LIVE

Farmers Protest : किसानों को दिल्ली आने से रोकने के लिए हरियाणा सरकार के कड़े सुरक्षा इंतजाम

हरियाणा पुलिस ने गुरुवार को पंजाब के किसानों के एक समूह को तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछारें की और आंसू गैस का इस्तेमाल किया। ये किसान केन्द्र के कृषि कानूनों के खिलाफ प्रस्तावित ‘दिल्ली चलो’ मार्च के तहत कथित तौर पर पुलिस अवरोधक लांघ कर हरियाणा में दाखिल होने की कोशिश कर रहे थे।

टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलटाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलUpdated Nov 26, 2020, 22:35 IST
Follow on Google News
Farmers Protest : किसानों को दिल्ली आने से रोकने के लिए हरियाणा सरकार के कड़े सुरक्षा इंतजाम

नई दिल्ली: दिल्ली में आज किसानों को विशाल प्रदर्शन प्रस्तावित है। अंबाला के राष्ट्रीय राजमार्ग पर शंभू अंतरराज्यीय सीमा पर स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है, जहां किसानों ने घग्गर नदी में पुलिस बैरिकेड को फेंक दिया। केंद्र सरकार द्वारा लाए नए कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के ‘दिल्ली चलो मार्च’ को देखते हुए हरियाणा ने पंजाब के साथ लगी अपनी सीमा को सील कर दिया है। किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली मेट्रो ने भी अपनी कुछ लाइन्स पर अपनी सेवाएं स्थगित कर दी हैं। आज  दोपहर 2 बजे तक दिल्ली से नोएडा, फरीदाबाद, गाजियाबाद और गुरुग्राम तक मेट्रो सेवाओं पर ब्रेक रहेगी। जानिए किसानों के प्रदर्शन से जुड़ा हर ताजा अपडेट-

NOV 26, 2020 22:30 IST

हरियाणा सरकार ने दिल्ली करनाल हाइवे पर खोद दी सड़कें

किसान आंदोलन प्रदर्शनकारियों को दिल्ली में प्रवेश से रोकने के लिए हरियाणा सरकार ने कड़े इंतजाम किए हैं, इसके लिए दिल्ली करनाल हाइवे पर गनौर के पास सड़कों को खोद दिया गया है।हरियाणा राज्य की सारी सीमाओं को सील करते हुए यहां सख्त सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।पानीपत टोल प्लाजा पर पड़ाव 'दिल्ली चलो' के विरोध के तहत किसान दिल्ली की ओर बढ़ रहे हैं उन्हें रोका जा रहा है,एक प्रदर्शनकारी ने कहा- 'क्या हम आतंकवादी हैं कि हमें राष्ट्रीय राजधानी में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जा रही है यह लोकतंत्र की मृत्यु है।'
NOV 26, 2020 17:28 IST

किसानों ने अंबाला, करनाल और कुरुक्षेत्र में खासा हंगामा खड़ा कर दिया

उग्र हुए किसानों ने अंबाला, करनाल और कुरुक्षेत्र में खासा हंगामा खड़ा कर दिया है, किसानों को काबू करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन और आंसू गैस का भी इस्तेमाल किया है वहीं केंद्र सरकार ने किसानों को वार्ता का न्योता दिया है। केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने गुरुवार को कहा कि नए कानून बनाना समय की आवश्यकता थी। पंजाब में हमारे किसान भाई-बहनों को कुछ भ्रम है, हमने भ्रम दूर करने के लिए सचिव स्तर पर वार्ता की। मैंने 3 दिसंबर को सभी किसान यूनियन को पुन: बैठक के लिए अनुरोध किया है।
NOV 26, 2020 17:11 IST

प्रकाश सिंह बादल कैप्टन अमरिंदर से बोले- प्रधानमंत्री से मिलकर प्रेशर बनाए कैप्टन

शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने कहा है कि कैप्टन को वहां जाकर आंदोलन करने की जरूरत है, लेकिन वो चुप होकर बैठे हैं और पानी की बौछारों का सामना करने के लिए किसानों को सड़कों पर लगा दिया है, उन्हें प्रधानमंत्री और कृषि मंत्री के साथ मिलकर प्रेशर बनाना चाहिए उनके मन में एक बात है जिसके चलते वो पॉलिटिकल झंडे के नीचे कैंपेन शुरू नहीं करना चाहते।

NOV 26, 2020 16:48 IST

हरियाणा सीएम खट्टर बोले अगर MSP पर दिक्कत आई तो छोड़ देंगे राजनीति

कैप्टन ने बीजेपी की सरकार पर किसानों के खिलाफ हथियार उठाने का आरोप लगाया है इसपर हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर ने भी उनके आरोपों पर जवाब देते हुए कहा कि वो तीन दिनों से पंजाब सरकार से बात करने की कोशिश कर रहे हैं। सीएम खट्टर ने यह भी कहा कि अगर न्यूनतम समर्थन मूल्य पर दिक्कत आई तो वो खुद राजनीति छोड़ देंगे। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने गुरुवार को बीजेपी से ट्विटर पर अपील करते हुए कहा कि वो अपनी राज्य सरकार को किसानों के खिलाफ हथियारों के इस्तेमाल की नीति छोड़ने को कहे। जो किसान देश को अन्न देते हैं, उनकी बात सुनने की जरूरत है, ना कि उन्हें किनारे कर देने की। ये दु:खद है कि संविधान दिवस के दिन किसानों के संवैधानिक अधिकारों को इस तरह से कुचला जा रहा है।
NOV 26, 2020 15:57 IST

 गुरुग्राम-दिल्ली रोड पर लगा भीषण जाम

किसानों के प्रदर्शन के कारण दिल्ली गुरुग्राम बॉर्डर पर भीषण जाम लग गया है। दिल्ली पुलिस ने किसानों द्वारा 'दिल्ली चलो' विरोध मार्च के मद्देनजर राष्ट्रीय राजधानी के सीमावर्ती क्षेत्रों में अपनी निगरानी सख्त कर दी। किसानों के मार्च को देखते हुए दिल्ली मेट्रो ट्रेनें बृहस्पतिवार को दोपहर दो बजे तक पड़ोसी शहरों से राष्ट्रीय राजधानी की सीमाओं को पार नहीं करेंगी।
NOV 26, 2020 15:21 IST

किसानों को रोकने को लेकर अमरिंदर ने खट्टर पर साधा निशाना


पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने बृहस्पतिवार को दिल्ली की ओर मार्च कर रहे किसानों को रोकने के लिए भाजपा नीत हरियाणा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके खिलाफ ‘कठोर बल’ का इस्तेमाल ‘पूरी तरह अलोकतांत्रिक और असंवैधानिक’ है। पंजाब के किसानों को केन्द्र के कृषि संबंधी कानूनों के खिलाफ प्रस्तावित ‘दिल्ली चलो’ मार्च के लिए हरियाणा से लगी सीमाओं के पास इकट्ठा होता देख, हरियाणा ने पंजाब से लगी अपनी सभी सीमाओं को पूरी तरह सील कर दिया है।

NOV 26, 2020 15:12 IST

सरकार ने की बातचीत की पेशकश

केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने किसानों के सामने बातचीत की पेशकश रखी है। उन्होंने कहा, 'मैं अपने किसान भाइयों से अपील करना चाहता हूं कि वे आंदोलन न करें। हम मुद्दों के बारे में बात करने और मतभेदों को सुलझाने के लिए तैयार हैं। मुझे यकीन है कि हमारे संवाद का सकारात्मक हल निकलेगा। नए कृषि कानून समय की आवश्यकता थी। आने वाले समय में यह क्रांतिकारी बदलाव लाने वाले हैं। हमने पंजाब में सचिव स्तर पर अपने किसान भाइयों की गलत धारणाओं को दूर करने के लिए बात की है। हम 3 दिसंबर को बात करेंगे।'

NOV 26, 2020 14:55 IST

करनाल में किसानों पर वाटर कैनन का इस्तेमाल

हरियाणा: कृषि कानूनों के विरोध में दिल्ली कूच कर रहे किसानों पर करनाल में वॉटर कैनन का इस्तेमाल कर उन्हें तितर-बितर करने की कोशिश की जा रही है। बड़ी संख्या में किसान दिल्ली कूच की तैयारी कर रहे हैं और ऐसे में दिल्ली से सटी सभी सीमाओं को सील कर दिया गया है और सभी जगहो पर धारा 144 लगा दी गई है। वहीं हरियाणा के अंबाला में भी किसानों और पुलिस के बीच झड़प की खबर सामने आई है।

NOV 26, 2020 14:29 IST

प्रियंका बोलीं- किसानों से सबकु छीना जा रहा है

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट करते हुए कहा, 'किसानों से समर्थन मूल्य छीनने वाले कानून के विरोध में किसान की आवाज सुनने की बजाय भाजपा सरकार उन पर भारी ठंड में पानी की बौछार मारती है।किसानों से सबकुछ छीना जा रहा है और पूंजीपतियों को थाल में सजा कर बैंक, कर्जमाफी, एयरपोर्ट रेलवे स्टेशन बांटे जा रहे हैं।'
NOV 26, 2020 13:55 IST

पहले ही अनुरोध ठुकरा चुकी है पुलिस

इससे पहले दिल्ली पुलिस ने 26 और 27 नवंबर को केंद्र के नए कृषि कानूनों के खिलाफ राष्ट्रीय राजधानी में विरोध प्रदर्शन करने के विभिन्न किसान संगठनों के अनुरोधों को अस्वीकार कर दिया था। पुलिस ने मंगलवार को कहा था कि अगर वे कोविड-19 महामारी के बीच किसी भी सभा के लिए शहर में आते हैं तो विरोध करने वाले किसानों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

NOV 26, 2020 13:41 IST

वाहनों की सघन चैंकिंग


पुलिस उपायुक्त (पूर्व) जसमीत सिंह ने बताया, 'हमारा मुख्य ध्यान गाजीपुर सीमा, चिल्ला सीमा और डीएनडी पर होगा। वहां पहले से ही पुलिस कर्मियों की भारी तैनाती है और चौबीसों घंटे जांच होगी। अर्धसैनिक बलों को भी तैनात किया गया है। पुलिस जिले की अन्य छोटी सीमाओं की भी जांच करेगी।' पुलिस ने बताया कि सभी सीमाओं पर पुलिस को सक्रिय कर दिया गया है

NOV 26, 2020 13:07 IST

दिल्ली के सीमावर्ती इलाकों में निगरानी बढ़ी


दिल्ली पुलिस ने बृहस्पतिवार को केंद्र के नए कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों द्वारा 'दिल्ली चलो' विरोध मार्च के मद्देनजर राष्ट्रीय राजधानी के सीमावर्ती क्षेत्रों में अपनी निगरानी सख्त कर दी। पुलिस ने कहा कि सिंघू सीमा पर दिल्ली पुलिस ने किसानों द्वारा संचालित ट्रैक्टरों की आवाजाही रोकने के लिए रेत से भरे ट्रकों को तैनात किया है। यह पहला मौका है जब शहर की पुलिस ने सीमा पर रेत से भरे ट्रकों को तैनात किया है।

NOV 26, 2020 12:29 IST

किसानों पर पुलिस ने की पानी की बौछार


पंजाब के साथ लगी शंभू अंतरराज्यीय सीमा पर हरियाणा पुलिस के अधिकारियों ने ‘लाउड स्पीकर’ का इस्तेमाल किया और किसानों को पंजाब की ओर ही इकट्ठा होने को कहा। उनमें से कुछ अवरोधक लांघने की कोशिश कर रहे थे। राष्ट्रीय राजमार्ग पर शंभू अंतरराज्यीय सीमा पर स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है, जहां किसानों ने घग्गर नदी में पुलिस बैरिकेड को फेंक दिया। कई किसान हाथ में काले झंडे लिए भी नजर आए। किसानों के एक समूह को तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछारें की और आंसू गैस का इस्तेमाल किया। 

NOV 26, 2020 12:07 IST

अंबाला बॉर्डर पर किसानों ने की पुलिस पर पत्थरबाजी

दिल्ली कूच कर रहे किसानों का प्रदर्शन अंबाला-पटियाला बॉर्डर पर आक्रामक हो गया है। किसानों द्वारा की जा रही पत्थरबाजी के बाद पुलिस ने भी आंसूगैस के गोले छोड़े।. यहां किसानों ने बैरिकेडिंग को उखाड़ फेंका है। पुलिस ने दो मिट्टी के भरे ट्रक वहां लगाए थे जिसे किसान हटाने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने पूरे इलाके में धारा 144 लगाई है।
NOV 26, 2020 11:37 IST

रोहतक की सीमा पर भारी पुलिस बल तैनात

किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए हरियाणा के रोहतक स्थित बॉर्डर पर भारी सुरक्षाकर्मियोंको तैनात किया गया है। पूरे क्षेत्र में धारा 144 लगा दी गई है और पूरी सीमाओं पर एक तरह से किलेबंदी कर दी गई है। पुलिस ने हरियाणा के लगभग 100 किसान नेताओं को एहतियात के तौर पर हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुमान के मुताबिक दोनों राज्यों के लगभग 3 लाख किसान 'दिल्ली चलो' आंदोलन के तहत दिल्ली पहुंचने के लिए तैयार हैं।
NOV 26, 2020 10:54 IST

सीमा पर एकत्र हुए हजारों किसान

बढ़ते तनाव के बीच पंजाब में हरियाणा की सीमा पर विभिन्न जगहों पर गुरुवार को हजारों प्रदर्शनकारी किसान रात भर बारिश और सर्द हवाओं का सामना करते हुए इकट्ठा हुए। केंद्र के 3 कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे ये लोग 'दिल्ली चलो' के तहत राष्ट्रीय राजधानी की ओर बढ़ रहे थे जिन्हें हरियाणा पुलिस ने सीमा पर रोक लिया है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए रैपिड एक्शन फोर्स समेत पुलिस की एक बड़ी टुकड़ी को तैनात किया गया है 

NOV 26, 2020 10:24 IST

पंजाब से दिल्ली की तरफ कूच कर रहे हैं किसान

केंद्र द्वारा पारित कृषि कानूनों के विरोध में पंजाब के फतेहगढ़ साहिब के किसान दिल्ली की ओर बढ़ रहे हैं। किसानों को दिल्ली में नहीं प्रवेश करने देने को लेकर हरियाणा से सटे पंजाब के बॉर्डर सील कर दिए गए हैं वहीं दि्लली पुलिस ने भी हरियाणा की सीमाओं की सील कर दिया है।
NOV 26, 2020 09:47 IST

गुरुग्राम पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

गुरुग्राम पुलिस ने बुधवार को एडवाइजरी जारी की है। गुरुग्राम पुलिस के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी), सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) और स्टेशन हाउस अधिकारी (एसएचओ) सहित पर्यवेक्षी अधिकारियों को वहां तैनात किया गया है। इन प्रवेश बिंदुओं पर 500 से अधिक पुलिस कर्मचारी तैनात किए गए हैं।

NOV 26, 2020 09:14 IST

बॉर्डर पर भारी पुलिसबल तैनात

किसानों के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली हरियाणा बार्डर पर भारी पुलिसबल तैनात कर दिया गया है और ड्रोन से निगरानी की जा रही है।  दिल्ली पुलिस की तरफ से भी किसानों को साफ कह दिया गया है कि वे किसी भी प्रकार के विरोध प्रदर्शन में शामिल न हों। यदि किसान दूसरे राज्यों से दिल्ली आए तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

NOV 26, 2020 08:14 IST

सीमाओं पर बढ़ाई गई सुरक्षा

किसानों के दिल्ली में मार्च को लेकर राजधानी की सीमाओं पर बढ़ाई गई सुरक्षा। फरीदाबाद बॉर्डर पर मुस्तैद है पुलिस। फरीदाबाद पुलिस का कहना है, 'हमारे पास स्पष्ट निर्देश हैं कि भारतीय किसान यूनियन के किसी भी सदस्य को आज और कल दिल्ली में प्रवेश न करने दें। सभी महत्वपूर्ण प्रवेश बिंदुओं पर पुलिस की टीमें तैनात हैं।'

NOV 26, 2020 07:52 IST

किसानों के समर्थन में आई कांग्रेस

इसबीच हरियाणा कांग्रेस की अध्यक्ष कुमारी शैलजा ने बुधवार को कहा कि कांग्रेस किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा नीत सरकार किसानों की आवाज को दबाना चाहती है और केन्द्र के कृषि विरोधी कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन करने से उन्हें रोकना चाहती है।

NOV 26, 2020 07:25 IST

फरीदाबाद में धारा 144 लागू

दिल्ली के बदरपुर बॉर्डर, थाना पल्ला क्षेत्र से जैतपुर बॉर्डर, सूरजकुंड शूटिंग रेंज बॉर्डर, फरीदाबाद से गुरुग्राम रोड पर मागरं से दिल्ली प्रवेश करने वाले रास्ते के अलावा पलवल की तरफ से फरीदाबाद आने वाले रास्ते के सीकरी सीमा पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। किसान आंदोलन के मद्देनजर फरीदाबाद के जि़लाधीश यशपाल यादव ने जिले में धारा-144 लागू कर दी है।
 

NOV 26, 2020 07:03 IST

फरीदाबाद-दिल्ली बॉर्डर भी सील

किसानों के विशाल प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली फरीदाबाद सीमा पर भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।सब इन्स्पेक्टर पृथ्वीराज मीणा ने बताया, 'सीआरपीएफ की तीन टीमें, दो से तीन थानों की पुलिस और होमगार्ड के जवान यहां मौजूद हैं। वरिष्ठ अधिकारी भी लगातार चक्कर लगा रहे हैं। वाहनों को चेक किया जा रहा है।'
NOV 26, 2020 06:52 IST

नोएडा-गुरुग्राम नहीं जाएगी मेट्रो

किसानों का दिल्ली में प्रवेश रोकने के लिए मेट्रो ने भी अपने समय में बदलाव किया है।  दोपहर 2 बजे तक दिल्ली से नोएडा, फरीदाबाद, गाजियाबाद और गुरुग्राम तक मेट्रो सेवाओं पर ब्रेक रहेगी। समयपुर बादली से सुल्तानपुर और गुरु द्रोणाचार्य से हुडा सिटी सेंटर के बीच नियमित सेवाएं चलती रहेंगी जबकि सुल्तानपुर से गुरु द्रोणाचार्य सेक्शन के बीच दोपहर 2 बजे तक मेट्रो सेवा उपलब्ध नहीं रहेगी। दिलशाद गार्डन से मेजर मोहित शर्मा राजेंद्र नगर सेक्शन में सुबह से लेकर दोपहर 2 बजे तक मेट्रो सेवा उपलब्ध नहीं होगी। बदरपुर बॉर्डर से मेवाला महाराजपुर सेक्शन पर दोपहर 2 बजे तक मेट्रो सर्विस नहीं चलेगी।
NOV 26, 2020 06:49 IST

किसानों ने ट्रैक्टर में किया राशन पानी का पूरा इंतजाम

किसानों के ट्रैक्टर पर राशन, पानी सहित सभी इंतजाम दिख रहे हैं। सर्दी के इस मौसम में वे अपनी ट्रैक्टर ट्रॉली में या फिर सड़कों के किनारे अस्थाई तंबू लगाकर रहेंगे। करनाल के पुलिस अधीक्षक गंगाराम पूनिया ने पत्रकारों से कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए और किसानों के प्रदर्शन मार्च के मद्देनजर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। हरियाणा पुलिस विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी करा रही है।

NOV 26, 2020 06:48 IST

हरियाणा ने निलंबित की पंजाब में बस सेवा

हरियाणा ने किसानों के ‘दिल्ली चलो मार्च’ के मद्देनजर पंजाब के साथ अपनी बस सेवा बुधवार से तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दी है। हरियाणा के परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने पीटीआई को बताया, ‘हमने पंजाब के लिए रोडवेज सेवा अगले दो दिन के लिए निलंबित कर दी है।’अधिकारियों ने बताया कि इसबीच बुधवार की शाम चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग ने भी किसानों के ‘दिल्ली चलो’ मार्च के मद्देनजर अगले दो दिन के लिए हरियाणा की अपनी बस सेवा निलंबित कर दी है।