LIVE

Farmers Protest: पांचवें दौर की बातचीत पर नजर, वार्ता से पहले किसानों के तेवर सख्त

Farmers Protest : सरकार और किसानों के प्रतिनिधिमंडलों के बीच शनिवार को बातचीत होनी है। लेकिन किसान संगठनों से पीएम मोदी के पुतले को जलाने का फैसला किया है। किसानों का स्पष्ट तौर पर कहना है कि वो सरकार के संशोधन प्रस्ताव पर विचार नहीं करेंगे, बेहतर होगा कि तीनों कानूनों को वापस लिया जाए।

टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलटाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलUpdated Dec 4, 2020, 23:51 IST
Follow on Google News
Farmers Protest: पांचवें दौर की बातचीत पर नजर, वार्ता से पहले किसानों के तेवर सख्त
Photo Credit: PTI

विज्ञान भवन में गुरुवार को  किसानों के प्रतिनिधिमंडलों एवं कृषि मंत्री के बीच करीब सात घंटे तक बैठक चली थी। बैठक के बाद कृषि मंत्री ने कहा, 'बातचीत सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई। किसान नेताओं ने कृषि कानूनों पर अपनी आपत्तियां रखीं। जबकि सरकार ने अपना नजरिया रखा।' किसानों का आशंका है कि नए कृषि कानूनों के लागू हो जाने के बाद सरकार समर्थित मंडिया धीरे-धीरे खत्म हो जाएंगी। 

DEC 04, 2020 23:38 IST

गाजीपुर बॉर्डर पर गाजियाबाद से दिल्ली के लिए यातायात बंद

किसानों के विरोध के कारण एनएच 24 पर गाजीपुर की सीमा गाजियाबाद से दिल्ली तक यातायात के लिए बंद है। लोगों को सलाह दी जाती है कि वे दिल्ली आने के लिए NH 24 से बचें और दिल्ली आने के लिए अप्सरा / भोपुरा / DND का उपयोग करें।

DEC 04, 2020 18:09 IST

पांच दिसंबर को पीएम मोदी के पुतले जलाने का आह्वान

भारतीय किसान यूनियन (BKU-Lakhowal) के महासचिव, एचएस लखोवाल ने सिंघू बॉर्डर पर कहा कि गुरुवार को हमने सरकार से कहा कि कृषि कानूनों को वापस लिया जाना चाहिए। 5 दिसंबर को देशभर में पीएम मोदी के पुतले जलाए जाएंगे। हमने 8 दिसंबर को भारत बंद का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि किसानों के खिलाफ दमनकारी नीति बर्दाश्त नहीं है। किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि तीनों कृषि कानूनों के विरोध में 8 दिसंबर को एक दिवसीय भारत बंद का आह्वान किया गया है। सरकार द्वारा बुलाई गई बैठक में कल वो हिस्सा लेंगे।

DEC 04, 2020 17:58 IST

कृषि कानून के खिलाफ विरोध को और बढ़ाने की जरूरत

सिंघू बॉर्डर पर अखिल भारतीय किसान सभा के महासचिव हन्ना मोल्लाह ने कहा कि हमें इस विरोध को आगे बढ़ाने की जरूरत है। सरकार को कृषि कानूनों को वापस लेना होगा। उन्होंने कहा कि कोई भी सरकार जो किसान विरोधी होगी उसके विरोध का हक है। किसानों के नैसर्गिक अधिकार को कोई रोक नहीं सकता है। 

DEC 04, 2020 16:57 IST

किसानों को बार्डर से हटाने के लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर

ओम प्रकाश परिहार नाम के याची ने किसानों को दिल्ली बॉर्डर से हटाने के लिए सुप्रीम कोर्ट ने याचिका दायर की है। उन्होंने कहा कि दिल्ली-एनसीआर के सीमावर्ती इलाकों से आंदोलनरत किसानों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए जाएं। कोविड 19 को देखते हुए अदालत को इस मामले पर तत्काल ध्यान देने की जरूरत है।

DEC 04, 2020 15:03 IST

किसानों के अधिकारों को कॉर्पोरेट घरानों को बेच रही सरकार: टीएमसी 

तृणमूल कांग्रेस ने नए कृषि कानूनों को 'क्रूर' बताते हुए शुक्रवार को आरोप लगाया कि संबंधित पक्षों से मशविरा किए बिना इन्हें पारित किया गया और भाजपा किसानों के अधिकारों को कॉर्पोरेट घरानों को बेच रही है। पार्टी सूत्रों ने बताया कि तृणमूल कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही हरियाणा में प्रदर्शन कर रहे किसानों से मुलाकात करेगा। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सिंगूर में ‘बलपूर्वक’ भूमि अधिग्रहण के खिलाफ 2006 में 26 दिनों की अपनी भूख हड़ताल का हवाला देते हुए नए कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलनरत किसानों को अपना समर्थन दिया।
 

DEC 04, 2020 15:02 IST

किसानों से मिले टीएमसी सांसद डेरेक

तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद डेरेक ओ ब्रायन सिंघू बॉर्डर जाकर आंदोलन कर रहे किसानों से मुलाकात की। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने फोन पर किसानों से बातचीत की।
DEC 04, 2020 13:19 IST

सिंघू बॉर्डर जाएंगे सत्येंद्र जैन

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन दिल्ली को हरियाणा से जोड़ने वाले सिंघु बॉर्डर पर जाएंगे। जैन यहां किसानों के लिए बनाई गई सुविधाओं का जायजा लेंगे। सिंघू बॉर्डर पर एक किसान ने कहा, 'कानूनों को संबंध में हमारी चिंताओं को सुनने और इसकी खामियों को देखने में सरकार को सात महीने का समय लगा।'

DEC 04, 2020 11:51 IST

किसानों ने यातायात बाधित किया : पुलिस

गाजियाबाद के पुलिस अधीक्षक ने टाइम्स नाउ से बातचीत में कहा कि किसानों ने दिल्ली की तरफ जाने वाले सड़क को अवरूद्ध कर दिया है। हम उनसे अनुरोध करते हैं कि वे यातायात को बहाल होने दें। सड़क पर एंबुलेंस हैं जिन्हें आगे जाने देने की जरूरत है। 

DEC 04, 2020 10:48 IST

'बस लोगों को दिखाने के लिए सरकार कर रही बातचीत'

दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर प्रदर्शनकार कर रहे एक किसान ने टाइम्स नाउ से बातचीत में कहा कि गुरुवार को सरकार के साथ हुई बातचीत में समस्या का कोई हल नहीं निकला। केवल लोगों को दिखाने के लिए सरकार बातचीत कर रही है।
DEC 04, 2020 10:02 IST

किसानों की बातें सुने सरकार-अभिनेता कार्ति

अभिनेता कार्ति ने सरकार से किसानों की मांगों पर गौर करने का अनुरोध किया है। सरकार को लिखे पत्र में उन्होंने प्रदर्शन तत्काल खत्म कराने के लिए कदम उठाने की बात कही है। अभिनेता ने लिखा है कि दिल्ली में हो रहा प्रदर्शन एक ऐतिहासिक घटना है और इसमें महिलाओं की भागीदारी है। सरकार को उनकी मांगों को जरूर सुनना चाहिए।

DEC 04, 2020 09:26 IST

दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर दवाएं बांटीं

सिविलियन वेलफेयर चैरिटेबल ट्रस्ट के सदस्यों ने दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर पर धरना-प्रदर्शन कर रहे किसानों के बीच दवाओं का वितरण किया। ट्रस्ट के एक सदस्य ने कहा, 'किसी तरह की इमरजेंसी होने पर हमारे किसान भाई इन दवाओं का इस्तेमाल कर सकते हैं।'
DEC 04, 2020 08:42 IST

पंजाबी विद्वानों ने सम्मान लौटाए

किसानों के समर्थन में सिरमौर शायर डॉक्टर मोहनजीत, डॉ. जसविंदर सिंह एवं संपादक स्वराजबीर सहित अन्य विजेताओं ने अपने भारतीय साहित्य अकादमी पुरस्कार लौटा दिए हैं।
DEC 04, 2020 08:24 IST

किसानों के प्रदर्शन के समर्थन में जयपुर-दिल्ली राजमार्ग किया जाम

नए कृषि कानूनों के खिलाफ राष्ट्रीय राजधानी में किसानों के जारी आंदोलन का समर्थन करते हुए, अखिल भारतीय किसान संघर्ष समिति ने गुरुवार को जयपुर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग को दो घंटे के लिए अवरुद्ध कर दिया। समिति द्वारा जारी एक प्रेस नोट में कहा गया, "भाजपा-आरएसएस संचालित मोदी सरकार की किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ नारे लगाए गए।" राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक सभा बुलाई गई थी, जिसमें सीपीआई नेताओं ने कहा था कि मोदी सरकार न केवल 'किसान विरोधी' और 'मजदूर विरोधी' है बल्कि 'जनविरोधी' भी है।नेताओं ने कहा, "मोदी सरकार केवल उद्योगपतियों के बारे में चिंता है और आम लोगों के बारे में नहीं है, यदि केंद्र अपने किसान विरोधी कानूनों को वापस लेने में विफल रहता है, तो बड़े पैमाने पर लड़ाई शुरू की जाएगी।"

DEC 04, 2020 08:24 IST

सिंघू बॉर्डर पहुंचा निहंग सिखों का समूह

पंजाब के निहंग सिखों का एक जत्था दिल्ली के सिंघू बॉर्डर पर केंद्र के कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसानों के साथ बृहस्पतिवार को जुड़ गया। शिरोमणि बुड्ढा दल के जत्थेदार लाल सिंह ने कहा कि और निहंग सिख सिंघू बॉर्डर पर किसानों के प्रदर्शन में शामिल होंगे और राज्य के अलग-अलग भागों से वे आ रहे हैं। सिंह ने कहा कि निहंग अपने साथ करीब 250 घोड़े भी लाए हैं।राष्ट्रीय राजधानी के सिंघू और टिकरी बॉर्डर पर हजारों किसान नए कृषि कानूनों का विरोध कर रहे हैं। निहंग सिख भी उनके साथ शामिल हो गए। सेवादार रंजीत सिंह ने कहा, कई जत्थे रास्ते में है। हम आज सिंघू बॉर्डर पर पहुंच गए। हमने जत्था के प्रमुखों से किसानों के समर्थन में सिंघू बॉर्डर की तरफ आने को कहा है।

DEC 04, 2020 08:24 IST

किसानों के समर्थन में पंजाबी गायकों ने बनाए गीत

दिल्ली की सीमा पर कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसानों का, पंजाबी गायक अपने लुभावने गीतों के साथ समर्थन कर रहे हैं। इन्ही में से एक गीत के बोल हैं 'मुड़दे नी लेये बिना हक, दिल्लिये' यानी दिल्ली हम अपना हक लिए बिना वापस नहीं लौटेंगे। इससे पंजाबी किसानों का नए कानूनों को रद्द करने की मांगों के प्रति दृढ़ निश्चय झलक रहा है। किसानों के संघर्ष पर बने ये गीत सिंघु और टीकरी बॉर्डर पर प्रदर्शनकारी किसानों में खासा पसंद किए जा रहे हैं। पिछले कई महीनों से किसानों के विरोध प्रदर्शन का समर्थन कर रहे जाने-माने पंजाबी गायक और अभिनेता हरभजन मान ने कहा कि वह बुधवार को वह एक नया गाना लेकर आए थे।