए जाने वाले चावल को पोषणयुक्त (फोर्टिफाइड) बनाएगी।
मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘कुपोषण और सूक्ष्म पोषक तत्वों की कमी के कारण गरीब बच्चों का विकास प्रभावित हो रहा है। इसे देखते हुए यह फैसला किया गया है कि विभिन्न सरकारी योजनाओं के जरिए गरीबों को दिए जाने वाले चावल को पोषणयुक्त बनाया जाएगा।’’

AUG 15, 2021 09:06 IST

यही समय है, सही समय है. भारत का अनमोल समय है, असंख्य भुजाओं की शक्ति है- पीएम मोदी

पीएम मोदी बोले- 21वीं सदी में भारत के सपनों और आकांक्षाओं को पूरा करने से कोई भी बाधा रोक नहीं सकती। हमारी ताकत हमारी जीवटता है, हमारी ताकत हमारी एकजुटता है। हमारी प्राणशक्ति, राष्ट्र प्रथम, सदैव प्रथम की भावना है। मैं भविष्य़दृष्टा नहीं हूं, मैं कर्म के फल पर विश्वास रखता हूं। मेरा विश्वास देश के युवाओं पर है। मेरा विश्वास देश की बहनों-बेटियों, देश के किसानों, देश के प्रोफेशनल्स पर है। ये Can Do Generation है, ये हर लक्ष्य हासिल कर सकती है।  अंत में एक कविता कहते हुए पीएम मोदी ने कहा-
यही समय है, सही समय है,
भारत का अनमोल समय है।
असंख्य भुजाओं की शक्ति है,
हर तरफ़ देश की भक्ति है,
तुम उठो तिरंगा लहरा दो,
भारत के भाग्य को फहरा दो
यही समय है, सही समय है,
 भारत का अनमोल समय है।
कुछ ऐसा नहीं जो कर ना सको,
कुछ ऐसा नहीं जो पा ना सको,
तुम उठ जाओ, तुम जुट जाओ,
सामर्थ्य को अपने पहचानो,
कर्तव्य को अपने सब जानो,
भारत का ये अनमोल समय है,
यही समय है, सही समय है

AUG 15, 2021 08:56 IST

बड़े लक्ष्य गढ़ने और उन्हें प्राप्त करने का सामर्थ्य रखता है भारत- पीएम

21वीं सदी का आज का भारत, बड़े लक्ष्य गढ़ने और उन्हें प्राप्त करने का सामर्थ्य रखता है। आज भारत उन विषयों को भी हल कर रहा है, जिनके सुलझने का दशकों से, सदियों से इंतजार था।  Article 370 को बदलने का ऐतिहासिक फैसला हो, देश को टैक्स के जाल से मुक्ति दिलाने वाली व्यवस्था- GST हो, हमारे फौजी साथियों के लिए वन रैंक वन पेंशन हो, या फिर रामजन्मभूमि केस का शांतिपूर्ण समाधान, ये सब हमने बीते कुछ वर्षों में सच होते देखा है। त्रिपुरा में दशकों बाद ब्रू रियांग समझौता होना हो, ओबीसी कमीशन को संवैधानिक दर्जा देना हो, या फिर जम्मू-कश्मीर में आजादी के बाद पहली बार हुए BDC और DDC चुनाव, भारत अपनी संकल्पशक्ति लगातार सिद्ध कर रहा है। आज दुनिया, भारत को एक नई दृष्टि से देख रही है और इस दृष्टि के दो महत्वपूर्ण पहलू हैं। एक आतंकवाद और दूसरा विस्तारवाद। भारत इन दोनों ही चुनौतियों से लड़ रहा है और सधे हुए तरीके से बड़े हिम्मत के साथ जवाब भी दे रहा है: PM

AUG 15, 2021 08:53 IST

नेशनल हाइड्रोजन मिशन का ऐलान

भारत की प्रगति के लिए, आत्मनिर्भर भारत बनाने के लिए भारत का Energy Independent होना अनिवार्य है। इसलिए आज भारत को ये संकल्प लेना होगा कि हम आजादी के 100 साल होने से पहले भारत को Energy Independent बनाएंगे। भारत आज जो भी कार्य कर रहा है, उसमें सबसे बड़ा लक्ष्य है, जो भारत को क्वांटम जंप देने वाला है- वो है ग्रीन हाइड्रोजन का क्षेत्र। मैं आज तिरंगे की साक्षी में National Hydrogen Mission की घोषणा कर रहा हूं- पीएम मोदी

AUG 15, 2021 08:48 IST

बेटियों को लेकर पीएम मोदी ने कही ये बात

आज नई शिक्षा नीति आ गई है। भाषा के बंधन के कारण कई बार टैलेंट का नुकसान हुआ है। नई शिक्षा नीति में गरीबी की लड़ाई का बहुत बड़ा शस्त्र बनकर काम करेगा.... देश ने देखा है कि खेल के मैदान में भाषा रूकावट नहीं बनी है। उसका परिणाम देखा कि युवा खेल भी रहे हैं और खिल भी रहे हैं। ऐसा ही शिक्षा नीति में भी होगा। नई शिक्षा नीति में खेल को अहम हिस्सा बनाया है... जीवन में संपूर्णता के लिए स्पोर्ट्स होना जरूरी है। अब देश में फिटनेस, स्पोर्ट्स को लेकर एक जागरूकता आई है। इस बार ओलंपिक में हमने देखा है. ये बदलाव देश के लिए बहुत बड़ा टर्निंग प्वाइंट है.. हमें अपने प्रयास और तेज करने की जरूरत है। शिक्षा हो या खेल, हर जगह हमारी बेटियां अभूतर्वपूर्व प्रदर्शन कर रही है। हमें यह सुनिश्चित करना है कि हर जगह महिलाओं की भागीदारी हो। उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नागरिकों, पुलिस को अपना संकल्प निभाना है। ये देश के लिए गौरव की बात है कि शिक्षा हो या खेल, बोर्ड्स के नतीजे हों या ओलपिंक का मेडल, हमारी बेटियां आज अभूतपूर्व प्रदर्शन कर रही हैं। आज भारत की बेटियां अपना स्पेस लेने के लिए आतुर हैं। मुझे लाखों बेटियों के संदेश मिलते थे कि वो भी सैनिक स्कूल में पढ़ना चाहती है, उनके लिए सैनिक स्कूल के दरवाजे खोले जाए। दो ढ़ाई साल पहले मिजोरम ने यह प्रयोग किया था। अब यह फैसला लिया गया है कि देश के सभी स्कूलों के द्वार बेटियों के लिए खोले जाएंगे।- पीएम मोदी

AUG 15, 2021 08:36 IST

राज्यों और विभागों से किया आग्रह

सभी विभागों, कार्यालयों, राज्यों से कह रहा हूं, कि अपने यहां यहां नियमों और कानूनों की समीक्षा का अभियान चलाइए। हमें वो हर नियम खत्म करने हैं जो लोगों के लिए बाधा बन रहे हैं। यह एक दिन में समाप्त नहीं होगा।  इसके लिए मन से काम करना होगा। मिशन कर्मयोगी , कैपिसिटी बिल्डिंग योजना की सरकार ने इसके लिए ही शुरूआत की है- पीएम मोदी

AUG 15, 2021 08:34 IST

रिफॉर्म को लेकर कही ये बात

स्टार्ट अप तेजी से बढ़ रहे हैं जो नए वेल्थ क्रियेटर हैं। ये अपने यूनिक आइडियाज से आगे बढ़ रहे हैं। इस दशक में हमें भारत के स्टार्ट अप को दुनिया में श्रेष्ठ बनाने के प्रयास करने हैं। बड़े फैसलों के लिए राजनीतिक इच्छा शक्ति चाहिए। रिफॉर्म लागू करने के लिए गुड और स्मार्ट गवर्नेंस चाहिए। दुनिया देख रही है कि भारत कैसे स्मार्ट गवर्नेंस लागू कर रहा है। देश की सुविधाएं अंतिम छोर तक पहुंचे, इसमें आने वाली अड़चनों को दूस करना होगा। पिछले सात सालों के दौरान देश के सैकड़ों पुराने कानूनों को समाप्त कर दिया गया। कोरोना काल में 15 हजार से ज्यादा कंप्लाइंस को खत्म किया। आप सोचिए 200 साल पहले, हमारे यहां एक कानून चला आ रहा है, जिसकी वजह से देश के नागरिकों को मैपिंग की स्वतंत्रता नहीं है। नक्शा बनाना है तो सरकार से पूछिए, नक्शा छापना है तो सरकार से पूछिए। आज हर फोन में मैपिंग वाला ऐप है। ऐसे कानूनों को लेकर कैसे आगे बढ़ेंगे। मैपिंग की बात हो, स्पेस की बात हो, आईटी की बात.. बहुत सारे सेक्टर में हमने बेवजह कानून समाप्त किए। ये इज ऑफ डूइंग बिजनेस के लिए जरूरी है। ये रिफॉर्म जिसे उद्योग जगत महसूस भी कर रहा है- पीएम मोदी

AUG 15, 2021 08:28 IST

आज मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को मिल रही है गति- पीएम मोदी

आज हम 3 मिलियन के मोबाइल फोन एक्सपोर्ट भी कर रहे हैं। आज जब हम, जब हमारे मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को गति मिल रही है, उसे देश के साथ ग्लोबल कंपटीशन में गति मिले, हमें ऐसे प्रयास करने हैं। देश के मैन्युफैक्चर जो प्रोडक्ट बाहर बेचते हैं, वो केवल आपका उत्पाद नहीं है बल्कि भारत का नाम, प्रतिष्ठा और भारत के करोड़ों लोगों का विश्वास जुड़ा होता है। मैं मैन्युफैक्चर को कहता हूं कि आपका उत्पाद भारत का ब्रांड अंबेसडर है। मैं उत्पादकों से कहता हूं आपका लक्ष्य ग्लोबल मार्केट में छा जाने का लक्ष्य होना चाहिए, सरकार इसमें आपका सहयोग करेगी... सरकार आपके स्टार्ट अप के साथ मजबूती से खड़ी है- पीएम मोदी

AUG 15, 2021 08:25 IST

युवाओ के लिए नई योजना लेकर आ रहे हैं- पीएम

100 लाख करोड़ से भी अधिक की योजना, लाखों के नौजवानों के लिए योजना के नए अवसर लेकर आने वाला है.. भविष्य में जितनी कठिनाइयां होंगी उन्हें हम हटाएंगे और इससे उद्योगों की गति बढ़ेगी। इससे फ्यूजर इकॉनमी के निर्माण की नई संभावनाएं भी पैदा होंगी।  विकास के पथ पर आगे बढ़ते हुए भारत को अपनी मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपोर्ट को बढ़ाना होगा। अभी कुछ दिन पहले ही अपने स्वदेशी एयरक्राफ्ट को समुद्र में उतारा है। भारत आज अपने लड़ाकू विमान, सबमरीन बना रहा है। ये स्वदेशी मैन्युफैक्चरिंग में हमारे सामर्थ्य को दिखाता है- पीएम मोदी

AUG 15, 2021 08:21 IST

स्वामित्व योजना और ढांचागत योजनाओं को लेकर पीएम ने कही ये बात

स्वामित्व योजना के तहत आज गांव-गांव, हर घर, हर जमीन की ड्रोन के जरिए मैपिंग हो रही है। गांवों की संपत्ति का डेटा ऑनलाइन अपडेट हो रहे हैं। इससे गांवों के जमीन के विवाद तो खत्म हो रहे हैं बल्कि बैंक से लोन मिलने में भी आसानी हो रही है। गांव गरीब की जमीनें विवाद का नहीं, बल्कि विकास का आधार बने, हम उस दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। विवेकानंद ने जब मां भारती का दर्शन किया तो वो कहते थे कि जहां तक हो सके अतीत की ओर देखों, पीछे जो शील नूतन झरना बह रहा है उसका जल पीओ, उसके बाद सामने की ओर देखों, आगे बढ़ों और भारत को पहले से भी ज्यादा उज्जवल, महान और श्रेष्ठ बनाओ। आजादी के 75वें वर्ष में हमारा दायित्व है कि हमें देश के सामर्थ्य पर विश्वास करना होगा। हमें मिलकर काम करना होगा... आधुनिक विश्व में प्रगति की विश्वास आधुनिक ढांचागत योजनाओं की नींव पर खड़ी होती है.. इसी बात को समझते हुए जल, थल और नभ पर असाधारण स्पीड से काम करके दिखाया है। नए वाटरवेज हो, नए रेलमार्ग हो.. हर क्षेत्र में तेजी से काम हो रहा है.. देश ने संकल्प लिया है कि आजादी के अमृत महोत्सव को 75 सप्ताह तक माने का निर्णय लिया है। इस दौरान 75 वंदे भारत ट्रेनें देश को हर कोने से जोड़ेंगी। आज देश को उड़ान योजनाएं देर- दूराज के इलाकों को जोड़ रही है- पीएम मोदी

AUG 15, 2021 08:15 IST

छोटा किसान बने देश की शान, ये हमारा संकल्प है

अब समय आ गया है कि कृषि क्षेत्रों में भी हम वैज्ञानिकों के सुझावों को कृषि क्षेत्र में लागू करें। ये देश को खाद्य सुरक्षा, अनाज, फल सब्जियों का उत्पादन करने में मदद करेंगे.. हमारे पास चुनौती है कि गांव के लोगों के पास कम होती कृषि योग्य जमीन कम होती जा रही है। देश के 80 फीसदी से ज्यादा किसान ऐसे हैं जिनके पास 2 हेक्टेयर से कम जमीन है। यानि देश का किसान एक हिसाब से छोटा किसान है। पहले देश की जो नीतियां बनीं उसमें देश के इन किसानों पर जो ध्यान देना था वो रह गया। अब इन्हीं किसानों को देखकर निर्णय लिए गए हैं। फसल बीमा योजना हो, सोलर पावर से जुड़ी योजनाएं हो, एमएसपी पर डेढ़ गुना समर्थन मूल्य हो या फिर अन्य.. आने वाले समय में ब्लॉक स्तर पर वेयर हाउस का निर्माण किया जाएगा। 10 करोड़ से अधिक किसान परिवारों के खाते में पीएम किसान सम्मान निधि की करोड़ों की राशि पहुंचाई गई। छोटा किसान बने देश की शान, ये हमारा संकल्प है। आने वाले वर्षों में हमें देश के छोटे किसानों की सामूहिक शक्ति को बढ़ाना होगा।- पीएम मोदी

AUG 15, 2021 08:09 IST

गांवों में पहुंच रहा है इंटरनेट- पीएम मोदी

कॉपरेटिव का जिक्र करते हुए उन्होंने इस क्षेत्र की संभावनाओं पर विस्तार से बताया। पीएम मोदी ने कहा- आज हम अपने गांवों को तेजी से परिवर्तित होते देख रहे हैं। बीते कुछ वर्षों  से गांवों में सड़क और बिजली पहुंचाने का काम किया है। अब गांवों में डेटा की ताकत पहुंच रहे हैं। इंटरनेट पहुंच रहा है। गांवों में हमारी सेल्फ हेल्प ग्रुप में जुड़ी 8 करोड़ से जुड़ी महिलाओं के उत्पादों को नई पहचान मिल रही है। इनके उत्पादों को विदेश में पहचान दिलाने के लिए सरकार डिजिटल ई कॉमर्स प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराएगा। इससे सरकार उन्हें विदेशों से भी जोड़ेगी।
 

AUG 15, 2021 08:06 IST

नई योजनाएं देंगी देश के विकास को रफ्तार- पीएम मोदी

21 वीं सदी के इस दशक में भारत ब्लू इकॉनमी के अपने प्रयास को रफ्तार देगा। नई संभावनाओं का पूरा लाभ उठाना है। डीप ओशन मिशन समुद्र के अंदर हमारे संकल्प को दर्शाता है। समुद्र के अंदर जो खनिज है, वो हमारे देश के विकास को नई गति प्रदान कर सकता है.. देश में 110 में आकांक्षी जिलों में शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, रोजगार से जुड़ी परियोजनाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। इन जिलों में विकास की नई राह दिखाई दे रही है. यहां विकास की नई स्पर्धा चल रही है- पीएम मोदी

AUG 15, 2021 08:03 IST

पूर्वोत्तर का किया जिक्र

आज पूर्वोत्तर में कनेक्टिविटी का नया इतिहास लिखा जा रहा है जहां दिलों के अलावा इंफ्रासटक्चर को जोड़ने का काम भी चल रहा है। आज नॉर्थ एशिया म्यांमार , बर्मा और एशिया से भी जुड़ रहा है। पूर्वोत्तर में टूरिज्म, एडवेंचर स्पोर्ट्स, हर्बल प्लांट्स की बहुत संभावनाएं है जिसमें हमें निखारना होगा। हमें यह काम अमृतकाल के कुछ दशक में ही पूरा करना है.. जम्मू हो या कश्मीर अब विकास का असर जमीन पर दिख रहा है- पीएम मोदी

AUG 15, 2021 08:00 IST

सरकार की योजनाओं का किया जिक्र

आज मेडिकल शिक्षा में सुधार किया गया और देश में मेडिकल सीटों में भी काफी बढ़ोत्तरी की गई। आयुष्मान योजना के तहत गांव गांव में क्वालिटी स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाई जा रही है। अभी तक देश में 75 हजार हेल्थ वैलनेस सेंटर बनाए जा चुके हैं। ब्लॉक स्तर पर आधुनिक स्तर की लैब सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। 21वीं सदी में भारत को नई ऊंचाई पर पहुंचाने के लिए शक्ति का पूरा इस्तेमाल जरूरी है। इसके लिए जो क्षेत्र, वर्ग पीछे हैं उनकी हैंडलिंग करनी ही होगी। दलितों, आदिवासियों, पिछड़ा वर्ग के लोगों के लिए आरक्षण सुनिश्चित किया जा रहा है। संसंद में ओबीसी पर कानून बनाकर इसका अधिकार राज्यों को दे दिया गया है। जैसे हम यह सुनिचश्चित कर हैं कि विकास में कोई व्यक्ति पीछे ना छूटे वैसे ही देश के विकास में कोई हिस्सा पीछा नहीं छूटना चाहिए। ऐसे क्षेत्रों को आगे लाने में पिछले सात वर्षों में जो प्रयास किए हैं उन्हें आगे करने में हम तेजी से प्रयास कर रहे हैं- पीएम मोदी

AUG 15, 2021 07:57 IST

खिलाड़ियों के लिए बजवाई तालियां

मैं स्वतंत्रता दिवस के इस विशेष अवसर पर सबको बधाई देता हूं। यह हमारे महान स्वतंत्रता सेनानियों को याद करने का दिन है। हमारे खिलाड़ियों के सम्मान में आइए कुछ पल तालियां बजाकर उनका सम्मान किया जाए। भारत के खेलों का सम्मान, भारत की युवा पीढ़ी का सम्मान, भारत को गौरव दिलाने वालों को सम्मान। हम आजादी का जश्न मनाते हैं, लेकिन बंटवारे का दर्द आज भी हिंदुस्तान के सीने को छलनी करता है। यह पिछली शताब्दी की सबसे बड़ी त्रासदी में से एक है। अब से 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के रूप में याद किया जाएगा। कोरोना वैश्विक महामारी में हमारे डॉक्टर, हमारे नर्सेस, हमारे पैरामेडिकल स्टाफ, सफाईकर्मी, वैक्सीन बनाने मे जुटे वैज्ञानिक हों, सेवा में जुटे नागरिक हों, वे सब भी वंदन के अधिकारी हैं: पीएम मोदी

AUG 15, 2021 07:54 IST

हमें एक नागरिक के नाते अपने को बदलना होगा- पीएम मोदी

आजादी के अमृतकाल का लक्ष्य है एक ऐसे भारत का निर्माण जहां नागरिकों के जीवन में सरकार बेवजह सरकार दखल ना दे। अमृतकाल का लक्ष्य है एक ऐसे भारत निर्माण जहां आधुनिक ढांचगत सुविधाएं हों, यही कोटि-कोटि भारतवासियों का सपना है... संकल्प तब तक अधूरा है जब तक परिश्रम और पराक्रम की पराकाष्ठा ना हो। ये संकल्प अपनी सीमाओं के पास प्रभावी योगदान के लिए है। अमृत काल 25 वर्षों का है लेकिन हमें अपने लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए इतना लंबा इंतजार नहीं करना है। हमारे पास गंवाने के लिए एक पल भी नहीं है, यही समय है, सही समय है। हमें एक नागरिक के नाते अपने को बदलना होगा। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास इसी श्रद्धा के साथ हम सब जुट चुके हैं। आज लालकिले की प्राचीर से आह्वान कर रहा हूं कि सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास  और अब सबका प्रयास हमारे लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए जरूरी है। पिछले सात साल से हर योजनाएं गरीबों के घर तक पहुंची है। आज सरकारी योजनाएं हर घर तक पहुंच रही है। आज पहले की तुलना में काफी तेजी आई है.. शत प्रतिशत गांवों में सड़क हो, शत प्रतिशत को उज्जवला, आयुष्मान योजना तथा अन्य योजनाओं से पात्र लोगों को जोड़ना है। शत प्रतिशत हमारा लक्ष्य है- पीएम मोदी

AUG 15, 2021 07:42 IST

पीएम ने दी आजादी के नायकों को श्रद्धांजलि

अपने संबोधन के की शुरूआत करते हुए पीएम मोदी ने कहा, 'आजादी का अमृत महोत्सव, 75वें स्वतंत्रता दिवस पर आप सभी को और विश्वभर में भारत को प्रेम करने वाले, लोकतंत्र को प्रेम करने वाले सभी को बहुत-बहुत शुभकामनाएं।' इस अवसर पर उन्होंने देश के तमाम स्वतंत्रता सेनानियों सो श्रद्धांजलि अर्पित की।

AUG 15, 2021 07:32 IST

पीएम मोदी ने किया ध्वजारोहण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लालकिले की प्राचीर पर ध्वजारोहण कर दिया है। इस मौके

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लालकिले की प्राचीर पर ध्वजारोहण कर दिया है। इस मौके पर तोपों की सलामी दी गई।  इस मौके पर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह सहित तमाम केंद्रीय मंत्री मौजूद हैं। टोक्यो ओलंपिक में भाग लेने वाले खिलाड़ी इस बार विशेष अतिथि हैं। 

AUG 15, 2021 07:26 IST

लालकिले पर पहुंचे पीएम मोदी

पीएम मोदी लालकिले पर पहुंच चुके हैं और अब से कुछ देर बाद वह यहां तिरंगा फहराएंगे। इसके बाद पीएम मोदी ऐतिहासिक लालकिले के प्राचीर से देशवासियों को संबोधित करेंगे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तथा रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने यहां पीएम मोदी की अगवानी की।
AUG 15, 2021 07:19 IST

पीएम मोदी ने अर्पित की श्रद्धांजलि

पीएम मोदी ने लालकिले पर जाने से पहले राजघाट पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। जिसके बाद वह लालकिले पर पहुंचे
AUG 15, 2021 07:15 IST

तिरंगे में सजा नजर आया शिवलिंग

तिरंगे में सजा नजर आया शिवलिंग
Photo Credit: एजेंसी
तिरंगे में सजा नजर आया शिवलिंग
उत्तराखंड: ऋषिकेश के चंद्रेश्वर महादेव मंदिर में 'शिवलिंग' को तिरंगे के रंगों से सजाया गया है। शिवलिंग को केसरिया, सफेद रंग के फूलों के अलावा हरे रंग की पत्तियों से सजाया गया है। यह पहली बार नहीं है जब इस तरह मंदिर को सजाया गया हो, इससे पहले भी गणतंत्र और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शिवलिंग को इसी तरह सजाया गया था।
AUG 15, 2021 07:05 IST

रक्षा मंत्री ने फहराया तिरंगा

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दिल्ली स्थित अपने आवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस मौके पर तिरंगे को सलामी दी गई।
AUG 15, 2021 06:45 IST

राजघाट जाकर बापू को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री अब से कुछ देर बाद लगातार आठवीं बार लाल किले की प्राचीर पर तिरंगा फहराएंगे और वहां से देशवासियों को संबोधित करेंगे। इससे पहले वह राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि राजघाट जाएंगे और बापू को नमन भी करेंगे। देश आज अपना 75वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। आज ही के दिन भारत को अंग्रेजी हुकूमत से आजादी मिली थी। इस 75वें सालगिरह को सरकार आजादी के अमृत महोत्सव के रूप में मना रही है।

AUG 15, 2021 06:32 IST

लालकिले पर पूरी हुईं तैयारियां

भारत की आजादी की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर राजधानी के लाल किले पर राष्ट्रीय ध्वजारोहण समारोह की तैयारी चल रही है। यहां की कुछ शानदार तस्वीरें आप भी देखिए
AUG 15, 2021 06:29 IST

एथलीट हुए रवाना

 लालकिले पर झंडारोहण समारोह में भाग लेने के लिए ओलिंपिक खेलों में शामिल हुए खिलाड़ी दिल्ली के अशोका होटल से निकल चुके हैं। ये सभी खिलाड़ी इस बार कार्यक्रम में विशेष अतिथि हैं।
AUG 15, 2021 06:27 IST

पीएम मोदी ने दी देशवासियों को बधाई

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर देशवासियों को बधाई देते हुए कहा, 'आप सभी को 75वें स्वतंत्रता दिवस की बहुत-बहुत बधाई। आजादी के अमृत महोत्सव का यह वर्ष देशवासियों में नई ऊर्जा और नवचेतना का संचार करे। जय हिंद! '